विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 18, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

गोगामेड़ी हत्या केस में सात आरोपितों को भेजा गया जेल, शूटरों तक हथियार-पैसा पहुंचाने वाला अब भी फरार

By Jagran NewsEdited By: Abhinav Atrey
Published: Mon, 18 Dec 2023 09:25 PM (IST)

राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या में शामिल सात आरोपितों को सोमवार को जयपुर स्थित ...और पढ़ें

शूटरों तक हथियार-पैसा पहुंचाने वाला अब भी फरार (फाइल फोटो)
शूटरों तक हथियार-पैसा पहुंचाने वाला अब भी फरार (फाइल फोटो)

HighLights

  1. पुलिस ने आरोपियों से सोडाला थाने में पूछताछ शुरू की
  2. पुलिस कर रही जांच में एनआईए का सहयोग
  3. राज्य सरकार ने जांच NIA को सौंपने की सिफारिश की

जागरण संवाददाता, जयपुर। राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या में शामिल सात आरोपितों को सोमवार को जयपुर स्थित एनआईए से संबंधित न्यायालय में पेश किया गया। यहां से उन्हें दो जनवरी, 2024 तक जेल भेज दिया गया है।

मामले की जांच कर रही एनआईए की टीम ने गोगामेड़ी की हत्या करने वाले दोनों शूटरों नितिन फौजी व रोहित राठौड़ के साथ ही उनका सहयोग करने वाले रामवीर जाट, सुमित, राहुल, भवानी और उधम सिंह को कड़ी सुरक्षा के बीच न्यायालय में पेश किया।

पुलिस ने सोडाला थाने में पूछताछ शुरू की

दरअसल, एनआईए ने न्यायालय के आदेश पर चार दिन पहले इस मामले से जुड़ी केस डायरी और आरोपितों को अपने कब्जे में ले लिया था। इसके बाद गिरफ्तार सभी आरोपितों से अपने स्तर पर सोडाला थाने में पूछताछ शुरू की।

पुलिस कर रही जांच में एनआईए का सहयोग

राज्य पुलिस की टीम भी जांच में एनआईए का सहयोग कर रही है। राज्य पुलिस में अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एमएन ने इस मामले की जांच के लिए जयपुर के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कैलाश बिश्नोई के नेतृत्व में एसआईटी गठित की थी। एसआईटी ने नितिन और राहुल को फरारी में सहयोग करने वाले रामवीर जाट, उधम सिंह और वारदात के पहले नितिन को आश्रय देने के मामले में पूजा सैनी को गिरफ्तार कर लिया था।

राज्य सरकार ने जांच NIA को सौंपने की सिफारिश की

इसके साथ ही हत्या की साजिश में भवानी सिंह, राहुल और सुमित को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया था। इस बीच राज्य सरकार ने मामले की जांच एनआईए को सौंपने की सिफारिश की थी। एनआईए ने जांच अपने हाथ में लेते हुए सभी आरोपितों को अपने कब्जे में लिया था।

महेंद्र को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें जुटी

दोनों शूटरों तक हथियार और पैसा पहुंचाने वाला कोटा का हिस्ट्रीशीटर महेंद्र अभी फरार है। महेंद्र को पकड़ने के लिए एजेंसी और पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस को आशंका है कि महेंद्र के पास एके-47 भी हो सकती है। पुलिस ने महेंद्र पर दो लाख रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा है। उल्लेखनीय है कि जयपुर के श्याम नगर स्थित आवास में बैठे गोगामेड़ी की पांच दिसंबर को दोपहर में नितिन व राहुल ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

ये भी पढ़ें: RBSE Date Sheet 2024: राजस्थान बोर्ड 10वीं, 12वीं की परीक्षाओं के लिए Time Table जल्द होंगे जारी, ये है अपडेट