विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जालंधर में बार काउंसिल मतदान जारी; ‘काम बंद’ के कारण अदालतों में कामकाज प्रभावित

Published: Wed, 18 Mar 2026 01:25 PM (IST)

जालंधर में बार काउंसिल चुनाव के चलते मतदान जारी है। तीन दिन के काम बंद के कारण अदालतों में सुनवाई ...और पढ़ें

पंजाब, हरियाणा  व चंडीगढ़ बार काउंसिल चुनावों के लिए हो रहा मतदान।

पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़ बार काउंसिल चुनावों के लिए हो रहा मतदान।

HighLights

  1. जालंधर बार काउंसिल चुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण शुरू।

  2. चुनाव के कारण अदालतों में तीन दिन का 'काम बंद दिवस'।

  3. आम लोगों को सुनवाई के लिए अगली तारीखें मिल रही हैं।

जागरण संवाददाता, जालंधर। पंजाब के जालंधर में बुधवार को बार काउंसिल चुनाव के तहत मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से शुरू हो गई। बार परिसर में बनाए गए मतदान केंद्र पर सुबह से ही वकीलों की लंबी कतारें देखने को मिलीं और चुनाव को लेकर खासा उत्साह नजर आया।

इस चुनाव में शहर के करीब 3489 पंजीकृत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। जालंधर से चार प्रमुख उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें नरिंदर सिंह, नम्रता गिल, तेजिंदर बद्धन और आदित्य जैन शामिल हैं। इन सभी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है और समर्थकों के बीच चुनावी सरगर्मी बनी हुई है।

बार काउंसिल चुनाव के चलते जालंधर की अदालतों में तीन दिन का ‘काम बंद दिवस’ घोषित किया गया है। इसके कारण बुधवार को भी अदालतों में नियमित कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहा। वकीलों के चुनावी प्रक्रिया में व्यस्त रहने के कारण किसी भी मामले की सुनवाई नहीं हो सकी।

यह भी पढ़ें- पटियाला में पंजाबी विश्वविद्यालय के गेट बंद; महंगी कैंटीन और परिणाम देरी पर छात्रों का विरोध

35 अदालतों पर मिल रही अगली तारीखें

इसका सीधा असर आम लोगों पर पड़ा है। शहर की करीब 35 अदालतों में रोजाना चार से पांच हजार लोग अपने मामलों की सुनवाई के लिए पहुंचते हैं, लेकिन काम बंद होने के कारण सभी को अगली तारीख देकर वापस भेजा जा रहा है। इससे दूर-दराज से आने वाले लोगों को खासा नुकसान और परेशानी उठानी पड़ रही है।

अदालत परिसर में सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ रही, लेकिन जो लोग सुनवाई की उम्मीद लेकर पहुंचे थे, उन्हें निराशा हाथ लगी। कई लोगों ने बताया कि उन्हें बार-बार तारीख मिलने से समय और धन दोनों का नुकसान हो रहा है।

यह भी पढ़ें- राजस्थान से पानी का हिसाब मांगेगा पंजाब; 1.44 लाख करोड़ रुपये की संभावित मांग, विवाद गहराने के संकेत

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम 

चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मतदान केंद्र पर पुलिस बल तैनात है और पूरे परिसर में निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

फिलहाल सभी की नजरें चुनाव प्रक्रिया के शांतिपूर्ण समापन पर टिकी हुई हैं। वकीलों का कहना है कि चुनाव समाप्त होने के बाद जल्द ही अदालतों में सामान्य कामकाज बहाल कर दिया जाएगा, जिससे लोगों को राहत मिलेगी।

यह भी पढ़ें- पंजाब हरियाणा चंडीगढ़ बार काउंसिल चुनाव में मतदान; अमृतसर के करनजीत सिंह व प्रदीप सैनी भी मैदान में