Rajasthan: प्रतापगढ़ की पीड़िता को राज्य सरकार देगी 10 लाख रुपये, CM गहलोत ने सरकारी नौकरी देने का किया वादा
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को प्रतापगढ़ की पीड़ित महिला से मुलाकात की। उन्होंने पीड़िता को वित्तीय सहायता देने की घोषणा की। सीएम ने कहा कि पीड़ित महिला को 10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सरकारी नौकरी देने की भी घोषणा की। प्रतापगढ़ जिले में गुरुवार को एक महिला के साथ अमानवीय घटना हुई थी।

जयपुर, पीटीआई। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने शनिवार को प्रतापगढ़ की पीड़ित महिला से मुलाकात की। उन्होंने पीड़िता को वित्तीय सहायता देने की घोषणा की। सीएम ने कहा कि पीड़ित महिला को 10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सरकारी नौकरी देने की भी घोषणा की।
प्रतापगढ़ में महिला के साथ जघन्य अपराध
समाचार एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से कहा कि प्रतापगढ़ जिले में गुरुवार को एक महिला के साथ अमानवीय घटना हुई थी। प्रतापगढ़ के धरियावद में एक महिला को उसके पति और अन्य लोगों ने निर्वस्त्र करके सरेआम घुमाया था।
घटना के बाद विपक्ष के निशाने पर गहलोत
इस घटना के बाद राजस्थान के सीएम विपक्ष के निशाने पर आ गए हैं। भाजपा ने इस घटना को लेकर गहलोत सरकार पर जमकर निशाना साधा है। भाजपा ने अशोक गहलोत पर राज्य में महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराध को रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया है। राजस्थान में विपक्षी दल भाजपा ने कहा कि राज्य में अपराध बेकाबू है।
प्रतापगढ़ घटना पर एक्शन में राज्य सरकार
वहीं, इस घटना पर राज्य सरकार सख्त नजर आ रही है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि अपराधियों को सख्त सजा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ (अपराधी) फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलेगा। सीएम ने कहा कि ऐसी घटनाओं और अपराधियों के लिए एक सभ्य समाज में कोई स्थान नहीं है।
सीएम ने न्याय का दिया भरोसा
राजस्थान के मुख्यमंत्री ने अपने एक्स (पहले ट्विटर) अकाउंट पर पोस्ट किया,
धरियावद में हुआ अमानवीय कृत्य नितांत असहनीय और घोर निंदनीय है। आज धरियावद पहुंचकर पीड़िता से मिले और उन्हें ढांढस बंधाते हुए यह विश्वास दिलाया कि प्रशासन और पूरा प्रदेश इस संवेदनशील घड़ी में आपके साथ है। राजस्थान की यह बेटी बहुत बहादुर है और इन दर्दनाक लम्हों का उन्होंने बहुत हिम्मत से सामना किया। यह एक अत्यधिक गरीब आदिवासी परिवार है जिसकी स्थिति देखकर मैं व्यथित हो गया। पीड़ित को 10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता और सरकारी नौकरी देने का एलान उनकी सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की दृष्टि से किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराध को रोकना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर एडीजी (क्राइम) को और भी सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में तुरंत कार्रवाई हुई है और अब तक कई लोगों को पकड़ा गया है।
अब तक सात आरोपी गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है और चार अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है। बता दें कि इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद 10 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।