यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 19, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
राजस्थान: कोटा में युवक की हत्या के बाद बवाल, दो समुदायों में तनाव; भीड़ ने दुकान फूंकी
राजस्थान के कोटा में सनसनीखेज हत्याकांड का मामला सामने आया है। अतीक अहमद नाम के एक शख्स ने संदीप शर्मा ...और पढ़ें

HighLights
- कोटा में युवक को सरेआम चाकुओं से गोदकर मार डाला।
- आरोपी अतीक अहमद ने ली संदीप शर्मा की जान।
- घटना से पहले दोनों के बीच हुई थी काफी बहस।
कोटा (राजस्थान), पीटीआई। कोटा में एक शख्स ने सरेआम युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। आरोपी व्यक्ति कुछ समय पहले ही जमानत पर जेल से रिहा हुआ था। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। लोग सड़कों पर उतर आए हैं। लोगों का गुस्सा इस कदर बढ़ा कि उन्होंने आरोपी के घर को आग लगाने की कोशिश की।
यह घटना कोटा के कनवास की है। पुलिस के अनुसार सड़क किनारे आरोपी के रिश्तेदार की दुकान है, जिसे भीड़ ने आग के हवाले कर दिया। कुछ ही देर में दुकान जलकर खाक हो गई। मामले पर काबू पाने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
यह भी पढ़ें- एअर इंडिया की फ्लाइट के यात्रियों की हुई फजीहत, दिल्ली से पटना जाने वाले विमान का AC खराब; पसीना पोंछते दिखे लोग
अतीक ने क्यों किया संदीप का कत्ल?
कोटा ग्रामीण के एसपी सुजीत शंकर का कहना है कि यह हादसा शोरूम के बाहर हुआ। आरोपी का नाम अतीक अहमद है। संदीप शर्मा कुर्सी पर बैठा था, तभी अतीक वहां पहुंचा और उसने कुर्सी खाली करने को कहा। संदीप कुर्सी से नहीं उठा, जिसे लेकर दोनों में बहस हो गई। अतीक मौके से चला गया और फिर 10 मिनट बाद हाथ में चाकू लेकर वापस आया।
एसपी सुजीत शंकर के अनुसार,
अतीक ने संदीप पर एक के बाद एक लगातार कई बार चाकू से वार किया और मौके से फरार हो गया। संदीप ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
लोगों का फूटा गुस्सा
पुलिस के मुताबिक, "अतीक पर पहले से 3 क्रिमिनल केस चल रहे हैं। वो जमानत पर बाहर था। घटना के बाद से ही अतीक फरार है और पुलिस उसे ढूंढ रही है। इस घटना के विरोध में सभी दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दी हैं और सड़कों पर उतर आए हैं। भीड़ ने अतीक के घर को भी जलाने का प्रयास किया। वहीं, सड़क के किनारे स्थित अतीक के एक रिश्तेदार की दुकान जलाकर राख कर दी गई।"
परिवार ने पोस्टमार्टम से किया इनकार
संदीप के परिवार ने भी शव का पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया है। उन्होंने अतीक के खिलाफ कड़ा कदम उठाने और उसके घर को जमींदोज करने की मांग की है। राजस्थान के मंत्री हीरालाल नागर, कमिश्नर राजेंद्र शेखावत, कोटा के कलेक्टर रवींद्र गोस्वामी और एसपी सुजीत शंकर ने घटनास्थल का दौरा किया है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
सूत्रों की मानें तो शाम तक किसी तरह समझा बुझाकर परिवार को पोस्टमार्टम के लिए मनाया गया है। हालांकि अतीक अभी तक पुलिस के चंगुल से गायब है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
