पंजाब चुनाव 2027: AAP ने चरणजीत चन्नी का टिकट काटा, बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रहे जसवीर गढ़ी को मिला मौका
आम आदमी पार्टी ने चमकौर साहिब सीट से पूर्व बसपा प्रदेश अध्यक्ष जसवीर सिंह गढ़ी को प्रत्याशी बनाया है। वह राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

जसवीर सिंह गढ़ी और चरणजीत सिंह चन्नी।
HighLights
चमकौर साहिब से जसवीर गढ़ी AAP के नए प्रत्याशी।
पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का टिकट कटा।
गढ़ी बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं।
जागरण संवाददाता, चमकौर साहिब। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए आम आदमी पार्टी ने अपनी दूसरी सूची में चमकौर साहिब से जसवीर सिंह गढ़ी को प्रत्याशी घोषित किया है। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित इस सीट पर गढ़ी की उम्मीदवारी को पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के राजनीतिक प्रभाव के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
आम आदमी पार्टी ने 2022 चुनावों में पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी को हराने वाले डॉ. चरणजीत सिंह चन्नी का टिकट यहां से काट दिया है। होशियारपुर-फिल्लौर क्षेत्र से संबंध रखने वाले जसवीर सिंह गढ़ी दलित समाज के प्रमुख नेताओं में शामिल हैं। राजनीति में आने से पहले वह पंजाब सरकार में वेटरनरी इंस्पेक्टर थे। वर्ष 2019 में नौकरी छोड़कर उन्होंने बसपा के साथ राजनीतिक सफर शुरू किया और 2019 से 2024 तक बसपा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष रहे।
यह भी पढ़ें- पंजाब चुनाव 2027: AAP ने जारी की दूसरी लिस्ट, 31 उम्मीदवारों को मिला टिकट; किसे मिला कहां से मौका?
2022 में बसपा की टिकट पर लड़ा था चुनाव
गढ़ी ने वर्ष 2022 में फगवाड़ा विधानसभा और 2024 में श्री आनंदपुर साहिब लोकसभा क्षेत्र से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। नवंबर 2024 में अनुशासनहीनता के आरोपों के चलते उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। इसके बाद 1 जनवरी 2025 को मुख्यमंत्री भगवंत मान की मौजूदगी में उन्होंने आम आदमी पार्टी ज्वाइन कर ली।
यह भी पढ़ें- पंजाब चुनाव 2027: AAP की दूसरी सूची में बड़ा उलटफेर, कई विधायकों-पूर्व मंत्रियों के पत्ते साफ, जानें किनके कटे टिकट
पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन
मार्च 2025 में उन्हें पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग का चेयरमैन नियुक्त किया गया। इस पद पर रहते हुए उन्होंने कई चर्चित मामलों में कार्रवाई की और विभिन्न राजनीतिक नेताओं को नोटिस जारी किए। 26 अगस्त 2026 को उन्होंने चेयरमैन पद से इस्तीफा दिया और अगले दिन पार्टी ने उन्हें चमकौर साहिब का हलका प्रभारी नियुक्त कर दिया।
गौरतलब है कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में आप के डॉ. चरणजीत सिंह ने तत्कालीन मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को करीब 7,900 मतों से हराया था। चन्नी इस सीट से लगातार तीन बार विधायक रह चुके हैं। अब जसवीर सिंह गढ़ी को उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद चमकौर साहिब में 2027 के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।