देश की पहली डिजिटल जनगणना 2027, पंजाब में 16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन खुद भर सकेंगे जानकारी; जानें पूरी प्रक्रिया
भारत की पहली डिजिटल जनगणना के तहत 16 से 30 नवंबर तक नागरिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से घर बैठे खुद अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं।

ये प्रतीकात्मक तस्वीर है।
HighLights
भारत की पहली डिजिटल जनगणना की तैयारियां पटियाला में शुरू।
नागरिक 16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन जानकारी भरें।
स्व-गणना के लिए विशेष ऑनलाइन पोर्टल उपलब्ध कराया गया।
जागरण संवाददाता,पटियाला। भारत की पहली डिजिटल जनगणना को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेजी से शुरू हो गई हैं। पटियाला नगर निगम कमिश्नर पूजा स्याल ग्रेवाल ने सेल्फ इन्यूमरेशन की आधुनिक सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि भारत के नागरिक 16 से 30 नवंबर तक घर बैठे ही आनलाइन माध्यम से अपने परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारी दर्ज करवा सकेंगे।
जनगणना की संपूर्ण प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पहली बार इस डिजिटल तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। कमिश्नर पूजा स्याल ग्रेवाल ने बताया कि स्व-गणना के लिए विशेष आनलाइन पोर्टल https://se.census.gov.in तैयार किया गया है।
यह भी पढ़ें- छठ पर्व पर घर जाने वालों को राहत, पंजाब से 12 नवंबर को चलेंगी तीन स्पेशल ट्रेनें; देखें पूरा शेड्यूल
16 से 30 नवंबर तक दी गई सुविधा
नागरिक निर्धारित तिथियों के दौरान अपनी सुविधा अनुसार इस पोर्टल पर जाकर अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं। विवरण भरने के उपरांत पोर्टल द्वारा एक विशेष स्व-गणना आईडी जारी की जाएगी।
उन्होंने शहरवासियों को हिदायत दी कि इस आईडी को संभालकर रखा जाए और बाद में जब निगम या प्रशासन द्वारा तैनात सेंसस उद्देश्य के लिए इन्यूमरेटर सत्यापन (वेरिफिकेशन) के लिए घर-घर आएं, तो यह आइडी उनके साथ साझा की जाए। उन्होंने सभी शहरवासियों से इस राष्ट्रीय अभियान में पूर्ण सहयोग देने की अपील की।
यह भी पढ़ें- पंजाब में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, राजस्व विभाग ने जारी की 79 नायब तहसीलदारों के तबादलों की सूची
यह है स्वगणना का तरीका
- जनगणना की वेबसाइट https://se.census.gov.in पर क्लिक करें
- सबसे पहले अपने राज्य का चयन करें। स्क्रीन पर कैप्चा भरें
- स्क्रीन पर स्वागत संदेश आएगा। इसमें बताया जाएगा कि 15 से 20 मिनट का समय लगेगा
- सबसे पहले परिवार के मुखिया और मोबाइल नंबर का पंजीकरण करें। ई-मेल आइडी भी अंकित कर सकते हैं
- अपनी पसंद की भाषा का चयन करें। एक बार भाषा का चयन करने के बाद उसमें बदलाव नहीं हो सकता है
- आपके मोबाइल नंबर पर वन टाइम पासवर्ड आएगा
- जिला, पिनकोड, गांव या फिर शहर और क्षेत्र को भरें
- डिजिटल मैप पर लाल मार्कर से अपने मकान की सही लोकेशन का चयन करें
- मकान और परिवार से संबंधित 34 प्रश्न और छह अन्य प्रश्न होंगे। कुल 40 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे
- सभी प्रश्नों के उत्तर देने के बाद फार्म सबमिट कर दें
- 11 अंकों का स्वगणना पहचान संख्या (एसई आईडी) मोबाइल या फिर ई-मेल आईडी पर आएगी
- एसई आईडी की जानकारी सिर्फ सरकारी कर्मचारी को घर आने पर दें
यह भी पढ़ें- पंजाब के नगर निकाय कर्मचारियों के बकाये पर हाईकोर्ट सख्त, सरकार से मांगा GPF और रिटायरमेंट लाभ का पूरा हिसाब
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।