दौलत का शोर नहीं, सिर्फ 'राधे-राधे' की गूंज, अनंत अंबानी ने की गोवर्धन परिक्रमा, क्यों खास है यह यात्रा?
अनंत अंबानी ने हाल ही में ब्रज के पावन धाम पहुंचकर गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा की, जिसका सनातन धर्म में विशेष महत्व है। यह परिक्रमा भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाने की पौराणिक कथा से जुड़ी है और भक्तों को सुख-शांति प्रदान करती है।

श्रीकृष्ण की शरण में अनंत अंबानी
HighLights
अनंत अंबानी ने ब्रज के गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा पूरी की।
यह परिक्रमा भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी, भक्तों को सुख-शांति देती है।
दानघाटी, मानसी गंगा जैसे पवित्र स्थल परिक्रमा मार्ग में आते हैं।
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। रिलायंस इंडस्ट्रीज के कार्यकारी निदेशक और प्रमुख उद्योगपति अनंत अंबानी (Anant Ambani Govardhan Parikrama) ने हाल ही में ब्रज के पावन धाम पहुंचकर गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा की। सनातन धर्म में गिरिराज जी की परिक्रमा का बेहद खास महत्व है। वे जतीपुरा मुखारविंद गिरिराज जी मंदिर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने दर्शन और पूजा-अर्चना की।
यह मंदिर उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में गोवर्धन के पास स्थित है। अनंत अंबानी ने श्री गिरिराज जी मुखारविंद मंदिर में दर्शन के बाद गोवर्धन की परिक्रमा की शुरुआत की। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस परिक्रमा को करने से भक्त के जीवन में सुख-शांति आती है और शुभ परिणाम प्राप्त होते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि आखिर गोवर्धन परिक्रमा क्यों की जाती है और इससे जुड़ी क्या मान्यताएं हैं? अगर नहीं, तो ऐसे में आइए इस आर्टिकल में आपको विस्तार से बताते हैं गोवर्धन परिक्रमा से जुड़े रहस्य और नियमों के बारे में।
कैसे हुई गोवर्धन परिक्रमा की शुरुआत?
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, जब भगवान श्रीकृष्ण ने द्वापर युग में ब्रजवासियों को इंद्र देव के स्थान पर गोवर्धन पर्वत की पूजा करने के लिए कहा, तो इंद्र देव को क्रोध आया और उन्होंने ब्रज में मूसलाधार बारिश शुरू कर दी। इस स्थिति में भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठ उंगली पर गोवर्धन पर्वत को धारण कर ब्रजवासियों एवं जीव-जंतुओं के प्राणों की रक्षा की थी।
इसके बाद से ही गोवर्धन पर्वत को भगवान श्रीकृष्ण का स्वरूप मानकर पूजा-अर्चना की जाने लगी। उसी समय से गोवर्धन पूजा और इसकी परिक्रमा की परंपरा प्रारंभ हुई। गोवर्धन परिक्रमा का वर्णन श्रीमद्भागवत महापुराण के दशम स्कंध में है।
परिक्रमा करने से मिलता है शुभ फल
धार्मिक मान्यता के अनुसार, जो श्रद्धालु सच्चे मन से गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा करता है, उसके जीवन में सदैव भगवान श्रीकृष्ण की कृपा बनी रहती है और जीवन में आने वाले सभी दुख-दर्द दूर हो जाते हैं। साथ ही मन को शांति प्राप्त होती है और भक्त की सभी मुरादें पूरी होती हैं।
गोवर्धन परिक्रमा में आते हैं ये प्रमुख धार्मिक स्थल
गोवर्धन परिक्रमा के दौरान दानघाटी मंदिर, मानसी गंगा, राधाकुंड, कुसुम सरोवर और पूंछरी का लौठा जैसे पवित्र स्थल आते हैं।
इन बातों का रखें ध्यान
- परिक्रमा के दौरान किसी से वाद-विवाद न करें।
- किसी के बारे में गलत न सोचें।
- काले रंग के कपड़े भूलकर भी धारण न करें।
- परिक्रमा के समय भगवान श्रीकृष्ण के नाम का ध्यान करें।
- परिक्रमा मार्ग से मिट्टी या पत्थर घर न लाएं।
- परिक्रमा बीच में अधूरी नहीं छोड़नी चाहिए।
- इस दौरान तामसिक भोजन और नशे का सेवन न करें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।