Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Jagdeep Dhankhar In Rajasthan: उपराष्ट्रपति बोले, भारत फिर बनेगा विश्व गुरु

    By AgencyEdited By: Sachin Kumar Mishra
    Updated: Tue, 25 Oct 2022 08:16 PM (IST)

    Jagdeep Dhankhar In Rajasthan उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सही शिक्षा और सोच की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि भारत फिर से विश्व गुरु बनने के लिए तैयार है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एक दशक के भीतर देश दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरेगा।

    Hero Image
    उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ बोले, भारत फिर बनेगा विश्व गुरु। फाइल फोटो

    जयपुर, एजेंसी। Jagdeep Dhankhar In Rajasthan: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने मंगलवार को सही शिक्षा और सोच की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि भारत फिर से 'विश्व गुरु' बनने के लिए तैयार है। आबू रोड में ब्रह्म कुमारियों की 85वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एक दशक के भीतर देश दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरेगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सही शिक्षा, सही सोच और सही ज्ञान दे सकता है ताकत

    प्रेट्र के मुताबिक, जगदीप धनखड़ ने कहा कि सही शिक्षा, सही सोच और सही ज्ञान हमें ताकत दे सकता है। भारत अतीत में एक विश्व गुरु था और भविष्य में फिर से विश्व गुरु हो जाएगा। उन्होंने कहा कि हमने जो सपना देखा था, वह जल्द ही पूरा होगा। हमारे शिक्षण संस्थानों ने दुनिया को आगे बढ़ाया है। दुनिया के इतिहास में सच्चाई और शांति का संदेश देने वाला भारत के अलावा कोई दूसरा देश नहीं है।

    एक दशक में दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरेगा भारत

    उपराष्ट्रपति ने कहा कि देश की नई शिक्षा नीति इसकी संस्कृति, विचारों और विरासत को ध्यान में रखकर बनाई गई है। उन्होंने कहा कि देश एक नई दिशा में जाएगा, क्योंकि शिक्षा मूल है और धर्म हमारी विरासत और पूंजी है। धनखड़ ने कहा कि कोरोना वायरस महामारी के दौरान भी भारत ने पूरी दुनिया की सेवा की। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और एक दशक के भीतर यह तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरेगा।

    धनखड़ ने श्रीनाथ के दर्शन कर विश्वास स्वरूपम का किया अवलोकन

    उदयपुर, संवाद सूत्र। देश के उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ मंगलवार को सपरिवार नाथद्वारा पहुंचे। श्रीनाथजी के दर्शन करने के बाद उन्होंने विश्व की सबसे ऊंची शिव प्रतिमा ‘‘विश्वास स्वरूपम‘‘ का किया अवलोकन किया। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी और संत कृपा सनातन संस्थान के ट्रस्टी मदन पालीवाल ने उनका स्वागत किया। इस दौरान राज्य सरकार के सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना भी मौजूद रहे।

    सीपी जोशी ने किया स्वागत

    विश्व की सबसे ऊंची शिव प्रतिमा का अवलोकन करने के दौरान उप राष्ट्रपति धनखड़ ने कहा कि वह राज्यपाल रहते हुए यहां आए और धर्मपत्नी के साथ शिव प्रतिमा के शीश पर जाकर पूरा दृश्य देखा कि जो कुछ मदनजी ने सोचा था, वह अब पूरी तरह हकीकत में सामने आने लगा है। इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष डा. सीपी जोशी ने उप राष्ट्रपति और उनकी धर्मपत्नी का स्वागत किया और उन्हें फिर से नाथद्वारा आने का निमंत्रण दिया। जोशी ने उन्हें न्यौता दिया कि वह शिव प्रतिमा के लोकार्पण के लिए यहां पधारें।

    परिवार सहित पहुंचे नाथद्व्रारा

    इससे पहले उप राष्ट्रपति धनखड़ परिवार सहित श्रीनाथजी के दर्शन के लिए नाथद्वारा मंदिर पहुंचे। मोतीमहल पहुंचने के बाद उन्होंने मंदिर में भोग आरती झांकी के दर्शन किए। मंदिर परंपरानुसार तिलकायत पुत्र विशाल बावा ने उप राष्ट्रपति को उपरना ओढ़ा कर पान, प्रसाद, बीडा, भेंट समाधान किया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष डा. सीपी जोशी, राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना भी मौजूद रहे।

    शिव प्रतिमा का लोकार्पण समारोह 29 से

    पुष्टीमार्गीय वैष्णव संप्रदाय की सबसे बड़ी पीठ श्रीनाथजी की नगरी नाथद्वारा विश्व की सबसे बड़ी 369 फीट ऊंची शिव प्रतिमा ‘‘विश्वास स्वरूपम‘‘ का लोकार्पण महोत्सव 29 अक्टूबर से शुरू होगा। नौ दिवसीय कार्यक्रम के बीच इस प्रतिमा का लोकार्पण समारोह आयोजित होगा, जिसमें देश-विदेश के कई लोग भाग लेंगे। इस प्रतिमा का लोकार्पण प्रख्यात संत एवं रामकथा वाचक मोरारी बापू करेंगे। इस प्रतिमा का निर्माण संत कृपा सनातन संस्थान के ट्रस्टी मदन पालीवाल ने कराया है। भगवान शिव की अल्हड़ रूप में बनाई प्रतिमा बेहद ही सौम्य है। नाथद्वारा की गणेश टेकरी पर बनी यह प्रतिमा 20 किलोमीटर दूर से ही नजर आने लग जाती है।

    यह भी पढ़ेंः राजीव गांधी ट्रस्ट का एफसीआरए लाइसेंस रद करने पर अशोक गहलोत ने जताई नाराजगी

    यह भी पढ़ेंः कच्ची बस्तियों में दीपावली की खुशियां बांटने पहुंचे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला