विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटियाला में दो ट्रकों की आमने-सामने भीषण टक्कर; तीन गंभीर घायल, केबिन काटकर निकाले गए चालक और सहचालक

Published: Wed, 18 Mar 2026 01:42 PM (IST)

पटियाला के नाभा के चहल गांव के पास दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर में दो चालक और एक सहचालक गंभीर ...और पढ़ें

नाभा के गांव चहल नजदीक हुए सड़क हादसे में जेसीबी मशीन ट्रकों को सड़क किनारे लगाते हुए।

नाभा के गांव चहल नजदीक हुए सड़क हादसे में जेसीबी मशीन ट्रकों को सड़क किनारे लगाते हुए। 

HighLights

  1. नाभा में दो ट्रकों की आमने-सामने भीषण टक्कर।

  2. हादसे में दो चालक और एक सहचालक गंभीर घायल।

  3. ग्रामीणों ने ढाई घंटे की मशक्कत से घायलों को निकाला।

संवाद सूत्र, नाभा(पटियाला)। पंजाब के पटियाला जिले के नाभा क्षेत्र में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया, जिसमें दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में दो चालक और एक सहचालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह दुर्घटना सुबह करीब 6 बजे भादसों-अमलोह मार्ग पर स्थित चहल गांव के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रकों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। करीब दो से ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लोगों ने ट्रैक्टर और अन्य उपकरणों की मदद से ट्रकों के केबिन को काटकर घायलों को बाहर निकाला। इस दौरान बचाव कार्य काफी चुनौतीपूर्ण रहा।

जानकारी के अनुसार एक ट्रक में चालक और सहचालक मौजूद थे, जबकि दूसरे ट्रक में केवल चालक सवार था। घायलों की पहचान भूपेंद्र सिंह और बिट्टू निवासी शिमला, हिमाचल प्रदेश तथा दूसरे ट्रक के चालक जशन निवासी लहरागागा के रूप में हुई है।

यह भी पढ़ें- जालंधर में बार काउंसिल मतदान जारी; ‘काम बंद’ के कारण अदालतों में कामकाज प्रभावित

घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

हादसे के बाद तीनों घायलों को तुरंत पटियाला के राजिंद्रा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे में एक व्यक्ति का पैर टूटने की भी जानकारी सामने आई है।

मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि टक्कर बेहद भयानक थी और ट्रकों की हालत देखकर ही दुर्घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते राहत कार्य नहीं किया जाता तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी।

यह भी पढ़ें- पटियाला में पंजाबी विश्वविद्यालय के गेट बंद; महंगी कैंटीन और परिणाम देरी पर छात्रों का विरोध

पुलिस ने जांच की शुरू

घटना की सूचना मिलते ही भादसों थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। ड्यूटी अधिकारी हरप्रीत सिंह ने बताया कि हादसा दो ट्रकों के बीच आमने-सामने की टक्कर के कारण हुआ है।

उन्होंने कहा कि घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचा दिया गया है और अब यह जांच की जा रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किसकी लापरवाही रही। जांच के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- चंडीगढ़ में जिम से लौट रहे युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, प्रेस लाइट प्वाइंट पर बाइक सवार हमलावरों ने दागीं 9 गोलियां