Rajasthan News: अफसरों-कर्मियों को सम्मानित करेगी सरकार, बारिश से फसल खराब होने पर किसानों को मिलेगा मुआवजा
Rajasthan News बेहतर काम करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को अवार्ड देने यानी सम्मानित करने का प्रस्ताव पिछले दिनों राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को भेजा था। गहलोत ने शनिवार को इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।

जयपुर, जागरण संवाददाता। Rajasthan News: राजस्थान सरकार अधिकारियोें और कर्मचारियों को मुख्यमंत्री उत्कृष्टता अवार्ड से सम्मानित करेगी। इस अवार्ड की शुरुआत भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों से होगी। इसके बाद चरणबद्ध रूप से सामान्य पदों के कर्मचारियों को भी यह अवार्ड दिया जाएगा। बेहतर काम करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को अवार्ड देने यानी सम्मानित करने का प्रस्ताव पिछले दिनों राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) को भेजा था। गहलोत ने शनिवार को इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।
इनका भी होगा सम्मान
अधिकारियों ने बताया कि अधिकारियों के बाद चिकित्सकों, शिक्षकों और विभिन्न विभागों में कार्यरत अभियंताओं को यह अवार्ड दिया जाएगा। प्रदेश में कार्यरत सात लाख सरकारी कर्मचारियों को खुश करने के लिए गहलोत सरकार ने कुछ समय पहले पुरानी पेंशन योजना लागू की थी। इस योजना से कांग्रेस को राजनीतिक लाभ मिलने की उम्मीद है। गहलोत सरकारी ने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते को लेकर लंबे समय से अटके प्रकरण का भी निस्तारण किया है। राजस्थान में करीब सात लाख सरकारी अफसर और कर्मचारी कार्यरत हैं।
इसलिए होगा सम्मान
प्रदेश की जनसंख्या सात करोड़ के करीब मानी गई है। ऐसे में कर्मचारियों की संख्या संपूर्ण जनसंख्या का एक प्रतिशत है। प्रत्येक कर्मचारी के साथ उनके स्वजनों की संख्या को जोड़ा जाए तो यह करीब 40 से 50 लाख लोग होते हैं। सरकार की किसी भी रीति-नीति से सीधे तौर पर प्रभावित होते हैं। इस वर्ग में सभी जाति-समुदाय के लोग शामिल हैं। ऐसे में यह अवार्ड सरकारी कार्मिकों में बेहतर मिसाल साबित होगा।
बारिश से फसल खराब होने पर किसानों को मुआवजा मिलेगा
राजस्थान में खेत में सुखाने के लिए रखी फसल खराब होने पर भी नुकसान का मुआवजा मिलेगा। प्रभावित किसानों को 72 घंटे के भीतर फसल खराब होने की सूचना संबंधित जिले में कार्यरत बीमा कंपनी को देनी होगी। कृषि विभाग ने बीमा कंपनियों को तत्काल फसल नुकसान का सर्वे शुरू करने के निर्देश दिए हैं। कृषि मंत्री लालचंद कटारिया ने बताया कि वर्तमान में कुछ स्थानों पर बेमौसम बरसात और जल भराव के कारण खरीफ फसलों को नुकसान होने की आशंका है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 14 के भीतर नुकसान का मुआवजा दिए जाने का प्रावधान हैं।
फसल नुकसान का होगा तत्काल सर्वे
जलभराव से खड़ी फसल और कटाई बाद खेत में सुखाने के लिए रखी फसल के नुकसान की सूचना बीमा कंपनी के टोल फ्री नंबर या फसल बीमा एप पर दी जा सकती है कृषि आयुक्त कानाराम ने विभागीय अधिकारियों और बीमा कंपनियों को तत्काल ग्रामीण इलाकों में पहुंचकर फसल नुकसान का संयुक्त सर्वे शुरू करने को कहा है। प्रभावित किसानों को बीमित फसलों के नुकसान का क्लेम दिलवाकर राहत दिलाई जाएगी। शुक्रवार रात से लेकर शनिवार दिनभर बारिश होने से फसल को काफी नुकसान हो गया था।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।