विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोह और डर में डूबे अर्जुन को श्रीकृष्ण ने सबसे पहले दिया था यह एक मंत्र! जिसने बदल दी पूरी महाभारत की गाथा

Published: Sun, 29 Nov 2026 01:20 PM (IST)

महाभारत युद्ध में मोहग्रस्त अर्जुन को श्रीकृष्ण ने आत्मा की अमरता और कर्म के महत्व का पहला ज्ञान दिया। यह उपदेश भगवद्गीता का आधार बना और युद्ध की दिशा बदल दी।

श्री कृष्ण अर्जुन को गीता का ज्ञान देते हुए (Picture Credit: AI Generated)

श्री कृष्ण अर्जुन को गीता का ज्ञान देते हुए (Picture Credit: AI Generated)

HighLights

  1. श्रीकृष्ण ने अर्जुन को आत्मा-शरीर का अंतर समझाया।

  2. आत्मा अमर है, शरीर नश्वर, यह ज्ञान दिया।

  3. कर्म पर अधिकार, फल पर नहीं, यह सिखाया।

धर्म डेस्क, नई दिल्ली। महाभारत का युद्ध केवल कौरवों और पांडवों के बीच लड़ा गया युद्ध नहीं था, बल्कि यह धर्म और अधर्म के साथ-साथ मनुष्य के भीतर चलने वाले द्वंद्व की भी कहानी है। कुरुक्षेत्र की रणभूमि में जब अर्जुन ने अपने सामने पितामह भीष्म, गुरु द्रोणाचार्य, भाई-बांधवों और प्रियजनों को देखा, तो उनका आत्मविश्वास डगमगा गया।

हाथ में गांडीव होने के बावजूद उनके मन में मोह, भय और करुणा का भाव हावी हो गया। उस समय भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें सबसे पहले जिस ज्ञान का बोध कराया, वही आगे चलकर भगवद्गीता का आधार बना। यही नहीं उनका दिया हुआ ज्ञान आज भी लोगों के जीवन के लिए प्रासंगिक है। आइए आपको बताते हैं श्री कृष्ण ने अर्जुन को सबसे पहला मंत्र कौन सा दिया था, जिससे पूरी महाभारत की पृस्ठभूमि ही बदल गई थी।

जब अपनों को सामने देखकर विचलित हो गए थे अर्जुन

युद्ध शुरू होने से पहले अर्जुन ने श्रीकृष्ण से अपना रथ दोनों सेनाओं के बीच ले चलने को कहा, जिससे वह देख सकें कि उन्हें किन योद्धाओं से युद्ध करना है। उसी समय सामने अपने ही परिजनों और गुरुओं को देखकर उनका मन व्याकुल हो उठा। उनके हाथ कांपने लगे, मुख सूखने लगा और गांडीव धनुष हाथ से छूटने लगा।

अर्जुन ने श्रीकृष्ण से कहा कि उन्हें ऐसा राज्य और सुख नहीं चाहिए, जिसके लिए उन्हें अपने ही भाई और बंधुओं का वध करना पड़े। उन्होंने श्री कृष्ण के सामने हाथ जोड़े और खुद को इस असमंजस से बाहर निकलने का रास्ता पूछा।

श्रीकृष्ण ने अर्जुन को सबसे पहले दिया यह जीवन मंत्र

अर्जुन की इस दुविधा को दूर करने के लिए श्रीकृष्ण ने सबसे पहले उन्हें आत्मा और शरीर के बीच का अंतर समझाया। भगवद्गीता के दूसरे अध्याय में श्रीकृष्ण कहते हैं कि ज्ञानी व्यक्ति न जीवित और न ही मृत व्यक्ति के लिए शोक करते हैं। उन्होंने अर्जुन को समझाया कि आत्मा न कभी जन्म लेती है और न ही उसकी मृत्यु होती है।

शरीर नश्वर है, लेकिन आत्मा शाश्वत और अविनाशी है। मनुष्य जिस प्रकार पुराने वस्त्रों को त्यागकर नए वस्त्र धारण करता है, उसी प्रकार आत्मा भी पुराने शरीर को छोड़कर नया शरीर धारण करती है। इसलिए जो मृत हो रहे हैं उन्हें भी अगला जन्म मिलेगा।

गीता के दूसरे अध्याय का यह श्लोक देता है जीवन की बड़ी सीख

वासांसि जीर्णानि यथा विहाय
नवानि गृह्णाति नरोऽपराणि।
तथा शरीराणि विहाय जीर्णा-
न्यन्यानि संयाति नवानि देही॥

अर्थ- जिस प्रकार मनुष्य पुराने वस्त्रों को छोड़कर नए वस्त्र धारण करना है, उसी प्रकार आत्मा पुराने शरीर को छोड़कर नया शरीर धारण करती है। इसलिए किसी बात का शोक करने के बजाय आगे बढ़ना जरूरी है।

कर्म से पीछे न हटकर आगे बढ़ने में ही सफलता है

आत्मा का ज्ञान देने के बाद श्रीकृष्ण ने अर्जुन को उनके क्षत्रिय धर्म और कर्तव्य का बोध कराया। उन्होंने समझाया कि मनुष्य का अधिकार केवल कर्म करने में है, उसके फल पर नहीं। इसके लिए भी एक श्लोक श्री कृष्ण ने गीता में बताया है-

कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन।

इसका अर्थ है कि मनुष्य को अपना कर्म पूरी निष्ठा से करना चाहिए, लेकिन उसके परिणाम को लेकर आसक्त नहीं होना चाहिए।

श्री कृष्ण के द्वारा दिया गया यही वह ज्ञान था, जिसने अर्जुन को मानसिक भ्रम से बाहर निकलने और अपने कर्तव्य को समझने की प्रेरणा दी। यही नहीं इस मंत्र ने ही पूरी महाभारत की गाथा बदल दी।

सोर्स- श्रीमद्भगवद्गीता

यह भी पढ़ें- न जीत का घमंड, न हार का गम! श्रीमद्भगवद्गीता का यह श्लोक सिखाता है जीवन का असली मंत्र

यह भी पढ़ें- श्रीमद्भगवद्गीता के 2 श्लोकों में छिपा जीवन का गहरा रहस्य, श्रीकृष्ण ने बताया मोह-माया से मुक्ति का मार्ग


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।