धान कटाई के बीच पंजाब में 5500 के पार पहुंचे पराली जलाने के मामले; 1,259 दर्ज हुईं FIR; फिरोजपुर सबसे आगे
पंजाब में पराली जलाने के 5,517 मामले दर्ज हुए हैं। पटियाला में 374 घटनाएं सामने आईं। प्रदेश में 85.90 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया, 37.55 लाख वसूले गए।

ये प्रतीकात्मक तस्वीर है।
HighLights
पंजाब में पराली जलाने के 5,517 मामले दर्ज।
पटियाला में 374 घटनाएं, प्रदेश में पांचवें स्थान पर।
1,259 FIRs और 85.90 लाख का जुर्माना।
जागरण संवाददाता, पटियाला। पंजाब में धान की कटाई के सीजन के दौरान पराली जलाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की 11 नवंबर तक की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश में पराली जलाने की कुल 5,517 घटनाएं दर्ज की गई हैं। इनमें पटियाला जिले में 374 मामले सामने आए हैं। घटनाओं के आंकड़ों के लिहाज से पटियाला प्रदेश में पांचवें स्थान पर है।
रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब में कुल 32.87 लाख हेक्टेयर धान क्षेत्र में से 96.65 प्रतिशत क्षेत्र में फसल की कटाई हो चुकी है। पराली जलाने की घटनाओं को लेकर प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।
पराली जलाने के मामलों में पर्यावरण मुआवजे के तहत कुल 85.90 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जिसमें से 37.55 लाख रुपये की वसूली की जा चुकी है। इसके अलावा 1,259 मामलों में एफआइआर दर्ज की गई है और 1,637 मामलों में राजस्व रिकार्ड में रेड एंट्री की गई है। अधिकारियों की ओर से 1,435 चेतावनी एवं कारण बताओ नोटिस भी जारी किए गए हैं।
यह भी पढ़ें- Punjab Weather: पश्चिमी विक्षोभ हुए एक्टिव, आज बारिश के बने आसार; हवा चलने से AQI में दिखा हल्का सुधार
पटियाला में 6.70 लाख का जुर्माना
पटियाला जिले की बात करें तो यहां कुल 2.314 लाख हेक्टेयर धान क्षेत्र में से 98 प्रतिशत फसल की कटाई हो चुकी है। जिले में पराली जलाने की 374 घटनाएं दर्ज की गई हैं।
पटियाला में पर्यावरण मुआवजे के तहत 6.70 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जबकि 2.60 लाख रुपये की वसूली की गई है। जिले में पराली जलाने के 153 मामलों में एफआइआर दर्ज हुई हैं और 120 मामलों में राजस्व रिकार्ड में रेड एंट्री की गई है। वहीं, चेतावनी और कारण बताओ नोटिस जारी करने के मामले में पटियाला जिले का आंकड़ा 390 है।
यह भी पढ़ें- देश की पहली डिजिटल जनगणना 2027, पंजाब में 16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन खुद भर सकेंगे जानकारी; जानें पूरी प्रक्रिया
इन जिलों में सबसे अधिक घटनाएं
पराली जलाने की घटनाओं में फिरोजपुर 728 मामलों के साथ पहले स्थान पर है। तरनतारन में 687, संगरूर में 628, बठिंडा में 499 और पटियाला में 374 घटनाएं दर्ज की गई हैं। इस तरह पटियाला प्रदेश के उन पांच जिलों में शामिल है, जहां पराली जलाने की घटनाओं का आंकड़ा सबसे अधिक है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।