जनगणना 2027: आज से शुरू होगी स्व-गणना, जानें कैसे घर बैठे पोर्टल पर भर सकेंगे परिवार का पूरा ब्योरा
जनगणना 2027 के तहत 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना की प्रक्रिया चलेगी। नागरिक घर बैठे पोर्टल पर अपने परिवार ...और पढ़ें

ये प्रतीकात्मक तस्वीर है।
HighLights
बठिंडा में 16 नवंबर से स्व-गणना प्रक्रिया शुरू।
नागरिक घर बैठे ऑनलाइन जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
स्व-गणना ID सत्यापन हेतु सुरक्षित रखना अनिवार्य।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। जनगणना-2027 के दूसरे चरण के तहत जिले में 16 नवंबर से स्व-गणना की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके साथ ही लोग घर बैठे अपने मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से परिवार और मकान से संबंधित जानकारी आनलाइन दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना की यह प्रक्रिया 30 नवंबर तक चलेगी। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक गणनाकर्मी घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे।
इस दौरान नागरिकों की ओर से आनलाइन भरी गई जानकारी का सत्यापन भी किया जाएगा। पंजाब के सभी जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से स्व-गणना अभियान को सफल बनाने के लिए जागरूकता गतिविधियां चलाई जा रही हैं।
बठिंडा के डीसी राजेश धीमान ने जिले के लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित समय में स्व-गणना पोर्टल पर अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज करें। उन्होंने कहा कि नागरिकों को फार्म भरते समय सही और पूरी जानकारी देनी चाहिए, ताकि जनगणना का कार्य सुचारू रूप से पूरा हो सके। स्व-गणना पूरी करने के बाद पोर्टल की ओर से एक विशेष स्व-गणना ID जारी की जाएगी।
यह भी पढ़ें- छठ की भीड़ वापसी को लेकर चलेंगी पांच और फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें, मुरादाबाद रूट से होगा संचालन
नागरिकों को इस ID को सुरक्षित रखना होगा और जब गणनाकर्मी उनके घर पहुंचे तो उन्हें यह आइडी दिखानी होगी। इसके आधार पर गणनाकर्मी आनलाइन दर्ज जानकारी का मिलान करेंगे। यदि आनलाइन फार्म भरते समय कोई जानकारी छूट जाती है तो उसे घर-घर सर्वे के दौरान गणनाकर्मी को बताया जा सकता है।
पंजाब के हर जिले के नगर निगम की ओर से भी इस अभियान को जन आंदोलन बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। विभिन्न संस्थाओं के प्रमुखों, अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को स्व-गणना की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जा रही है। प्रगणकों और सुपरवाइजरों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए हैं। प्रशासन का प्रयास है कि अधिक से अधिक परिवार स्व-गणना में हिस्सा लें और जनगणना की प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
ऐसे भरें स्व-गणना का आनलाइन फार्म, जानें पूरी प्रक्रिया
- स्व-गणना के लिए नागरिकों को मोबाइल या कंप्यूटर पर कुछ आसान चरणों का पालन करना होगा। इसके लिए सरकार ने विशेष पोर्टल तैयार किया है।
- जनगणना का आधिकारिक पोर्टल: स्व-गणना पोर्टल खोलें
- स्व-गणना की अवधि: 16 से 30 नवंबर 2026
यह भी पढ़ें- अमृतसर पहुंचे CM मान, तरनतारन बस दुर्घटना के मृतकों के परिजनों को 5 लाख और घायलों को मिलेगा 1 लाख मुआवजा
फार्म भरने के लिए अपनाएं ये 9 चरण
- पोर्टल खोलें: सबसे पहले मोबाइल या कंप्यूटर के ब्राउजर में वेबसाइट se.census.gov.in खोलें। यहां पंजाब राज्य का चयन करें और स्क्रीन पर दिया गया कैप्चा भरकर आगे बढ़ें।
- परिवार के मुखिया का नाम: निर्धारित स्थान पर परिवार के मुखिया का नाम दर्ज करें। नाम भरते समय सावधानी रखें, क्योंकि पंजीकरण के बाद इसमें बदलाव नहीं किया जा सकेगा।
- मोबाइल नंबर दर्ज करें: परिवार के किसी एक सदस्य का मोबाइल नंबर दर्ज करें। एक परिवार के लिए एक ही मोबाइल नंबर इस्तेमाल किया जा सकता है।
- भाषा का चयन और ओटीपी: अपनी सुविधानुसार हिंदी, पंजाबी या अन्य उपलब्ध भाषा का चयन करें। इसके बाद मोबाइल पर आए ओटीपी को दर्ज करके नंबर सत्यापित करें।
- घर का पता भरें: जिले, गांव या शहर, पिन कोड, मोहल्ले और आसपास के किसी प्रमुख स्थान की जानकारी दर्ज करें।
- मैप पर घर की लोकेशन बताएं: डिजिटल नक्शे पर अपने घर की सही लोकेशन चिह्नित करें। मोबाइल से फार्म भरते समय वर्तमान लोकेशन का विकल्प भी इस्तेमाल किया जा सकता है। लोकेशन सही दर्ज करना जरूरी है।
- परिवार के सदस्यों की जानकारी भरें: अब जनगणना के दूसरे चरण से संबंधित 40 सवालों के जवाब देने होंगे। इनमें परिवार के सदस्यों के नाम, उम्र, लिंग, मुखिया से संबंध, वैवाहिक स्थिति, शिक्षा, रोजगार, भाषा, प्रवास और जाति सहित अन्य जानकारियां शामिल हैं।
- जानकारी जांचकर सबमिट करें: सभी सवालों के जवाब भरने के बाद एक बार पूरे फार्म को ध्यान से जांच लें। कोई गलती या जानकारी अधूरी होने पर उसे ठीक करके फार्म सबमिट करें।
- स्व-गणना आइडी सुरक्षित रखें: फार्म सफलतापूर्वक जमा होने के बाद एक विशेष स्व-गणना आइडी मिलेगी। इसे संभालकर रखें। जब एक दिसंबर से गणनाकर्मी घर पहुंचे तो उन्हें यह आइडी दिखाएं, ताकि आनलाइन भरी गई जानकारी का सत्यापन हो सके।
दिक्कत आने पर यहां करें संपर्क
स्व-गणना फार्म भरने में आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन 1855 पर संपर्क किया जा सकता है। ध्यान रहे कि स्व-गणना करना अनिवार्य नहीं है। जो लोग आनलाइन फार्म नहीं भर पाएंगे, उनके घर भी एक दिसंबर से चार जनवरी तक गणनाकर्मी पहुंचेंगे और उनकी जानकारी दर्ज करेंगे। इसलिए किसी परिवार को केवल आनलाइन फार्म न भर पाने के कारण जनगणना से बाहर नहीं रखा जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।