विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 12, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jaipur News: सौम्या गुर्जर ने फिर संभाला जयपुर ग्रेटर नगर निगम के महापौर का पद

By AgencyEdited By: Sachin Kumar Mishra
Published: Sat, 12 Nov 2022 05:15 PM (GMT+05:30)

Jaipur News राजस्थान में सौम्या गुर्जर ने शनिवार को जयपुर ग्रेटर नगर निगम के महापौर के रूप में फिर से ...और पढ़ें

सौम्या गुर्जर ने फिर संभाला जयपुर ग्रेटर नगर निगम के महापौर का पद। फाइल फोटो
सौम्या गुर्जर ने फिर संभाला जयपुर ग्रेटर नगर निगम के महापौर का पद। फाइल फोटो

जयपुर, एजेंसी। Jaipur News: राजस्थान में सौम्या गुर्जर (Somya Gurjar) ने शनिवार को जयपुर ग्रेटर नगर निगम के महापौर के रूप में फिर से पदभार संभाल लिया है। राजस्थान उच्च न्यायालय (Rajasthan High Court) ने राज्य सरकार द्वारा उन्हें अयोग्य घोषित किए जाने के आदेश को रद कर दिया था। 

राजस्थान सरकार पर लगाया साजिश रचने का आरोप

प्रेट्र के मुताबिक, कार्यभार संभालने के बाद सौम्या गुर्जर ने राजस्थान सरकार पर उनके खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि यह उन लोगों के लिए करारा जवाब है, जिन्होंने साजिश रची है। जो साजिश रचते हैं, वह अपनी साजिशों में हार जाते हैं।

सौम्या ने बर्खास्तगी को हाई कोर्ट में दी थी चुनौती

सौम्या गुर्जर को सितंबर में जयपुर मेयर के पद से अयोग्य घोषित कर दिया गया था, जब न्यायिक जांच में उन्हें आयुक्त यज्ञमित्र सिंह देव के साथ दुर्व्यवहार करने और उन्हें आधिकारिक काम से रोकने का दोषी पाया गया था। सौम्या ने अपनी बर्खास्तगी को हाई कोर्ट में चुनौती दी थी। वीरवार को उच्च न्यायालय की एकल न्यायाधीश पीठ ने तकनीकी आधार पर अयोग्यता के आदेश को रद कर दिया कि न्यायिक जांच के बाद महापौर से कोई टिप्पणी नहीं मांगी गई थी।

हाई कोर्ट के आदेश के बाद चुनावी प्रक्रिया को रोका गया था

सौम्या को छह साल के लिए चुनाव लड़ने से अयोग्य घोषित करने का आदेश पारित किया गया था। मुख्यमंत्री की मंजूरी के बिना कैसे नियमों के तहत विचार किया गया है। पीठ ने कहा कि आदेश को रद करने के साथ जयपुर ग्रेटर नगर निगम में महापौर पद के लिए कोई रिक्ति नहीं थी। हाई कोर्ट का फैसला तब आया जब इस पद के लिए उपचुनाव हो रहे थे। हाई कोर्ट के आदेश के बाद चुनाव प्रक्रिया को रोक दिया गया था।

जानें, कौन हैं सौम्या गुर्जर

राजस्थान के करौली जिले की सौम्या गुर्जर को पहली बार गठित नगर निगम ग्रेटर जयपुर की पहली मेयर बनने का सौभाग्य मिला था। आठ जनवरी, 1984 को जन्‍मी सौम्‍या गुर्जर राजनीति की मंझी हुई खिलाड़ी नहीं रही, बल्कि योग और एथेलेटिक्‍स में भी उनकी अच्‍छी पकड़ रही है। राजस्थान के दस्यु क्षेत्र कहे जाने वाले डांग इलाके से निकली सौम्या ने डांग इलाके में महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में काम किया और अपनी पहचान प्रदेश स्तर पर बनाई। राजस्थान विश्वविद्यालय जयपुर से दर्शनशास्त्र में पीएचडी करने के बाद सौम्या गुर्जर ने राजधानी की राजनीति में कदम रखा। इससे पहले वह करौली जिला परिषद की सदस्य रह चुकी थी और राज्य महिला आयोग में भी सदस्य रही।

यह भी पढ़ेंः आचार्य प्रमोद कृष्णम बोले, राजस्थान को लेकर कांग्रेस आलाकमान जल्द लेगा बड़ा फैसला