विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब हरियाणा चंडीगढ़ बार काउंसिल चुनाव में मतदान; अमृतसर के करनजीत सिंह व प्रदीप सैनी भी मैदान में

Published: Wed, 18 Mar 2026 12:19 PM (IST)

अमृतसर में पंजाब हरियाणा चंडीगढ़ बार काउंसिल चुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुआ। करीब 3300 वकील मत ...और पढ़ें

अमृतसर में चुनाव के दौरान एकत्रित वकील।

अमृतसर में चुनाव के दौरान एकत्रित वकील।

HighLights

  1. अमृतसर में बार काउंसिल चुनाव के लिए मतदान जारी।

  2. करनजीत सिंह और प्रदीप सैनी के बीच कड़ा मुकाबला।

  3. सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, मतपेटियां चंडीगढ़ भेजी जाएंगी।

जागरण संवाददाता, अमृतसर। अमृतसर में पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ बार काउंसिल के चुनाव को लेकर बुधवार को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुआ। सुबह से ही वकीलों में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करने मतदान केंद्र पहुंचे।

जिले में मतदान सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है। अमृतसर स्थित न्यायिक अदालत परिसर में बार कक्ष में मतदान केंद्र बनाया गया है, जहां करीब 3300 वकील अपने मत डालेंगे। चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

मतदान केंद्र पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पूरे क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है और केंद्र के आसपास 100 मीटर के दायरे में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा मतदान प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करवाई जा रही है, जबकि उच्च स्तरीय निगरानी के लिए माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात किए गए हैं, जो रिटर्निंग अधिकारी के निर्देशों के तहत अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- अमृतसर में पूर्व पार्षद के भतीजे को लगी गोली; घटना के बाद बदलते बयान; अब हमले की कहानी को झूठा बताया

कुल 25 सीटों पर चुनाव जारी

इस चुनाव में अमृतसर से पूर्व चेयरमैन करनजीत सिंह और बार एसोसिएशन के नौ बार अध्यक्ष रह चुके प्रदीप सैनी भी मैदान में हैं और दोनों के बीच कांटे की टक्कर है। दोनों उम्मीदवारों के समर्थकों में मतदान को लेकर खासा जोश देखा जा रहा है।

पूरे पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ क्षेत्र में कुल 25 सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं, जिनमें 150 से अधिक प्रत्याशी मैदान में हैं। चुनाव को लेकर वकील समुदाय में लंबे समय से सक्रियता बनी हुई थी और आज मतदान के दिन यह उत्साह साफ तौर पर नजर आया।

मतदान के लिए पांच प्रकार के पहचान पत्रों को मान्यता दी गई है, जिनमें बार काउंसिल का पहचान पत्र, नामांकन प्रमाण पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट और मतदाता फोटो पहचान पत्र शामिल हैं। बिना मान्य पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को मतदान की अनुमति नहीं दी जा रही है।

यह भी पढ़ें- Punjab Weather: पंजाब में कैसा रहेगा आज का मौसम? 19 और 20 मार्च को ओलावृष्टि की आशंका, किसानों के लिए अलर्ट जारी

आज ही चंडीगढ़ भेजी जाएंगी मतपेटियां

प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अनुशासनहीनता या कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वकीलों से भी अपील की गई है कि वे भाईचारे और अनुशासन बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण तरीके से मतदान प्रक्रिया में भाग लें।

मतदान संपन्न होने के तुरंत बाद मतपेटियों और अन्य चुनाव सामग्री को कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच पंजाब एंड हरियाणा उच्च न्यायालय चंडीगढ़ भेजा जाएगा, जहां मतगणना की जाएगी। प्रशासन को उम्मीद है कि पूरे चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न होगी।

यह भी पढ़ें- 'मुफ्त बिजली और बेतहाशा दोहन ने पंजाब-हरियाणा को सुखाया', भूजल संकट पर पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने जताई गहरी चिंता