Ajmer: लव मैरिज से नाराज ससुर ने दामाद को किया अगवा, खेत में पीट-पीटकर कर दी हत्या; पुलिस ने दर्ज किया केस
राजस्थान के अजमेर जिले में प्रेम विवाह से नाराज़ ससुर ने अपने साथियों के साथ मिलकर दामाद सहदेव का अपहरण कर हत्या कर दी। सहदेव ने 2024 में करिश्मा नामक ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान के अजमेर जिले में प्रेम विवाह से नाराज ससुर ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर दामाद का अपहरण करने बाद खेत में ले जाकर वहां पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी।
ससुर और उसके साथी दामाद की हत्या करने के बाद शव खेत में छोड़कर फरार हो गए। मृतक का नाम सहदेव था। वह नागौर जिले का निवासी था। मृतक के पिता ने अपने बेटे के ससुर सहित चार लोगों के खिलाफ अपहरण एवं हत्या का मामला दर्ज करवाया है।
2024 में किया था प्रेम विवाह
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सहदेव की हत्या की बात सामने आई है। पुलिस ने सहदेव के ससुर सहित चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। जानकारी के अनुसार सहदेव ने वर्ष 2024 में करिश्मा नामक युवती के साथ प्रेम विवाह किया था।
प्रेम विवाह से युवती के पिता सहित अन्य स्वजन नाराज थे। सहदेव के ससुराल पक्ष ने उसको पहले कई बार प्रताड़ित किया था और अब हत्या कर दी। मृतक के पिता ने कहा कि प्रेम विवाह के बाद मेरे बेटे ने पुलिस से सुरक्षा मांगी थी, लेकिन उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया।
अजमेर सिविल लाइंस पुलिस थाने के थाना अधिकारी शंभू सिंह ने बताया कि सहदेव का शव शनिवार को गांव के खेत में बरामद हुआ है। पिता ने बताया कि सहदेव 12 जून को नर्सिंग भर्ती की परीक्षा देने के लिए नागौर से अजमेर गया था। अगले दिन 13 जून को वापस गांव लौट रहा था, रास्ते में उसके ससुर ने अन्य स्वजन के साथ मिलकर अपहरण कर लिया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।