जब एक अप्सरा बनी दो भाइयों की दुश्मनी की वजह, ब्रह्मा जी के वरदान के बाद भी हुआ ऐसा अंत
सुंद और उपसुंद दो असुर भाइयों की एकता से देवता भी डरते थे। ब्रह्मा जी के वरदान के बाद भी एक अप्सरा तिलोत्तमा के कारण दोनों में दुश्मनी हो गई। जानिए कैसे एक अप्सरा बनी दोनों भाइयों के विनाश की वजह और इस कथा से क्या मिलती है सीख।

जब अप्सरा तिलोत्तमा बनी सुंद और उपसुंद की दुश्मनी का कारण। (Picture Credit- AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। हिंदू धर्म के महाभारत और पुराणों में कई ऐसी रोचक कथाएं मिलती हैं, जो जीवन से जुड़ी बड़ी सीख देती हैं। ऐसी ही एक कथा दो असुर भाइयों सुंद और उपसुंद की है। दोनों भाइयों के बीच इतना गहरा प्रेम था कि वे कभी एक-दूसरे से अलग नहीं होते थे। उनकी एकता और शक्ति से देवता भी भयभीत रहते थे।
दोनों ने कठोर तपस्या करके ब्रह्मा जी से ऐसा वरदान प्राप्त किया था, जिससे उनका वध करना लगभग असंभव हो गया था। लेकिन कहते हैं कि जब व्यक्ति के मन में अहंकार और वासना घर कर जाती है, तो उसका विनाश निश्चित हो जाता है।
कुछ ऐसा ही इन दोनों भाइयों के साथ भी हुआ। एक अप्सरा के रूप पर मोहित होकर दोनों एक-दूसरे के सबसे बड़े दुश्मन बन गए। आइए जानते हैं इस पौराणिक कथा के बारे में।
कौन थे सुंद और उपसुंद?
पौराणिक कथा के अनुसार, सुंद और उपसुंद दो शक्तिशाली असुर भाई थे। दोनों के बीच बहुत प्रेम था। वे हमेशा साथ रहते थे और हर काम मिलकर करते थे। उनके बीच न तो कभी किसी बात को लेकर विवाद होता था और न ही एक-दूसरे के प्रति ईर्ष्या की भावना थी।
दोनों भाइयों ने अपनी शक्ति और सामर्थ्य बढ़ाने के लिए कठोर तपस्या करने का निर्णय लिया। उन्होंने लंबे समय तक ब्रह्मा जी की आराधना की। उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर ब्रह्मा जी उनके सामने प्रकट हुए और वरदान मांगने को कहा।
ब्रह्मा जी से मांगा था ऐसा वरदान
जब ब्रह्मा जी ने दोनों भाइयों से वरदान मांगने को कहा, तो उन्होंने अमर होने की इच्छा जाहिर की। हालांकि, ब्रह्मा जी ने उन्हें अमरता का वरदान देने से मना कर दिया, क्योंकि संसार में जन्म लेने वाले प्रत्येक प्राणी की मृत्यु निश्चित है।
इसके बाद दोनों भाइयों ने बड़ी चतुराई से एक दूसरा वरदान मांगा। उन्होंने कहा कि उनकी मृत्यु केवल एक-दूसरे के हाथों ही हो सके। उनके अलावा संसार का कोई भी देवता, मनुष्य या अन्य प्राणी उनका वध न कर पाए।
ब्रह्मा जी ने उनकी इच्छा स्वीकार कर ली और उन्हें यह वरदान दे दिया। इसके बाद दोनों भाइयों का साहस और अहंकार इतना बढ़ गया कि उन्होंने तीनों लोकों में आतंक मचाना शुरू कर दिया।
तीनों लोकों पर करने लगे अत्याचार
वरदान मिलने के बाद सुंद और उपसुंद को अपनी शक्ति पर बहुत घमंड हो गया। दोनों ने देवताओं, ऋषि-मुनियों और मनुष्यों को परेशान करना शुरू कर दिया। उन्होंने स्वर्ग पर भी अधिकार जमाने की कोशिश की।
उनके अत्याचारों से परेशान होकर देवता ब्रह्मा जी के पास पहुंचे। सभी ने उनसे प्रार्थना की कि वे किसी तरह इन दोनों असुरों के आतंक से मुक्ति दिलाएं। ब्रह्मा जी जानते थे कि वरदान के कारण कोई दूसरा उनका वध नहीं कर सकता। ऐसे में उन्होंने दोनों भाइयों की एकता तोड़ने की योजना बनाई।
कैसे हुआ अप्सरा तिलोत्तमा का जन्म?
