पटियाला में टोल बैरियर तोड़कर कर्मचारी को मारी टक्कर, बोनट पर घसीटता ले गया चालक; CCTV में कैद हुई घटना
पटियाला के धरेड़ी जट्टां टोल प्लाजा पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार कार ने बैरियर तोड़कर कर्मचारी को टक्कर मार दी ...और पढ़ें
HighLights
तेज रफ्तार कार ने टोल बैरियर तोड़ कर्मचारी को टक्कर मारी।
चालक कर्मचारी को बोनट पर घसीटकर मौके से फरार हो गया।
घायल कर्मचारी अमनदीप राजिंदरा अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती।
जागरण संवाददाता, पटियाला। पंजाब के पटियाला जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां धरेड़ी जट्टां टोल प्लाजा पर शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार गाड़ी ने टोल बैरियर को तोड़ते हुए ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी को जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भयानक थी कि कर्मचारी उछलकर सीधे गाड़ी के बोनट पर जा गिरा।
इसके बावजूद चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय अपनी रफ्तार और बढ़ा दी और कर्मचारी को कुछ दूर तक बोनट पर घसीटता हुआ ले गया। इसके बाद कर्मचारी सड़क पर नीचे गिर गया और चालक अपनी गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया।
यह भी पढ़ें- अमृतसर में एक्टिवा हटाने के विवाद में हुई फायरिंग, घर के बाहर युवक को मारी 6 गोलियां; अधिक खून बहने से हुई मौत
राजिंदरा अस्पताल में चल रहा इलाज
इस भीषण सड़क हादसे में टोल कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल कर्मचारी की पहचान अमनदीप के रूप में हुई है, जो कि गांव घुमाणा का रहने वाला है। घटना के तुरंत बाद अन्य कर्मचारियों और सहयोगियों ने उसे खून से लथपथ हालत में संभाला और तुरंत इलाज के लिए पटियाला के सरकारी राजिंदरा अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- परविंदर झोटा हत्याकांड मामले में CBI ने मानसा के मेडिकल स्टोर पर की छापेमारी, ड्रग्स तस्करी के एंगल से जांच जारी
यूनियन ने की सख्त कार्रवाई की मांग
घटना की सूचना मिलते ही पंजाब स्टेट टोल कर्मचारी यूनियन में रोष फैल गया है। यूनियन के प्रधान दर्शन सिंह लाडी ने इस पूरी घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी गाड़ी की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से भी अधिक थी। चालक ने बिना किसी ब्रेक के सीधे टोल बैरियर में टक्कर मार दी, जिसकी चपेट में वहां ड्यूटी दे रहा कर्मचारी आ गया।
यूनियन के प्रधान ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगालकर फरार चालक की जल्द से जल्द पहचान की जाए और उसे गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि टोल प्लाजा पर दिन-रात ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों की जान की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि इस तरह की आपराधिक और लापरवाह घटनाओं से बचा जा सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की छानबीन शुरू कर दी है।
