कलियुग का सबसे बड़ा रहस्य: क्या सच में आज भी महेंद्रगिरी पर्वत पर मौजूद हैं भगवान परशुराम?
परशुराम भगवान के जन्म का मुख्य उद्देश्य पृथ्वी से पाप का अंत करना और धरती पर सत्य, धर्म, और न्याय की स्थापना करना था।

चिरंजीवी भगवान परशुराम की कथा (Picture Credit- AI Generated)
HighLights
परशुराम जी का निवास स्थान है महेंद्रगिरी पर्वत
विष्णु के छठे अवतार परशुराम हैं चिरंजीवी
कल्कि पुराण में मिलता है उनके आज भी होने का उल्लेख
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। परशुराम, भगवान विष्णु के छठवें अवतार हैं, जिन्हें 8 चिरंजीवियों में से भी माना गया है। परशुराम जी का वर्णन रामायण काल से लेकर महाभारत काल में भी मिलता है। आज हम आपको महेंद्रगिरी पर्वत के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसे परशुराम जी का निवास स्थान माना जाता है। चलिए जानते हैं इस खास स्थान के बारे में।
कहां स्थित है महेंद्रगिरी पर्वत
महेंद्रगिरी पर्वत एक ऐतिहासिक स्थल है, जो ओडिशा राज्य के गजपति जिले में पूर्वी घाट (Eastern Ghats) की एक प्रमुख चोटी है। यह समुद्र तल से लगभग 1,501 मीटर (4,925 फीट) की ऊंचाई पर स्थित है, जो ओडिशा की दूसरी सबसे ऊंची चोटी मानी जाती है।

(Picture Credit: Freepik)
कल्कि पुराण में मिलता है वर्णन
शास्त्रों में वर्णित है कि भगवान विष्णु के अवतार परशुराम ‘अष्टचिरंजीवी' में शामिल हैं, जो कलियुग के अंत तक जीवित रहेंगे। श्रीमद्भागवत और कल्कि पुराण में यह उल्लेख मिलता है कि वे आज भी महेंद्रगिरि पर्वत पर तपस्या कर रहे हैं। साथ ही यह भी माना जाता है कि वह सूक्ष्म रूप में वहां मौजूद हैं और समय आने पर प्रकट होंगे।
क्यों लिया इस पर्वत पर रहने का निर्णय
भगवान परशुराम ने अपने पिता की हत्या का बदला लेने और अपनी माता के शोक को कम करने के लिए पृथ्वी को अन्यायी राजाओं से मुक्त करने का संकल्प लिया था। उन्होंने 21 बार पृथ्वी को क्षत्रिय विहीन कर दिया था। क्षत्रियों के विनाश के बाद उन्होंने अश्वमेध यज्ञ का आयोजन किया। जब उन्होंने आखिरी बार पृथ्वी को क्षत्रिय विहीन किया, तो इसके बाद उन्होंने संपूर्ण धरती को अपने गुरु ऋषि कश्यप को दान के रूप में दे दिया।
ऋषि कश्यप ने परशुराम जी को पृथ्वी से चले जाने का आदेश दे दिया। अपने गुरु की आज्ञा का पालन करते हुए भगवान परशुराम ने निर्णय लिया कि वह पृथ्वी पर नहीं रहेंगे। तब परशुराम जी दक्षिण समुद्र की ओर चले गए और समुद्र ने महेन्द्राचल पर्वत (महेंद्रगिरी पर्वत) पर उनके रहने की व्यवस्था की। माना जाता है कि परशुराम जी आज भी यहीं रहते हैं।

(Picture Credit- AI Generated)
किससे मिलता था चिरंजीवी होने का वरदान
भगवान परशुराम, महादेव के परम भक्त हैं। उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उन्हें यह चिरंजीवी अर्थात अमर होने का वरदान दिया था। इस प्रकार वह 8 चिरंजीवियों में से एक हैं, जिनका वर्णन इस श्लोक में मिलता है -
अश्वत्थामा बलिर्व्यासो हनूमांश्च विभीषण:।
कृप: परशुरामश्च सप्तएतै चिरजीविन:॥
सप्तैतान् संस्मरेन्नित्यं मार्कण्डेयमथाष्टमम्।
जीवेद्वर्षशतं सोपि सर्वव्याधिविवर्जित।।
इस श्लोक में 8 चिनंजीवियों का वर्णन किया गया है, जिसमें अश्वत्थामा, बलि, व्यास, हनुमान, विभीषण, कृपाचार्य और परशुराम के साथ-साथ ऋषि मार्कण्डेय भी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- क्यों कहलाईं मां गंगा 'जाह्नवी'? राजा भगीरथ की तपस्या और गंगा सप्तमी की पौराणिक कथा
यह भी पढ़ें- जब बाली का वध बना द्वापर युग में श्रीकृष्ण की मृत्यु का कारण, कम ही लोगों ने सुनी होगी यह पौराणिक कथा
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण अंधविश्वास के खिलाफ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।