क्या वाकई इंसान खुद लिख सकता है अपनी किस्मत? गीता के इस श्लोक में भगवान श्रीकृष्ण ने बताया सफलता का अचूक मंत्र
भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने एक श्लोक के माध्यम से जीवन का गहरा रहस्य समझाया है, जो हमें आत्मनिर्भर बनने और सफलता की राह पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

श्री कृष्ण का अर्जुन को दिया गया उपदेश (Picture Credit: AI Generated)
HighLights
मनुष्य अपने कर्मों और प्रयासों से अपनी किस्मत बदल सकता है।
गीता का श्लोक आत्म-उत्थान और स्वयं पर भरोसा सिखाता है।
सफलता के लिए अपनी क्षमताओं को पहचानना और प्रयास करना आवश्यक है।
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। अक्सर लोग किसी भी असफलता को नियति का लिखा हुआ मानकर बैठ जाते हैं। आपने कई बार लोगों को ऐसा कहते जरूर सुना होगा कि उनकी किस्मत में ही ऐसा लिखा था और भाग्य को बदला नहीं जा सकता है। मन में एक सवाल यह भी आता है कि क्या वास्तव में इंसान की किस्मत पहले से लिखी होती है या वह अपने कर्मों और प्रयासों से अपनी तकदीर बदल सकता है?
जीवन में कई बार ऐसी परिस्थितियां आती हैं, जब व्यक्ति अपनी असफलताओं के लिए भाग्य को जिम्मेदार मानने लगता है। श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने एक श्लोक के माध्यम से ऐसा संदेश दिया है, जो इंसान को अपनी शक्ति पहचानने और स्वयं अपना मार्ग बनाने की प्रेरणा देता है।
गीता का यह श्लोक बताता है कि व्यक्ति का सबसे बड़ा सहारा और सबसे बड़ी बाधा उसका अपना मन हो सकता है। यही नहीं कोई भी व्यक्ति अपने कर्मों से किस्मत को बदल सकता है। आइए जानें गीता में लिखे इस श्लोक के बारे में।
गीता का श्लोक बताता है किस्मत बदलने का रहस्य
श्रीमद्भगवद्गीता के छठे अध्याय के पांचवें श्लोक में भगवान श्रीकृष्ण अर्जुन को आत्मउत्थान का संदेश देते हैं। इसमें एक श्लोक लिखा है जो व्यक्ति को उसकी हाथों लिखने के बारे में बताता है।
श्लोक:
उद्धरेदात्मनात्मानं नात्मानमवसादयेत्।
आत्मैव ह्यात्मनो बन्धुरात्मैव रिपुरात्मनः॥
श्लोक का अर्थ:
मनुष्य को स्वयं अपने प्रयासों से अपना उत्थान करना चाहिए और खुद को नीचे नहीं गिराना चाहिए। मनुष्य स्वयं ही अपना मित्र है और स्वयं ही अपना शत्रु भी है।
यह श्लोक श्री कृष्ण ने अर्जुन से कुरुक्षेत्र के मैदान में उस समय कहा जब अर्जुन युद्धभूमि में अपने ही परिजनों और गुरुओं को सामने देखकर मोह, विषाद और मानसिक दुविधा से घिर गए थे, उस समय उन्हें मानसिक रूप से मजबूत करने के लिए कृष्ण ने यह बात कही। यह श्लोक आज भी व्यक्ति को अपना भाग्य स्वयं निर्धारित करने की प्रेरणा देता है।
क्या व्यक्ति अपने कर्मों से बदल सकता है किस्मत?
इस श्लोक के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण बताते हैं कि किसी भी व्यक्ति को अपनी परिस्थितियों के सामने हार नहीं माननी चाहिए। व्यक्ति के विचार, निर्णय और कर्म उसके जीवन की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यदि मनुष्य निराशा, डर और नकारात्मक सोच में उलझा रहता है, तो वह अपनी क्षमताओं का पूरा उपयोग नहीं कर पाता।
इसके विपरीत, आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ किए गए प्रयास उसे आगे बढ़ने की शक्ति देते हैं। कोई भी व्यक्ति स्वयं पर भरोसा करके और निरंतर अपने कर्मों से अपनी किस्मत को बदल सकता है।
सफलता पाने के लिए श्रीकृष्ण की सीख
श्री कृष्ण गीता के माध्यम से यह सीख देते हैं कि किसी भी व्यक्ति को सफलता पाने के लिए सबसे पहले अपनी क्षमताओं को पहचानने और दूसरों पर पूरी तरह निर्भर रहने के बजाय स्वयं प्रयास करने की जरूरत है।
जीवन में बड़ी से बड़ी असफलता मिलने पर भी खुद को कमजोर न समझें, बल्कि अपनी गलतियों से सीख लेकर दोबारा आगे बढ़ने की कोशिश करें।
केवल अच्छे परिणाम की इच्छा करने के बजाय अपने लक्ष्य के लिए नियमित प्रयास करें। तभी निश्चित रूप से सफलता हासिल की जा सकती है।
भगवान श्रीकृष्ण का यह श्लोक सिखाता है कि भाग्य के भरोसे बैठने के बजाय मनुष्य को अपने कर्मों और प्रयासों पर ध्यान देना चाहिए। ऐसा करने से अपनी किस्मत को बदला जा सकता है और जीवन में सफलता हासिल की जा सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।