विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मार्गशीर्ष 2026: इस पूरे महीने करें ये 5 खास काम, हो जाएंगे श्री कृष्‍ण के इस स्‍वरूप के दर्शन

Published: Tue, 17 Nov 2026 09:09 PM (IST)

25 नवंबर से शुरू हो रहा है मार्गशीर्ष का पावन महीना, जानें कब करें गीता पाठ, मंत्र जाप, तुलसी सेवा ...और पढ़ें

मार्गशीर्ष मास हिंदू धर्म में भगवान श्रीकृष्ण का स्वरूप माना जाता है, जो पूजा-पाठ और दान-पुण्य के लिए अत्यंत शुभ है। (Picture Credit- AI Generated)

मार्गशीर्ष मास हिंदू धर्म में भगवान श्रीकृष्ण का स्वरूप माना जाता है, जो पूजा-पाठ और दान-पुण्य के लिए अत्यंत शुभ है। (Picture Credit- AI Generated)

HighLights

  1. मार्गशीर्ष मास भगवान श्रीकृष्ण का स्वरूप माना जाता है।

  2. गीता पाठ, मंत्र जाप और तुलसी सेवा विशेष फलदायी।

  3. ब्रह्म मुहूर्त स्नान, दान और सात्विक भोजन करें।

धर्म डेस्क, नई दिल्ली। हिंदू धर्म में मार्गशीर्ष महीने का विशेष महत्व बताया गया है। इसे अगहन मास के नाम से भी जाना जाता है। भगवान श्रीकृष्ण ने स्वयं इस महीने को अपना स्वरूप बताया है। यही वजह है कि सनातन धर्म में इस पूरे महीने को पूजा-पाठ, भक्ति और दान-पुण्य के लिए बेहद शुभ माना जाता है। वर्ष 2026 में मार्गशीर्ष महीने की शुरुआत 25 नवंबर, बुधवार से होगी। वहीं, इसका समापन 23 दिसंबर, बुधवार को होगा। चलिए इस महीने के धार्मिक महत्‍व के बारे में विस्‍तार से जानते हैं।

मार्गशीर्ष महीने का धार्मिक महत्व क्या है?

श्रीमद्भगवद्गीता के दसवें अध्याय के 35वें श्लोक में भगवान श्रीकृष्ण कहते हैं, 'मासानां मार्गशीर्षोऽहम्', यानी महीनों में मैं मार्गशीर्ष हूं। इस कथन से इस महीने की धार्मिक महत्ता का अंदाजा लगाया जा सकता है। मान्यता है कि मार्गशीर्ष में भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण की पूजा करने से विशेष पुण्य मिलता है। इस दौरान भजन-कीर्तन, मंत्र जाप, गीता पाठ और जरूरतमंद लोगों की सहायता करना शुभ माना जाता है। एस्ट्रोपत्री के ज्योतिषी चंद्रेश शर्मा के अनुसार, इस महीने में भगवान श्रीकृष्ण की उपासना के साथ शंख पूजन का भी विशेष विधान है। श्रद्धालु अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार पूरे महीने धार्मिक कार्य कर सकते हैं।

मार्गशीर्ष महीने में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा के 5 खास नियम

  • मार्गशीर्ष महीने में श्रीमद्भगवद्गीता का पाठ करना बहुत शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दौरान रोजाना गीता का कम से कम एक अध्याय पढ़ना चाहिए। यदि समय कम हो तो कुछ श्लोकों का पाठ करके भी भगवान का स्मरण कर सकते हैं। गीता का पाठ करने से जीवन में सही और गलत के बीच अंतर समझने की प्रेरणा मिलती है। साथ ही मन में सकारात्मक विचार आते हैं। इस महीने की शुक्ल पक्ष की एकादशी को मोक्षदा एकादशी और गीता जयंती भी मनाई जाती है।
  • मार्गशीर्ष महीने में भगवान श्रीकृष्ण के मंत्रों का जाप करना विशेष फलदायी माना गया है। इस दौरान द्वादशाक्षर मंत्र का जाप कर सकते हैं। मंत्र: ॐ नमो भगवते वासुदेवाय। सुबह स्नान के बाद स्वच्छ कपड़े पहनकर भगवान श्रीकृष्ण के सामने बैठें। इसके बाद शांत मन से इस मंत्र का जाप करें। आप अपनी श्रद्धा के अनुसार 11, 21 या 108 बार मंत्र बोल सकते हैं। मान्यता है कि इससे मन को शांति मिलती है और भक्त का ध्यान भगवान की भक्ति में लगा रहता है।
  • हिंदू धर्म में तुलसी को बेहद पवित्र माना गया है। भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण की पूजा में तुलसी दल का विशेष महत्व है। मार्गशीर्ष महीने में रोजाना तुलसी के पौधे की सेवा करें। सुबह तुलसी को जल अर्पित करें और शाम के समय पौधे के पास घी का दीपक जलाएं। भगवान श्रीकृष्ण को भोग लगाते समय उसमें तुलसी दल जरूर रखें। धार्मिक मान्यता है कि तुलसी के बिना भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण का भोग अधूरा माना जाता है।
  • मार्गशीर्ष महीने में सुबह जल्दी उठकर स्नान करना शुभ माना गया है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, ब्रह्म मुहूर्त में स्नान और भगवान का ध्यान करने से मन और शरीर में नई ऊर्जा आती है। यदि संभव हो तो किसी पवित्र नदी में स्नान करें। ऐसा संभव न होने पर घर में नहाने के पानी में थोड़ा गंगाजल मिलाकर स्नान कर सकते हैं। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण की पूजा करें। इस महीने अपनी सामर्थ्य के अनुसार अन्न, वस्त्र, कंबल और गर्म कपड़ों का दान करना भी शुभ माना जाता है। जरूरतमंद लोगों की सहायता करना इस महीने के पुण्य कार्यों में शामिल है।
  • मार्गशीर्ष महीने में खानपान का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए। धार्मिक परंपराओं के अनुसार, इस दौरान सात्विक भोजन करना उत्तम माना गया है। श्रद्धालुओं को लहसुन, प्याज, मांस और मदिरा जैसे तामसिक पदार्थों से दूर रहना चाहिए। भोजन में फल, दूध, दही, हरी सब्जियां और शुद्ध शाकाहारी चीजों को शामिल कर सकते हैं। सात्विक भोजन के साथ मन में अच्छे विचार रखना, क्रोध से बचना और दूसरों के प्रति प्रेम और दया का भाव रखना भी जरूरी माना गया है।

यह भी पढ़ें- सिर्फ कैलेंडर का महीना नहीं, श्रीकृष्ण का स्वरूप है मार्गशीर्ष माह; जानें कब से हो रहा शुरू और क्यों है खास?

यह भी पढ़ें- मार्गशीर्ष पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में आस्था की डूबकी, हर-हर गंगे के जयकारों से गुंजायमान रहा तट

अस्वीकरण: अत: सच्चे मन से की गई पूजा और सेवा से भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त होता है। हालांकि, पूजा के नियमों का पालन अपनी श्रद्धा, सुविधा और सामर्थ्य के अनुसार करना चाहिए। सबसे जरूरी है कि इस पूरे महीने मन में भक्ति, प्रेम, दया और अच्छे कर्मों का भाव बनाए रखें। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया अंधविश्वास के खिलाफ है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।