Guru Nanak Jayanti 2026: ना कोई ऊंच-नीच, ना भेदभाव, गुरु नानक देव जी ने कैसे शुरू की थी लंगर की प्रथा?
गुरु नानक जयंती पर लंगर प्रथा की शुरुआत गुरु नानक देव जी ने 'सच्चा सौदा' की अवधारणा से की थी। यह परंपरा बिना किसी भेदभाव के सभी को एक साथ भोजन कराने और समानता का संदेश देती है।

गुरुद्वारे में लंगर सेवा (Picture Credits- AI Images)
HighLights
गुरु नानक जयंती कार्तिक पूर्णिमा पर उत्साह से मनाई जाती है।
गुरु नानक देव जी ने लंगर प्रथा की शुरुआत की।
भूखों को भोजन कराना ही 'सच्चा सौदा' का आधार बना।
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। सिख धर्म में गुरु नानक जयंती (Guru Nanak Jayanti 2026) का बेहद खास महत्व है। यह पावन पर्व हर साल कार्तिक पूर्णिमा के दिन बेहद उत्साह के साथ मनाया जाता है। यह दिन सिख धर्म के संस्थापक और प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। इस बार यह पर्व आज यानी 24 नवंबर को मनाया जा रहा है।
श्री गुरु नानक देव जी के जन्मोत्सव के अवसर पर गुरुद्वारों में अखंड पाठ, कीर्तन और लंगर सेवा का आयोजन किया जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, गुरु नानक जयंती के दिन इन शुभ कार्यों को करने से श्रद्धालुओं को शुभ परिणाम प्राप्त होते हैं और वाहेगुरु की विशेष कृपा बरसती है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सिख धर्म में लंगर की सेवा को अत्यधिक महत्वपूर्ण माना जाता है। लंगर के दौरान हर व्यक्ति एक ही पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण करता है, लेकिन क्या आप लंगर के इतिहास और इस परंपरा की शुरुआत के बारे में जानते हैं? अगर नहीं, तो आइए इस आर्टिकल में विस्तार से जानते हैं इसके पीछे की कथा के बारे में।
कैसे शुरू हुई लंगर की सेवा?
सिख धर्म की प्रचलित कथा के अनुसार, गुरु नानक देव जी के पिता का नाम मेहता कालू जी था। एक बार पिता जी ने गुरु नानक देव जी को व्यापार करने के लिए कुछ पैसे दिए। जब वे बाजार जा रहे थे, तो पिता ने उनसे कहा था कि कोई अच्छा सौदा करके लाभ कमाकर लाएं।
रास्ते में गुरु नानक देव जी को कुछ भूखे साधु-संत और गरीब लोग दिखाई दिए। उनकी भूख देख गुरु नानक देव जी ने सारे पैसों से उन्हें भोजन करा दिया। जब इस बात का पता उनके पिता को चला, तो वे गुरु नानक देव जी पर नाराज हुए। तब गुरु नानक देव जी ने पिता से बहुत ही विनम्रता के साथ कहा कि दूसरों की सेवा करने से बड़ा कोई दूसरा लाभ नहीं है, यही 'सच्चा सौदा' है।
गुरु नानक देव जी द्वारा शुरू की गई इस परंपरा को उनके बाद सभी नौ गुरुओं ने आगे बढ़ाया, जो आज भी निरंतर जारी है। वर्तमान में पंजाब के अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर में विश्व का सबसे बड़ा लंगर आयोजित होता है। गुरु नानक जयंती के अवसर पर देशभर में विभिन्न स्थानों पर लंगर सेवा का आयोजन किया जाता है।
सिख धर्म में लंगर क्या है?
लंगर के दौरान कोई अमीर हो या गरीब, या फिर किसी भी धर्म का व्यक्ति हो, हर कोई समान रूप से प्रसाद ग्रहण कर सकता है। गुरु का लंगर जमीन पर एक साथ बैठकर बहुत ही प्रेम और सम्मान के साथ खिलाया जाता है। इस दौरान किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाता है।
यह भी पढ़ें- बिना रुके 48 घंटे तक चलता है गुरु ग्रंथ साहिब का 'अखंड पाठ', गुरु नानक जयंती पर क्यों होता है खास?
यह भी पढ़ें- 24 या 25 नवंबर, कब मनाई जाएगी गुरु नानक जयंती? दूर करें तारीख का कन्फ्यूजन और पढ़ें प्रकाश पर्व का महत्व
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया अंधविश्वास के खिलाफ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।