विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सत्कार संशोधन एक्ट विवाद: 30 नवंबर को होगी बैठक, अकाल तख्त की माहिर कमेटी ने सरकार को भेजा न्योता

Published: Wed, 25 Nov 2026 02:26 PM (IST)

श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार संशोधन एक्ट पर जारी गतिरोध को खत्म करने के लिए माहिर कमेटी ने पंजाब सरकार को 30 नवंबर को श्री आनंदपुर साहिब में वार्ता का निमंत्रण दिया है।

श्री अकाल तख्त साहिब।

श्री अकाल तख्त साहिब।

HighLights

  1. सत्कार संशोधन एक्ट पर 30 नवंबर को होगी अहम बैठक।

  2. माहिर कमेटी ने पंजाब सरकार को श्री आनंदपुर साहिब बुलाया।

  3. सरकार से एक्ट की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की गई।

जागरण संवाददाता, अमृतसर। श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) एक्ट-2026 को लेकर पंजाब सरकार और श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से गठित माहिर कमेटी के बीच चल रहा गतिरोध खत्म करने के लिए एक बार फिर बातचीत की पहल हुई है। माहिर कमेटी ने पंजाब सरकार की तालमेल कमेटी को 30 नवंबर को श्री आनंदपुर साहिब में बैठक करने का न्योता दिया है।

बैठक सुबह 11 बजे तख्त श्री केसगढ़ साहिब स्थित बलदेव सिंह माहिलपुरी बैठक हाल में होगी। कमेटी ने स्पष्ट किया है कि इस संयुक्त बैठक में दोनों कमेटियों के नामजद सदस्य ही शामिल हो सकेंगे। माहिर कमेटी के कोआर्डिनेटर लखबीर सिंह ने तालमेल कमेटी पंजाब सरकार के नोडल अधिकारी को पत्र भेजकर यह निमंत्रण दिया है।

यह भी पढ़ें- 'बोले सो निहाल' के जयकारों के साथ 1822 श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान रवाना, करतारपुर कॉरिडोर को खोलने की उठी मांग

भ्रामक बयानों पर माहिर कमेटी की आपत्ति

पत्र में कहा गया है कि बैठक का उद्देश्य श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से जारी आदेशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करना और संशोधन कानून को लेकर पैदा हुई स्थिति पर खुलकर विचार-विमर्श करना है। कमेटी ने पंजाब सरकार की तालमेल कमेटी को यह भी नसीहत दी है कि वह श्री अकाल तख्त साहिब के आदेशों के संबंध में सिख संगत को गुमराह न करे।

माहिर कमेटी ने 23 नवंबर को अमृतसर में पंजाब सरकार की तालमेल कमेटी की बैठक के बाद आयोजित प्रेस कांफ्रेंस और जारी बयानों पर गंभीर आपत्ति जताई है। पत्र में कहा गया है कि प्रेस कांफ्रेंस में सरकार की कमेटी के सदस्य नहीं होने वाले दो व्यक्तियों की ओर से दिए गए बयान भ्रामक थे।

इन बयानों में माहिर कमेटी की ओर से पहले भेजे गए पत्रों में उठाई गई आपत्तियों को नजरअंदाज किया गया। कमेटी ने इस बात पर भी चिंता जताई कि श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से संशोधन एक्ट पर सहमति बनने तक रोक लगाने के आदेशों के संबंध में जानकारी नहीं होने की बात कही गई।

11 मई और 29 जून के आदेशों का दिया हवालल

माहिर कमेटी ने पत्र में 11 मई और 29 जून 2026 को श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से जारी आदेशों का हवाला दिया है। इन आदेशों में संशोधन एक्ट पर सहमति बनने तक रोक लगाने की बात कही गई थी। कमेटी के अनुसार इन आदेशों में विशेष रूप से उन संशोधनों पर आपत्ति जताई गई थी, जिन्हें कानून में शामिल करने से सिख संगत को शब्द गुरु श्री गुरु ग्रंथ साहिब से दूर करने का प्रयास हो सकता है।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि पंजाब सरकार के मौजूदा विधायकों और कैबिनेट मंत्रियों ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की मर्यादा को मुख्य रखते हुए श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से सुझाए गए प्रविधानों को संशोधन एक्ट से हटाने पर बिना किसी शर्त के सहमति दी थी। माहिर कमेटी का कहना है कि इस सहमति और उसके बाद जारी आदेशों को ध्यान में रखकर ही कानून के संबंध में आगे की कार्रवाई होनी चाहिए।

चार पत्रों का जवाब नहीं मिलने पर उठाए सवाल

माहिर कमेटी ने आरोप लगाया है कि 7, 14, 17 और 21 नवंबर को तालमेल कमेटी, पंजाब सरकार को पत्र लिखकर कई महत्वपूर्ण तथ्य और आपत्तियां भेजी थीं, लेकिन इन पर न तो कोई स्पष्ट जवाब दिया गया और न ही इनकी जानकारी आम जनता और मीडिया के सामने रखी गई।

यह भी पढ़ें- SGPC के इजलास में 12 प्रस्ताव पारित, नशे के मुद्दे पर सरकार को घेरा; बंदी सिखों की रिहाई की मांग

कानून लागू है या लंबित, सरकार स्थिति स्पष्ट कर

माहिर कमेटी के अनुसार तालमेल कमेटी की ओर से अलग-अलग मंचों पर यह बयान दिया जा रहा है कि श्री अकाल तख्त साहिब के आदेशों के अनुसार बैठकें करके आपत्तियों का समाधान कर दिया गया है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया जा रहा कि संशोधन एक्ट लागू है या उसकी प्रक्रिया लंबित है। कई बार पत्र लिखने के बावजूद उसे पंजाब सरकार की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई।

सरकार की ओर से उठाए गए कदमों और कानून की वर्तमान स्थिति की जानकारी देना आवश्यक है। अब भी वह सिख पंथ की एकता और इस संवेदनशील मामले में आम जनता को भ्रमित होने से बचाने के लिए खुली चर्चा को तैयार है।

यह भी पढ़ें- हरजिंदर सिंह धामी फिर बने SGPC के अध्यक्ष, छठी बार संभालेंगे कमान; देखें नई कार्यकारिणी लिस्ट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।