Kal Bhairav Jayanti 2026: कैसे लें संकल्प और कब करें पारण? पहली बार व्रत रखने वालों की हर उलझन यहां होगी दूर
काल भैरव जयंती 2026 मार्गशीर्ष कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि पर मनाई जाएगी, जिसमें भगवान शिव के रौद्र स्वरूप की पूजा होती है। इस व्रत में संकल्प से लेकर पारण तक के सभी महत्वपूर्ण नियम बताए गए हैं, जो पहली बार व्रत रखने वालों के लिए उपयोगी हैं।

कालभैरव की पूजा से सभी भय होंगे दूर (Picture Credit- AI Generated)
HighLights
काल भैरव जयंती 1 दिसंबर 2026 को मनाई जाएगी।
व्रत का संकल्प सुबह लें, पूजा रात्रि में करें।
सात्विक भोजन करें और अगले दिन व्रत का पारण करें।
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। वैदिक पंचांग के अनुसार, मार्गशीर्ष माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि पर काल भैरव जयंती (Kal Bhairav Jayanti 2026) मनाई जाती है। इस दिन भगवान शिव के रौद्र स्वरूप 'काल भैरव' की पूजा-अर्चना करने का विधान है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान काल भैरव की साधना करने से साधक को सभी भयों से छुटकारा मिलता है और सुख-समृद्धि में वृद्धि होती है।
पौराणिक कथा के अनुसार, मार्गशीर्ष माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि पर काल भैरव का प्राकट्य हुआ था। इसलिए इस तिथि पर बेहद उत्साह के साथ काल भैरव जयंती मनाई जाती है। इस दिन व्रत करने का विशेष महत्व है। इस व्रत को करने से साधक को शुभ परिणाम प्राप्त होते हैं और नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है। अगर आप पहली बार कालाष्टमी का व्रत रखने जा रहे हैं, तो व्रत के संकल्प से लेकर पारण तक के इन जरूरी नियमों को जरूर जान लें।
कब है काल भैरव जयंती 2026?
मार्गशीर्ष कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि की शुरुआत - 1 दिसंबर को मध्य रात्रि 12 बजकर 11 मिनट पर
मार्गशीर्ष कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि का समापन - 1 दिसंबर को ही रात 11 बजकर 12 मिनट पर
उदयातिथि के अनुसार, इस बार काल भैरव जयंती का पर्व 1 दिसंबर को मनाया जाएगा।
इन बातों का रखें ध्यान
- इस दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ कपड़े धारण करें।
- सूर्य देव को अर्घ्य दें।
- पूजा स्थल पर हाथ में जल, अक्षत और फूल लेकर भगवान कालभैरव का ध्यान करते हुए दिनभर व्रत रखने का संकल्प लें।
- कालभैरव की पूजा रात्रि में करना शुभ माना जाता है।
- कालभैरव की पूजा करने से पहले भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा जरूर करें। ऐसा माना जाता है कि शिव-पार्वती के बिना कालभैरव की पूजा अधूरी मानी जाती है।
- सरसों के तेल का चौमुखी दीपक जलाएं।
- बाबा भैरव को काले तिल, उड़द की दाल से बने पकवान, नारियल और फूल अर्पित करें।
- अब विधिपूर्वक आरती करें। पूजा के दौरान 'ॐ कालभैरवाय नमः' मंत्र का जाप करें और कालभैरवाष्टकम् का पाठ करें।
व्रत में क्या खाएं?
- काल भैरव जयंती के व्रत के दौरान सात्विक भोजन का सेवन करना चाहिए, जैसे- फल, दूध, मेवे आदि।
- व्रत के समय लहसुन, प्याज, मांस-मदिरा और तामसिक भोजन भूलकर भी ग्रहण नहीं करना चाहिए।
- व्रत के भोजन में सामान्य नमक का सेवन न करें। इसकी जगह पर सेंधा नमक का प्रयोग कर सकते हैं।
कब करें व्रत का पारण?
काल भैरव जयंती व्रत का पारण अगले दिन सुबह करना चाहिए। सुबह स्नान करने के बाद महादेव के संग कालभैरव की पूजा करें। इसके बाद अन्न-धन आदि चीजों का दान करें। इसके बाद सात्विक भोजन ग्रहण कर व्रत का पारण करें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।