ब्रह्मा जी ने विश्वकर्मा को बुलाया और उन्हें एक अत्यंत सुंदर अप्सरा बनाने का आदेश दिया। विश्वकर्मा ने संसार की सबसे सुंदर और आकर्षक वस्तुओं के श्रेष्ठ अंशों को लेकर एक दिव्य स्त्री की रचना की।
कहा जाता है कि उसके शरीर का प्रत्येक अंग सुंदरता का अद्भुत उदाहरण था। संसार के श्रेष्ठ सौंदर्य को तिल-तिल करके एकत्र किया गया था, इसलिए उसका नाम तिलोत्तमा रखा गया।
तिलोत्तमा इतनी सुंदर थीं कि उन्हें देखकर कोई भी मोहित हो सकता था। ब्रह्मा जी ने उन्हें सुंद और उपसुंद के पास भेजने का निर्णय लिया। उनका उद्देश्य दोनों भाइयों के बीच मतभेद पैदा करना था।
एक अप्सरा के लिए दुश्मन बन गए दोनों भाई
एक दिन जब सुंद और उपसुंद साथ बैठे थे, तभी वहां तिलोत्तमा पहुंचीं। उनके अद्भुत सौंदर्य को देखकर दोनों भाई उन पर मोहित हो गए।
दोनों के मन में तिलोत्तमा को अपनी पत्नी बनाने की इच्छा जाग उठी। जिस अप्सरा को देखकर दोनों एक साथ आकर्षित हुए थे, उसी के कारण उनके बीच विवाद शुरू हो गया। सुंद ने कहा कि तिलोत्तमा उसकी पत्नी बनेगी, जबकि उपसुंद भी अपनी जिद पर अड़ा रहा। दोनों में से कोई भी पीछे हटने को तैयार नहीं था। देखते ही देखते दोनों भाइयों के बीच क्रोध और अहंकार इतना बढ़ गया कि उन्होंने एक-दूसरे को मारने का फैसला कर लिया।
अपने ही भाई के हाथों हुआ दोनों का अंत
सुंद और उपसुंद के बीच भयंकर युद्ध शुरू हो गया। दोनों एक-दूसरे पर घातक प्रहार करने लगे। जिस प्रेम और एकता के कारण वे इतने शक्तिशाली बने थे, वही अब पूरी तरह समाप्त हो चुकी थी। दोनों भाइयों ने एक-दूसरे पर इतने प्रहार किए कि अंत में दोनों की मृत्यु हो गई। इस तरह ब्रह्मा जी के वरदान के अनुसार उनका अंत भी एक-दूसरे के हाथों ही हुआ। सुंद और उपसुंद की मृत्यु के बाद तीनों लोकों को उनके अत्याचारों से मुक्ति मिली और देवताओं ने राहत की सांस ली।
यह भी पढ़ें- कैलाश पर क्या हुआ था जो माता पार्वती ने अप्सरा मधुरा को दिया 12 साल तक कुएं में रहने का श्राप
यह भी पढ़ें- तीन बाणों से जीत सकते थे महाभारत, फिर भी युद्ध क्यों नहीं लड़े बर्बरीक? शीश दान कर ऐसे बने 'खाटू श्याम'
अस्वीकरण: अत: सुंद और उपसुंद की यह कथा बताती है कि व्यक्ति चाहे कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो, उसे अपने अहंकार और इच्छाओं पर नियंत्रण रखना चाहिए। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया अंधविश्वास के खिलाफ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।