विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब में जनगणना-2027 के दूसरे चरण का आगाज, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने परिवार संग की स्व-गणना

Published: Mon, 16 Nov 2026 05:32 PM (IST)

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने संगरूर में ऑनलाइन स्व-गणना कर पंजाब में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की शुरुआत की। 16 से ...और पढ़ें

संगरूर में स्वगणना में अपने परिवार की जानकारी दर्ज करके जनगणना-2027 के दूसरे चरण का आरंभ करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान।

संगरूर में स्वगणना में अपने परिवार की जानकारी दर्ज करके जनगणना-2027 के दूसरे चरण का आरंभ करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान।

HighLights

  1. मुख्यमंत्री मान ने संगरूर में जनगणना-2027 का दूसरा चरण शुरू किया।

  2. उन्होंने परिवार संग ऑनलाइन स्व-गणना कर लोगों को प्रेरित किया।

  3. नागरिकों की जानकारी गोपनीय रहेगी, विकास योजनाओं में सहायक होगी।

जागरण संवाददाता, संगरूर। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को अपने संगरूर आवास पर जनगणना-2027 के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने अपने परिवार सहित ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कर पंजाब के लोगों को इस राष्ट्रीय अभियान में भाग लेने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों से अपील की कि वे निर्धारित समय के भीतर अपनी जानकारी दर्ज करवाएं और जनगणना को सफल बनाने में सहयोग दें।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब के निवासी 16 से 30 नवंबर 2026 तक घर बैठे आनलाइन स्व-गणना कर सकते हैं। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनगणना कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों की जानकारी एकत्रित करेंगे। आनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया बेहद सरल व सुविधाजनक है। इसे पूरा करने में लगभग 25 से 30 मिनट का समय लगता है। इसके लिए किसी भी दस्तावेज को जमा करवाने की आवश्यकता नहीं है।

यह भी पढ़ें- 'तरनतारन में लड़कियों लिए बनेगा मेडिकल कालेज', लोक मिलनी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मान ने किया वादा

नागरिकों की जानकारी रहेगी गोपनीय

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लोगों को भरोसा दिलाया कि जनगणना के दौरान नागरिकों की ओर से दी गई सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी। इनका इस्तेमाल केवल विकास योजनाएं तैयार करने, नीतियां बनाने और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों को बिना किसी झिझक के सही जानकारी उपलब्ध करवानी चाहिए, ताकि जनगणना के आंकड़े वास्तविक स्थिति को दर्शा सकें।

विकास योजनाओं का आधार बनेंगे जनगणना के आंकड़े

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़े एकत्रित करने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह राज्य के भविष्य की विकास योजनाओं और सामाजिक-आर्थिक नीतियों का महत्वपूर्ण आधार है। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार और अन्य जनकल्याणकारी क्षेत्रों में योजनाएं तैयार करने में मदद मिलेगी।

जनगणना के दूसरे चरण में नागरिकों की जनसांख्यिकीय एवं सामाजिक-आर्थिक स्थिति, प्रवास, शिक्षा और प्रजनन संबंधी जानकारी जुटाई जाएगी। इसके अलावा परिवार के सदस्यों, आय और आवास से जुड़े विवरण भी एकत्रित किए जाएंगे।

16 वर्ष बाद हो रही जनगणना

मुख्यमंत्री ने बताया कि 16 वर्षों के अंतराल के बाद देश में जनगणना करवाई जा रही है। यह भारत की पहली डिजिटल जनगणना है, जिसमें मोबाइल एप्लीकेशन और आनलाइन स्व-गणना की सुविधा के माध्यम से आंकड़े एकत्रित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जनगणना के पहले चरण में मकान सूचीकरण एवं आवास जनगणना का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। इसमें मकानों की स्थिति, बुनियादी सुविधाओं और घरेलू संपत्तियों से संबंधित जानकारी जुटाई गई थी।

यह भी पढ़ें- जनगणना 2027: आज से शुरू होगी स्व-गणना, जानें कैसे घर बैठे पोर्टल पर भर सकेंगे परिवार का पूरा ब्योरा

अधिकारियों के प्रयासों की सराहना

मुख्यमंत्री ने जनगणना अधिकारियों, गणनाकारों, सुपरवाइजरों, मास्टर ट्रेनरों, फील्ड ट्रेनरों और राज्य प्रशासन के कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि पहले चरण की सफलता में इन सभी का अहम योगदान रहा है। दूसरे चरण को भी सटीक और व्यापक ढंग से पूरा करने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि पंजाब देश के शुरुआती राज्यों में शामिल है, जहां जनगणना-2027 की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

इस अवसर पर जनगणना संचालन, पंजाब की निदेशक डा. नवजोत खोसा ने मुख्यमंत्री को आनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया और इसकी कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक नागरिक से इस राष्ट्रीय जिम्मेदारी को ईमानदारी और उत्साह के साथ निभाने की अपील की।

यह भी पढ़ें- पंजाब चुनाव 2027: 14वें स्थापना दिवस पर AAP की मोगा में महारैली, अरविंद केजरीवाल और सीएम मान करेंगे बड़े एलान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।