विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सूप पीटने की रस्म से भव्य तुलसी विवाह तक; पढ़ें UP, राजस्थान और बिहार में देवठान की अनूठी परंपराएं

Published: Fri, 20 Nov 2026 03:18 PM (IST)

देवउठनी एकादशी पर यूपी, राजस्थान और बिहार में आस्था के अनूठे रंग दिखते हैं। कहीं सूप पीटकर देवताओं को जगाने की रोचक लोक-परंपरा है, तो कहीं भव्य तुलसी-शालिग्राम विवाह की रौनक। जानिए इन राज्यों में देवठान मनाने की  परंपराएं। 

कैसे मनाया जाता है देवठान का पर्व? (Picture Credit- AI Generated)

कैसे मनाया जाता है देवठान का पर्व? (Picture Credit- AI Generated)

HighLights

  1. उत्तर प्रदेश में गेरू-खड़िया से चित्र, गन्ने का मंडप, सूप पीटकर जगाना।

  2. राजस्थान में आंगन में रंगोली, तुलसी विवाह, मंदिरों की भव्य सजावट।

  3. बिहार में अरिपन से सजावट, विष्णु चरण चिह्न, पारंपरिक मैथिली गीत।

धर्म डेस्क, नई दिल्ली। हिंदू धर्म में कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि का विशेष महत्व है, जिसे देवउठनी एकादशी (Dev Uthani Ekadashi 2026) या देवठान के नाम से जाना जाता है। इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योग निद्रा से जागते हैं और इसी के साथ चातुर्मास का समापन होता है।
देवउठनी एकादशी से शुभ एवं मांगलिक कामों की शुरुआत होती है। इस शुभ अवसर पर देश के अलग-अलग राज्यों में देवठान के पर्व को मनाने की कई खास परंपराएं देखने को मिलती हैं। खासतौर पर उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार में इस दिन बेहद खास रौनक रहती है। आइए, इस आर्टिकल में हम आपको विस्तार से बताते हैं कि देश के इन 3 राज्यों में कैसे मनाया जाता है देवठान का पर्व।

उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश में देवउठनी एकादशी के दिन गेरू और खड़िया से आंगन या पूजा घर में भगवान विष्णु का चित्र बनाया जाता है। साथ ही, विष्णु जी और मां लक्ष्मी के चरण चिह्न भी बनाए जाते हैं। इसके अलावा प्रभु के चित्र के चारों तरफ गन्ने का मंडप सजाया जाता है। पूजा के दौरान मंडप में फल, मिठाई और मौसमी सब्जियां आदि रखकर ऊपर से बांस के सूप या डलिया से ढक दिया जाता है।
शाम को शुभ मुहूर्त के दौरान महिलाएं सूप पीटकर "देव उठो देव, बैठो देव..." लोकगीत गाकर देवताओं को जगाती हैं। उत्तर प्रदेश की यह खास परंपरा प्राचीन समय से निभाई जा रही है।

राजस्थान

राजस्थान में देवउठनी एकादशी को 'देवउठनी ग्यारस' भी कहा जाता है। इस दिन महिलाएं आंगन और चौखट पर रंगोली बनाती हैं और भगवान विष्णु के चरण चिह्न अंकित करती हैं। इसके अलाव, यहां देवउठनी एकादशी के दिन तुलसी विवाह भी बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है।
तुलसी के पौधे को चुनरी और गहनों से दुल्हन की तरह सजाया जाता है और इस दौरान पारंपरिक लोकगीत गाए जाते हैं। साथ ही, इस पावन अवसर पर खाटू श्याम मंदिर और नाथद्वारा मंदिर को भव्य रूप से सजाया जाता है।

बिहार

देवउठनी एकादशी के दिन बिहार में आंगन और तुलसी के पौधे के पास की जगह को पिसे हुए अरवा चावल के घोल से सजाया जाता है, जिसे 'अरिपन' कहा जाता है। साथ ही, घर के बाहर से अंदर की तरफ भगवान विष्णु के चरण चिह्न बनाए जाते हैं, जिन्हें उनके आगमन का प्रतीक माना जाता है।
इस दिन महिलाएं तुलसी चौरा के पास बैठकर पारंपरिक मैथिली गीत गाती हैं। पूजा के दौरान भगवान विष्णु को शकरकंद, सिंघाड़ा, कंद-मूल और गन्ने आदि का भोग लगाया जाता है।

यह भी पढ़ें- Dev Uthani Ekadashi 2026: शंख और घंटी से ही क्यों जागते हैं विष्णु जी? रहस्य जानकर आप भी बोलेंगे 'जय श्रीहरि'

यह भी पढ़ें- आज योगनिद्रा से जागेंगे श्रीहरि! Devuthani Ekadashi का शुभ मुहूर्त, पूजा विधि, कथा और आरती तक यहां जानें सबकुछ

अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया अंधविश्वास के खिलाफ है

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।