विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भगवान परशुराम ने पूरी पृथ्वी दान कर दी, फिर अपने ही फरसे से समुद्र से छीन ली नई जमीन लेकिन क्यों?

Published: Thu, 26 Nov 2026 09:37 AM (IST)

हिंदू पौराणिक कथाओं के अनुसार, भगवान परशुराम ने महायज्ञ के बाद पूरी पृथ्वी ऋषि कश्यप को दान कर दी थी, जिससे उनके पास रहने के लिए कोई जगह नहीं बची। इसके बाद उन्होंने समुद्र से शरण मांगी और अपने फरसे से समुद्र में फेंककर केरल, कोंकण और गोवा जैसे क्षेत्रों में नई भूमि का निर्माण किया।

भगवान परशुराम की जमीन दान करने की कथा (Picture Credits- AI Images)

भगवान परशुराम की जमीन दान करने की कथा (Picture Credits- AI Images)

HighLights

  1. परशुराम ने महायज्ञ के बाद अपनी पूरी पृथ्वी दान कर दी।

  2. निवास स्थान न होने पर उन्होंने समुद्र देवता से सहायता मांगी।

  3. फरसा फेंककर केरल, कोंकण, गोवा जैसे नए क्षेत्र बनाए।

धर्म डेस्क, नई दिल्ली। हिंदू पौराणिक कथाओं में भगवान परशुराम की भूमिका बेहद खास मानी जाती है। रामायण और महाभारत दोनों ही महाकाव्य में परशुराम का जिक्र देखने को मिलता है। भगवान विष्णु के छठे अवतार परशुराम से जुड़ी कई कथाएं प्रचलित हैं। भारतीय ग्रंथों और पुराणों में उनसे जुड़ी कई ऐसी कथाएं देखने और सुनने को मिलती हैं, जिनमें उनके साहस, त्याग, तेज और वचन के बारे में बताया गया है।

लेकिन क्या आपको पता है कि, जब एक बार परशुराम जी ने समस्त पृथ्वी दान कर दी थी, जिसके बाद उनके पास रहने के लिए 1 इंच जमीन भी नहीं बची थी, तब उन्होंने समुद्र से शरण मांगी और अपने फरसे से एक नई धरती का निर्माण किया।

महायज्ञ में दान कर दी संपूर्ण धरती

पौराणिक कथाओं के मुताबिक, एक बार भगवान परशुराम ने महायज्ञ किया था। इस यज्ञ के पूरे होने के बाद उन्होंने पूरी पृथ्वी ऋषि कश्पय को दान में दे दी। दान में पूरी पृथ्वी स्वीकार करने के बाद ऋषि कश्यप ने परशुराम जी से कहा कि, अब धरती पर उनका अधिकार है, इसलिए आप इस भूमि पर नहीं रह सकते हैं।

भगवान परशुराम जो अपने वचन के पक्के थे, उन्होंने ऋषि कश्यप की बातों का विरोध किए बिना फोरान वहां से चले गए। लेकिन अब उनके सामने एक बड़ी समस्या यह थी कि पूरी पृथ्वी दान करने के बाद अब वो जाए कहां?

परशुराम ने समुद्र में फरसा क्यों फेंका

भगवान परशुराम (AI Images)

परशुराम ने अपना फरसा समुद्र में फेंका

कथा में आगे बताया गया है कि, भगवान परशुराम चलते-चलते सह्याद्रि पर्वत की चोटी पर जा पहुंचे। जब वहां से उन्होंने नीचे देखा तो हर तरफ विशाल समुद्र दिखाई दे रहा था। उन्होंने समुद्र देवता वरुण से रहने के लिए थोड़ी-सी जमीन का आग्रह किया। लेकिन समुद्र से उठने वाली विशाल लहरें भगवान परशुराम को थोड़ी-जमीन देने के लिए भी राजी नहीं थीं।

इस बात से क्रोधित होकर भगवान परशुराम ने भगवान शिव से मिला अपना फरसा उठाया और पूरी ताकत के साथ समुद्र की ओर फेंक दिया। माना जाता है कि, फरसा जहां जाकर गिरा उतना समुद्र का हिस्सा पीछे हट गया। समुद्र का पानी पीछे जाने के साथ ही जमीन पर हरी-भरी घास उगने लगी। इस नई जमीन पर नारियल के पेड़, नदियां और खेती के लिए उपजाऊ जमीन भी थीं।

केरल, कोंकण और गोवा से जुड़ी मान्यता

माना जाता है कि, समुद्र से निकली इस भूमि को परशुराम क्षेत्र कहा जाता है, जो आज के कोंकण तट, गोवा और केरल के कुछ हिस्सों से जोड़कर देखा जाता है। इसी कारण से पश्चिमी तट के कई इलाकों में भगवान परशुराम की मुख्य रूप से पूजा की जाती है और उन्हें जमीन का निर्माता और संरक्षक भी माना जाता है।

यह भी पढ़ें- भगवान विष्णु के कल्कि अवतार को एक तोते की जरूरत क्यों पड़ेगी? कल्कि पुराण में छिपा है बड़ा राज

यह भी पढ़ें- इंद्र के एक छल ने देवी अहिल्या को बना दिया था पत्थर! पढ़ें रामायण के इस श्राप और उद्धार की अनूठी कथा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।