विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Kaal Bhairav ​​Jayanti 2026: 1 दिसंबर को भैरव अष्टमी, पढ़िए शिव के गुस्से से जन्मे काल भैरव के काशी में बसने का किस्सा

Published: Wed, 25 Nov 2026 01:15 PM (IST)

काल भैरव जयंती 1 दिसंबर 2026 को मनाई जाएगी, जब भगवान शिव ने ब्रह्मा के घमंड को तोड़ने के लिए काल भैरव को प्रकट किया था। इस दिन पूजा करने से भय, बाधाएं दूर होती हैं और सुख-शांति मिलती है, साथ ही विभिन्न क्षेत्रीय परंपराएं भी निभाई जाती हैं।

1 दिसंबर 2026 को काल भैरव जयंती है

1 दिसंबर 2026 को काल भैरव जयंती है

HighLights

  1. काल भैरव जयंती 1 दिसंबर 2026 को मनाई जाएगी।

  2. पूजा से भय, बाधाएं दूर होती हैं, सुख-शांति मिलती है।

  3. वाराणसी, उज्जैन में विशेष पूजा और परंपराएं होती हैं।

धर्म डेस्क, नई दिल्ली। हिंदू धर्म में अनेक पौराणिक कहानियां प्रचलित हैं, उनमें से एक कथा भगवान ब्रह्मा और शिव के भैरव रूप से जुड़ी है। बताया जाता है कि, जब ब्रह्मा के पांचवें सिर को शिव से श्रेष्ठ होने का घमंड था, तब भगवान शिव ने अपने गुस्से और तेज से काल भैरव को प्रकट किया। काल भैरव ने अपने अंगूठे के नाखून से ब्रह्मा के पांचवें सिर को काट दिया।

ब्रह्महत्या पाप के कारण उनका पांचवां सिर भैरव बाबा के हाथ में चिपक गया और काशी पहुंचने पर सिर नीचे गिर गया, उस स्थान को अब कपाल मोचन के नाम से जाना जाता है। उस दिन से काल भैरव (काशी के कोतवाल) के तौर पर वहां रहते हैं। हिंदू धर्म में काल भैरव की जयंती का खास महत्व है। आइए जानते हैं दिसंबर 2026 में काल भैरव जयंती कब और किस दिन मनाई जाएगी?

काल भैरव जयंती 2026 तारीख (Kaal Bhairav Jayanti 2026 Dates)

काल भैरव जयंती इस साल मार्गशीर्ष कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि यानी 1 दिसंबर को मध्य रात्रि 12 बजकर 11 मिनट से शुरू हो रही है। यह तिथि 1 दिसंबर को ही रात 11 बजकर 12 मिनट पर समाप्त हो जाएगी। उदयातिथि के आधार पर अष्टमी तिथि 1 दिसंबर को मनाई जानी है और उसी दिन निशिता मुहूर्त में पूजा होगी।

काल भैरव जयंती 2026 शुभ मुहूर्त

काल भैरव जयंती के मौके पर ब्रह्म मुहूर्त सुबह 5 बजकर 8 मिनट से लेकर सुबह 6 बजकर 2 मिनट तक रहने वाला है।

इस मुहूर्त में नहाकर काल भैरव जयंती के लिए पूजा और व्रत का संकल्प लेना चाहिए। इसके बाद अभिजीत मुहूर्त दिन में 11 बजकर 49 मिनट से लेकर दोपहर 12 बजकर 31 मिनट तक रहने वाला है। वहीं निशिता मुहूर्त देर रात 11 बजकर 43 मिनट से लेकर 12 बजकर 38 मिनट तक है।

काल भैरव जयंती का महत्व

धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, इस दिन भगवान काल भैरव की पूजा करने से जीवन में डर, परेशानियों और बाधाओं से छुटकारा मिलता है। भक्त अपने जीवन में सुख-शांति, तरक्की औ सुरक्षा के लिए उनसे आशीर्वाद मांगते हैं। इसके अलावा इस दिन काल भैरव अष्टकम का पाठ करने के साथ सरसों के तेल का दीया जलाने और कुत्तों को खाना खिलाने से काल भैरव खुश होते हैं।

इस दिन को भैरव अष्टमी और कालाष्टमी के नाम से भी जाना जाता है। हर महीने कालाष्टमी प्रत्येक महीने की अष्टमी तिथि को पड़ती है।

काल भैरव जयंती पर अलग-अलग क्षेत्रीय परंपराएं

वाराणसी- काल भैरव जयंती पर भैरव मंदिर में संपूर्ण प्रतिमा का अनावरण किया जाता है, जिसे चांदी की खोपड़ियों की माला से सजाया जाता है। कई लोग शहर के आठ भैरव मंदिरों के दर्शन करते हैं।

उज्जैन- काल भैरव मंदिर में भारी भीड़ देखने को मिलती है और खास तरह का प्रसाद चढ़ाया जाता है।

कर्नाटक और तमिलनाडु- भैरव और शिव मंदिरों में अभिषेक करने के साथ रात के समय पूजा की जाती है।

नेपाल-काठमांडू घाटी में कई मंदिरों में भी शिव को भैरव के रूप में पूजा जाता है।

यह भी पढ़ें- 8 या 9 दिसंबर, किस दिन मनाई जाएगी मार्गशीर्ष अमावस्या? नोट कर लें स्नान-दान और पितरों के तर्पण का सही मुहूर्त

यह भी पढ़ें- काल भैरव की कृपा मिलते ही जीवन में बदलते हैं ये 5 हालात, ऐसे करें बाबा को प्रसन्न

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।