आबकारी और जीएसटी दफ्तर पहुंचे वित्त मंत्री, अधिकारियों की गैरहाजिरी पर भड़के, होगी सख्त विभागीय कार्रवाई
वित्त मंत्री ने आबकारी व जीएसटी कार्यालय में अचानक चेकिंग की। चेकिंग के दौरान उच्च अधिकारियों सहित कई कर्मचारी गैरहाजिर मिले। अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

वित्त मंत्री हरपाल चीमा बंद कमरों की जांच करते हुए।
HighLights
वित्त मंत्री चीमा ने संगरूर जीएसटी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण में कई अधिकारी-कर्मचारी ड्यूटी से गैरहाजिर पाए गए।
गैरहाजिरों पर सख्त विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जागरण संवाददाता, संगरूर। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने संगरूर में बुधवार सुबह जीएसटी व आबकारी विभाग के कार्यालय में अचानक चेकिंग कर सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की हाजिरी का जायजा लिया। बिना किसी पूर्व सूचना के कार्यालय में पहुंचे वित्त मंत्री को चेकिंग के दौरान सहायक कमिश्नर राज्यकर अरविंदर कौर समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी बड़ी संख्या में गैरहाजिर मिले।
दफ्तर में नाम मात्र ही कर्मचारी हाजिर थे। इससे सरकारी कार्यालय में अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी के प्रति लापरवाही का मामला सामने आया। वित्त मंत्री की अचानक आमद से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। चेकिंग के दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति के साथ-साथ विभागीय कामकाज की भी जांच की। इस दौरान ड्यूटी से गैरहाजिर मिले अधिकारी व कर्मचारियों को लेकर उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से जवाब मांगा।
हरपाल सिंह चीमा ने कार्यालयों में उपस्थिति रजिस्टर भी चेक किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों का समय पर ड्यूटी पर पहुंचना और निर्धारित समय तक कार्यालय में मौजूद रहना जरूरी है। सरकारी कामकाज में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह भी पढ़ें- सत्कार संशोधन एक्ट विवाद: 30 नवंबर को होगी बैठक, अकाल तख्त की माहिर कमेटी ने सरकार को भेजा न्योता
समय पर काम और अनुशासन पर जोर
वित्त मंत्री ने कहा कि सरकारी अधिकारियों का ड्यूटी पर देरी से पहुंचना धीरे-धीरे एक चलन बनता जा रहा है, जो चिंताजनक है। इस तरह की लापरवाही को रोकने और सरकारी कार्यालयों में अनुशासन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से औचक चेकिंग की गई है।
उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालय जनता की सेवा के लिए हैं और यहां आने वाले लोगों को अपने काम के लिए बार-बार चक्कर नहीं काटने पड़ने चाहिए। अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है कि वे समय पर कार्यालय पहुंचकर लोगों के काम निपटाएं।
यह भी पढ़ें- पंजाब चुनाव 2027: गठबंधन के बाद भाजपा-अकाली दल को झटका, परमजीत सिद्धवां और कैप्टन पठानिया कांग्रेस में शामिल
रिकॉर्ड जांच के बाद नोटिस और कार्रवाई
चेकिंग के दौरान गैरहाजिर पाए गए कर्मचारियों के संबंध में उपस्थिति रजिस्टर और विभागीय रिकॉर्ड की जांच की जाएगी। उन्हें नोटिस जारी किए जाएंगे। इसके आधार पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी। वित्त मंत्री की इस अचानक चेकिंग से सरकारी विभागों में कर्मचारियों की उपस्थिति और कामकाज को लेकर हलचल देखने को मिली।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।