राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राजभवन में संविधान पार्क का किया उद्धाटन, कहा- संविधान हमारे लोकतंत्र का आधार
मुर्मु ने 105 संविधान संशोधनों का जिक्र करते हुए कहा कि हमारा संविधान एक जीवंत दस्तावेज है जो समय के साथ बदलती जनता की आशाओं और आकांक्षाओं को समाहित करने में पूरी तरह सक्षम है। मुर्मु ने कहा कि हमारा लोकतंत्र दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे जीवंत लोकतंत्र है।

जयपुर, पीटीआई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार को राजस्थान के राजभवन में संविधान पार्क का उद्धाटन किया। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने संविधान को जीवंत दस्तावेज बताते कहा कि यह लोगों की बदलती आशाओं और आकांक्षाओं को समाहित करने में पूरी तरह सक्षम है। मुर्मु ने राजस्थान के राजभवन में संविधान पार्क के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा लोकतंत्र दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे जीवंत लोकतंत्र है। संविधान हमारे महान लोकतंत्र का आधार है। उन्होंने कहा कि संविधान पार्क में संविधान की मूल भावना को दिखाया गया है।
संविधान में संशोधन के प्रावधान
मुर्मु ने 105 संविधान संशोधनों का जिक्र करते हुए कहा कि हमारा संविधान एक जीवंत दस्तावेज है जो समय के साथ बदलती जनता की आशाओं और आकांक्षाओं को समाहित करने में पूरी तरह सक्षम है। क्योंकि हमारे संविधान निर्माताओं ने समाज के प्रत्येक वर्ग के प्रति संवेदनशीलता, लोकतंत्र के प्रत्येक स्तर और प्रशासन के प्रत्येक पहलू के प्रति जागरूकता के कारण एक व्यापक संविधान का निर्माण किया। हमारे संविधान निर्माता दूरदर्शी थे इसलिए उन्होंने भविष्य की पीढ़ियों के अधिकार और जरूरत को समझते हुए संविधान में ही संशोधन के प्रावधान को शामिल किया गया था।
मुर्मु ने कहा कि राजस्थान का इतिहास वीरता, महिलाओं की गरिमा और सशक्तिकरण का है। आज महिलाएं अपने संघर्ष और क्षमता के बल पर लगातार पंचायत भवन से लेकर संसद तक अपनी उपस्थिति बढ़ा रही हैं और समाज व देश की सेवा कर रही हैं। उन्होंने यह भी विश्वास व्यक्त किया कि संविधान पार्क आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा। इस कार्यक्रम में राज्यपाल कलराज मिश्र और अशोक गहलोत मौजूद रहे। जिसमें मिश्र ने कहा कि संविधान लोकतंत्र की सबसे अच्छी व्याख्या करता है और राष्ट्र के आदर्शों को दर्शाता है। वहीं, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी अपने संबोधन के दौरान संविधान के प्रति जागरूकता के महत्व को रेखांकित किया।
सोलर पावर स्टेशन का शिलान्यास
जयपुर में अपने प्रवास के दौरान, राष्ट्रपति ने भादला, फतेहगढ़ और बीकानेर क्षेत्रों में 8.9 गीगावॉट सौर ऊर्जा के लिए पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया की प्रसारण प्रणाली का वर्चुअल उद्घाटन किया और 1,000 मेगावाट बीकानेर सौर ऊर्जा परियोजना की आधारशिला रखी। जयपुर में कार्यक्रम के बाद वे सिरोही के आबू रोड के लिए रवाना हो गईं जहां शाम को ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में एक सम्मेलन को संबोधित करेंगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।