विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'सोच-समझकर होगा चयन...', पंजाब चुनाव में टिकट बंटवारे पर प्रताप सिंह बाजवा का बयान; बीजेपी-अकाली गठबंधन पर भी कसा तंज

Published: Wed, 25 Nov 2026 01:41 PM (IST)

पंजाब कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण में जल्दबाजी नहीं होगी। 

पंजाब में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा (फाइल फोटो)

पंजाब में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा (फाइल फोटो)

HighLights

  1. टिकट वितरण में जल्दबाजी नहीं, सर्वे रिपोर्ट पर जोर

  2. साफ छवि, पढ़े-लिखे, जीतने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता

  3. गठबंधन के विकल्प खुले, भाजपा-अकाली गठबंधन पर निशाना

डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा है कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण को लेकर जल्दबाजी नहीं करेगी।

पार्टी साफ-सुथरी छवि, पढ़े-लिखे और जीतने की क्षमता रखने वाले उम्मीदवारों को मैदान में उतारने पर जोर देगी। उम्मीदवारों के चयन में सर्वे रिपोर्ट और स्थानीय स्तर पर नेताओं की सिफारिशों को भी ध्यान में रखा जाएगा।

पंजाब कांग्रेस भवन में बुधवार को पहुंचे बाजवा ने चुनावी रणनीति और टिकट वितरण सहित कई मुद्दों पर बातचीत की। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के चयन को लेकर पार्टी के पास सर्वे की रिपोर्ट है।

इसके साथ ही जमीनी स्तर से मिलने वाले फीडबैक और स्थानीय नेताओं की राय के आधार पर फैसला लिया जाएगा। सांसदों को टिकट देने का फैसला हाईकमान पर पंजाब कांग्रेस के सांसदों को विधानसभा चुनाव में उतारने और टिकट देने के सवाल पर बाजवा ने कहा कि इस संबंध में अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान करेगा। प्रदेश नेतृत्व केवल जमीनी स्तर की रिपोर्ट और फीडबैक हाईकमान तक पहुंचाएगा।

गठबंधन के विकल्प खुले

बाजवा ने आगामी चुनाव में गठबंधन की संभावना से भी इनकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसे दलों के साथ गठबंधन कर सकती है, जिनकी विचारधारा और एजेंडा पार्टी से मेल खाता हो।

भाजपा-अकाली गठबंधन को बताया सौदेबाजी

भाजपा और अकाली दल के गठबंधन पर निशाना साधते हुए बाजवा ने इसे राजनीतिक सौदेबाजी बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा का बड़े भाई से छोटे भाई की भूमिका में आना पंजाब में उसकी कमजोर स्थिति को दर्शाता है। उन्होंने अमित शाह के नशा खत्म करने संबंधी दावों पर भी सवाल उठाए और कहा कि केवल बयान देने से नशा खत्म नहीं होगा।

बाजवा ने दावा किया कि अकाली दल के साथ गठबंधन में हरसिमरत कौर बादल को दोबारा कैबिनेट में लाने की सहमति भी बनी है। बाजवा ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस चुनाव नशे, कानून-व्यवस्था और लोगों को सुरक्षित माहौल देने जैसे मुद्दों पर लड़ेगी।

उन्होंने दावा किया कि पार्टी के पास मजबूत और जीतने वाले उम्मीदवार हैं तथा मंगलवार को चुनाव समिति की बैठक में उम्मीदवारों, प्रचार और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।