बिना रुके 48 घंटे तक चलता है गुरु ग्रंथ साहिब का 'अखंड पाठ', गुरु नानक जयंती पर क्यों होता है खास?
गुरु नानक जयंती पर गुरु ग्रंथ साहिब के 48 घंटे के अखंड पाठ का विशेष महत्व है। यह पाठ गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को स्मरण करने और समानता व भाईचारे के संदेश को मजबूत करने का माध्यम है।

गुरु नानक जयंती पर अखंड पाठ (Picture Credit: AI Generated)
HighLights
अखंड पाठ गुरु ग्रंथ साहिब का 48 घंटे का निरंतर वाचन।
यह पाठ कई सिख अनुयायियों द्वारा मिलकर किया जाता है।
गुरु नानक देव जी की समानता और भाईचारे की शिक्षाओं का प्रतीक।
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। सिख धर्म के सबसे पवित्र पर्वों में से एक गुरु नानक जयंती को माना जाता है। इस पर्व को पूरे देश में सिखों के प्रथम गुरु गुरु नानक जी के जन्म दिवस के रूप में मनाया जाता है। हर साल यह पर्व कार्तिक पूर्णिमा के दिन पड़ता है। इस साल गुरु नानक जयंती 24 नवंबर, मंगलवार को मनाई जाएगी।
इसे गुरु नानक प्रकाश पर्व और गुरुपर्व के नाम से भी जाना जाता है। इस अवसर पर देशभर के गुरुद्वारों में विशेष धार्मिक आयोजन किए जाते हैं। जहां एक तरफ नगर कीर्तन निकलते हैं, वहीं कुछ जगह पर कीर्तन, अरदास और लंगर का आयोजन भी होता है।
इन सभी के साथ इस दिन सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है अखंड पाठ। यह पाठ गुरुपर्व के दिन किया जाता है जिसे लगातार 48 घंटे किया जाता है। आइए आपको बताते हैं गुरु नानक जयंती पर 48 घंटे के अखंड पाठ का महत्व क्या है?
क्या होता है गुरु ग्रंथ साहिब का अखंड पाठ?
सिख धर्म में अखंड पाठ का विशेष महत्व होता है। 'अखंड' का अर्थ है बिना रुके हुए और 'पाठ' का अर्थ है किसी भी धार्मिक ग्रंथ का वाचन करना। इस प्रकार अखंड पाठ का मतलब है श्री गुरु ग्रंथ साहिब का आदि से अंत तक लगातार और बिना विराम के पाठ करना।
इस दौरान गुरु ग्रंथ साहिब के सभी 1430 अंगों का पाठ किया जाता है। इसे पूरा करने में लगभग 48 घंटे यानी दो दिन और दो रात का समय लगता है। इस पाठ की शुरुआत से लेकर समापन तक गुरु ग्रंथ साहिब का पाठ एक पल के लिए भी नहीं रुकता है, इसी वजह से इसका नाम अखंड पाठ रखा गया है।
48 घंटे तक क्यों चलता है अखंड पाठ?
इस अखंड पाठ की सबसे खास बात यह होती है कि इसे एक व्यक्ति ही लगातार नहीं पढ़ता है, बल्कि सिख धर्म के कई अनुयायी मिलकर इसका पाठ करते हैं। एक पाठ करने वाले के बाद दूसरा व्यक्ति उसी क्रम को आगे बढ़ाता है। इस तरह दो दिनों तक दिन-रात यह पाठ जारी रहता है।
इस दौरान गुरुद्वारे में संगत भी उपस्थित रहती है और श्रद्धालु श्रद्धापूर्वक गुरबाणी सुनते हैं। ऐसी मान्यता है कि गुरु ग्रंथ साहिब का पाठ सही नियमों से किया जाना चाहिए, इसलिए इसका सही उच्चारण करना जरूरी माना जाता है। इसका उद्देश्य इसे जल्द से जल्द पूरा करना न होकर श्रद्धा और ध्यान से इसे सुनना भी होता है।
गुरु नानक जयंती पर ही क्यों होता है अखंड पाठ?
गुरु नानक जयंती पर अखंड पाठ इसलिए होता है क्योंकि यह गुरु साहिब की शिक्षाओं को स्मरण करने और उनके आध्यात्मिक संदेश से जुड़ने का एक माध्यम माना जाता है। यह परंपरा श्रद्धालुओं को नाम सिमरन, सेवा, सत्य और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।
गुरु नानक देव जी ने शुरुआत से अपने भक्तों को हमेशा एक ईश्वर, समानता, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने जाति-धर्म और ऊंच-नीच के भेदभाव का भी विरोध किया। इसी वजह से आज भी गुरु नानक जयंती पर गुरुद्वारे में अखंड पाठ के दौरान संगत एक साथ बैठकर गुरबाणी सुनती है, जिससे सामूहिक आध्यात्मिकता और एकता की भावना को मजबूती मिलती है।
गुरु नानक जयंती पर अखंड पाठ केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं है, बल्कि समानता का पाठ पढ़ाने का एक माध्यम भी है।
यह भी पढ़ें- 24 या 25 नवंबर, कब मनाई जाएगी गुरु नानक जयंती? दूर करें तारीख का कन्फ्यूजन और पढ़ें प्रकाश पर्व का महत्व
यह भी पढ़ें- आखिर क्यों गुरु नानक देव जी ने राजा की शाही दावत छोड़, एक साधारण बढ़ई की सूखी रोटी को चुना?
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण अंधविश्वास के खिलाफ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।