Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Hindu Muslim Unity: चित्तौड़गढ़ के मुस्लिम भाइयों ने पेश की हिन्दू-मुस्लिम एकता की तस्वीर, धूमधाम से मनाया हिंदू संत का जन्मदिन

    By Vijay KumarEdited By:
    Updated: Thu, 21 Jul 2022 11:05 PM (IST)

    Hindu Muslim Unity चित्तौड़गढ़ के मुस्लिम भाइयों ने हिन्दू—मुस्लिम एकता की तस्वीर पेश की है। यहां मुस्लिम समाज ने गुरुवार को हिन्दू धर्मगुरु विनोद चंद ...और पढ़ें

    News Article Hero Image
    मुस्लिम समाज ने हिन्दू धर्मगुरु विनोद चंद्र यति के जन्मदिन बड़े ही धूमधाम से मनाया।

    उदयपुर, संवाद सूत्र। देश के विभिन्न हिस्सों में जहां कुछ आततायी लोग हिन्दू मुस्लिमों के बीच कटुता पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं चित्तौड़गढ़ के मुस्लिम भाइयों ने हिन्दू—मुस्लिम एकता की तस्वीर पेश की है। यहां मुस्लिम समाज ने गुरुवार को हिन्दू धर्मगुरु विनोद चंद्र यति के जन्मदिन बड़े ही धूमधाम से मनाया। उनके सामाजिक सौहार्द को लेकर हर ओर प्रशंसा हो रही है। चित्तौड़गढ़ में धर्मगुरु विनोद चंद्र यति महाराज के जन्मदिन के मौके पर मुस्लिम समाज की ओर से उनको माला पहनाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गई, तो गंगा-जमुनी तहजीब साकार हो उठी। मुस्लिम समाज के प्रबुद्धजनों की मौजूदगी में धर्मगुरु विनोद महाराज का जन्मदिन मनाया गया और उनके स्वस्थ जीवन की कामना की गई।

    हिन्दू संत का फूल मालाओं से स्वागत, दीर्घायु की कामना

    अंजुमन मिल्लते इस्लामिया संस्थान चित्तौड़गढ़ के हाजी इस्माइल साहब मंसूरी, अंजुमन सेक्रेटरी फैज मोहम्मद और वरिष्ठ समाजसेवी पूर्व सरपंच हाजी उस्मान खान पठान सावा के साथ सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी हाजी मिर्जा बेग, समाज सेवी हाजी रफीक भाई लुहार, पूर्व अंजुमन सदर मोहम्मद हारून, सलमान खान, सलीम पंजाबी, जुल्फिकार, मोहम्मद फैजान सभी ने आम मुस्लिम समाज की ओर से संत यति महाराज की दीर्घायु की कामना करते हुए फूल मालाओं से स्वागत कर जन्मदिन की बधाई दी गई और केक काटा। इस अवसर पर यति महाराज ने चित्तौड़गढ़ और समूचे हिंदुस्तान में अमन-चैन भाईचारा और अच्छी बारिश के लिए कामना की। उन्होंने प्रार्थना करते हुए कहा कि समूचे देश में हिंदू-मुस्लिम भाईचारा बना रहे यही उनका कामना है।

    अमन, चैन और भाईचारा…

    शहर काजी अल्हाज अब्दुल मुस्तफा चिश्ती करीमी ने कहा कि हमारा एक ही नारा है- 'अमन चैन और भाईचारा, इसी से करेगा तरक्की देश हमारा'। आज के वक्त में इस देश के हर संजीदा इंसान को यह सोचना पड़ेगा समझना पड़ेगा ऐसे पारिवारिक कार्यक्रमों में मिलजुल कर गंगा—जमुनी तहजीब की मिसाल पहले की तरह कायम रखते हुए शरीक होना पड़ेगा। देश में भाईचारा कायम रहे, मानवता और इंसानियत का दर्जा हर धर्म में सबसे ऊपर है।

    जिला कलक्टर ने सराहा

    चित्तौड़गढ़ जिला कलक्टर अरविंद कुमार पोसवाल ने भी मुस्लिम समाज द्वारा की गई सामाजिक सद्भाव की मिसाल की सराहना की। उन्होंने कहा कि चित्तौड़गढ़ जिले में सामाजिक सद्भाव और सौहार्द बनाए रखने में इस तरह के आयोजनों की अहम भूमिका हो सकती है। हर धर्म और समुदाय के लोगों से अपील करता हूं कि धर्म के नाम पर किसी भी तरह के बहकावे में नहीं आना है। हमारे शहर और जिले की सामाजिक समरसता की ऐतिहासिक धरोहर को सहेज कर रखना है। हर जिम्मेदार नागरिक का यह दायित्व है कि वह शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।