गोवर्धन पूजा पर बुंदेलखंड में मोरपंख लेकर क्यों नाचते हैं भक्त? श्रीकृष्ण की भक्ति से जुड़ी है मौनिया परंपरा
गोवर्धन पूजा के अवसर पर बुंदेलखंड में मौनिया नृत्य की अनूठी परंपरा निभाई जाती है। इस नृत्य में भक्त मोरपंखों ...और पढ़ें

गोवर्धन पूजा पर क्यों निकाली जाती है मौनिया नृत्य की टोली? (Picture Credits- AI Images)
HighLights
मौनिया नृत्य गोवर्धन पूजा पर बुंदेलखंड में एक विशेष परंपरा है।
भक्त मोरपंखों के साथ मौन धारण कर श्रीकृष्ण भक्ति दर्शाते हैं।
यह नृत्य श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाने की घटना से जुड़ा है।
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। वैदिक पंचांग के अनुसार, आज यानी 10 नवंबर को देशभर में गोवर्धन पूजा का पर्व बेहद उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, आस्था और ब्रज की अनूठी परंपराओं से जुड़ा हुआ है। इस दिन देश के अलग-अलग हिस्सों में कई तरह की धार्मिक रस्में निभाई जाती हैं। इन्हीं में से एक है मौनिया नृत्य, जो खासतौर पर बुंदेलखंड क्षेत्र में काफी प्रसिद्ध है। इस परंपरा में भक्त मौन धारण करके विशेष वेशभूषा में नृत्य करते हैं और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करते हैं।
लोकमान्यताओं के अनुसार, मौनिया नृत्य का संबंध गोवर्धन पूजा और कान्हा की आराधना से जुड़ा हुआ है। इस दौरान श्रद्धालु पारंपरिक गीतों, वाद्य यंत्रों और नृत्य के जरिए अपनी भक्ति प्रकट करते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि आखिर गोवर्धन पूजा पर मौनिया नृत्य क्यों किया जाता है? इस परंपरा का क्या महत्व है और इसका भगवान श्रीकृष्ण से क्या संबंध है? आइए इस आर्टिकल में आपको इसके बारे में विस्तार से बताते हैं।
मौनिया नृत्य की परंपरा की खासियतें
गोवर्धन पूजा के दिन मौनिया नृत्य की परंपरा निभाई जाती है। इस नृत्य की सबसे खास बात यह है कि इसमें हिस्सा लेने वाले लोग सुबह से ही मौन व्रत धारण कर लेते हैं। वे दिनभर बिना कुछ बोले गांव-गांव और मंदिरों में जाकर नृत्य करते हैं। इसी मौन के कारण इसे 'मौनिया नृत्य' कहा जाता है।
मौनिया नृत्य करने वाले लोग मोरपंख का इस्तेमाल करते हैं, क्योंकि भगवान श्रीकृष्ण को मोरपंख बेहद प्रिय है। इसलिए नृत्य करने वाले भक्त अपने हाथों में मोरपंखों का बड़ा-सा गुच्छा लेकर यह पारंपरिक नृत्य करते हैं। इसे भगवान श्रीकृष्ण के प्रति भक्ति और श्रद्धा प्रकट करने का प्रतीक माना जाता है।
क्या है मौनिया नृत्य से जुड़ी धार्मिक मान्यता?
धार्मिक मान्यता के अनुसार, जब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों की रक्षा की थी, तब उनके सखा और ग्वाल-बालों ने खुशी में मौनिया नृत्य किया था। इसी मान्यता के चलते आज भी गोवर्धन पूजा के अवसर पर इस परंपरा को बेहद उल्लास के साथ निभाया जाता है।
ऐसा माना जाता है कि जो व्यक्ति मौनिया नृत्य करने का संकल्प लेता है, उसे बिना किसी रुकावट के लगातार 12 वर्षों तक इस कठिन व्रत का पालन करना होता है। इसके बाद 13वें वर्ष में भक्त मथुरा, वृंदावन या चित्रकूट जाकर इसका उद्यापन करते हैं।
यह भी पढ़ें- Govardhan Puja 2026: गोवर्धन पर्वत की 21 किलोमीटर परिक्रमा क्यों है इतनी खास? जानिए इसके पीछे की अद्भुत मान्यता
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण अंधविश्वास के खिलाफ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।