Rajasthan News: राजीव गांधी ट्रस्ट का एफसीआरए लाइसेंस रद करने पर अशोक गहलोत ने जताई नाराजगी
Rajasthan News केंद्र सरकार द्वारा राजीव गांधी फाउंडेशन और राजीव गांधी ट्रस्ट का एफसीआरए लाइसेंस रद करने पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने नारा ...और पढ़ें

जयपुर, जागरण संवाददाता। Rajasthan News: केंद्र सरकार द्वारा राजीव गांधी फाउंडेशन और राजीव गांधी ट्रस्ट का एफसीआरए लाइसेंस रद करने पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने नाराजगी जताई है। अशोक गहलोत ने इस कार्यवाही को राजनीतिक दुर्भावना बताते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि इस कार्यवाही से साबित हो गया कि केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार किस हद तक गिर गई है।
अशोक गहलोत ने मोदी सरकार पर साधा निशाना
अशोक गहलोत ने रविवार को ट्वीट में लिखा कि ऐसे कुप्रयासों से मोदी सरकार जनता की नजरों में खुद को ही एक्सपोज कर रही है। इन दोनों संस्थानों का भूकंप, सुनामी और कोविड सहित हर आपदा में पीड़ितों की मदद का इतिहास रहा है। राजीव गांधी फाउंडेशन अनाथों, महिलाओं व दिव्यांगों की सेवा का काम करता है। राजीव गांधी चैरिटेबल ट्रस्ट महिला सशक्तिकरण व दृष्टिबाधितों की सेवा का कार्य कर रहा है।
अशोक गहलोत हुए अस्वस्थ, सभी कार्यक्रम रद
इस बीच, सीएम अशोक गहलोत रविवार को अस्वस्थ हो गए। अस्वस्थता के कारण उनके सभी कार्यक्रम रद कर दिए गए।
जांच के बाद हुई कार्रवाई
केंद्र सरकार द्वारा गांधी परिवार से जुड़े गैर सरकारी संगठन राजीव गांधी फाउंडेशन का विदेशी योगदान नियमन अधिनियम का लाइसेंस रद करने की कार्रवाई 2020 में गृह मंत्रालय द्वारा गठित एक अंतर-मंत्रालयी समिति द्वारा की गई जांच के बाद हुई है। एक अधिकारी ने बताया कि राजीव गांधी फाउंडेशन का एफसीआरए लाइसेंस उसके खिलाफ हुई जांच के बाद रद कर दिया गया है। राजीव गांधी फाउंडेशन की अध्यक्ष सोनिया गांधी हैं। राजीव गांधी फाउंडेशन के अन्य ट्रस्टियों में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शामिल हैं।
1991 में की गई स्थापना
राजीव गांधी फाउंडेशन की स्थापना भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए की गई थी। सोनिया गांधी के नेतृत्व में जुलाई 1991 में बैठक हुई और फाउंडेशन के लिए एक प्रस्ताव पारित किया गया था। 1991 में स्थापित राजीव गांधी फाउंडेशन ने 1991 से 2009 तक स्वास्थ्य, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, महिलाओं और बच्चों, विकलांगता सहायता आदि सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर काम किया है। राजीव गांधी फाउंडेशन वेबसाइट के अनुसार, संगठन ने शिक्षा क्षेत्र में भी काम किया है।
यह भी पढ़ेंः नारायण राणे का दावा, शिवसेना उद्धव गुट के चार विधायक मेरे संपर्क में
यह भी पढ़ेंः नीति आयोग की तर्ज पर बनेगा महाराष्ट्र इंस्टीट्यूट फार ट्रांसफार्मेशन

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।