विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब के फाजिल्का में प्रवासी मजदूर पर चाकू से हमला, गर्दन पर लगे कई टांके

Published: Wed, 11 Nov 2026 08:18 PM (IST)

अबोहर में एक प्रवासी मजदूर दीप सिंह पर दिनदहाड़े चाकू से हमला किया गया, जिससे उसकी गर्दन पर गंभीर चोट आई और 8-9 टांके लगे।

पंजाब के फाजिल्का में प्रवासी मजदूर पर चाकू से हमला। फोटो जागरण

पंजाब के फाजिल्का में प्रवासी मजदूर पर चाकू से हमला। फोटो जागरण

HighLights

  1. अबोहर में प्रवासी मजदूर दीप सिंह पर चाकू से हमला।

  2. पत्नी से झगड़े के बाद घर बुलाकर गर्दन पर वार।

  3. गंभीर चोट के बाद 8-9 टांके लगे, आरोपी फरार।

संवाद सहयोगी, अबोहर (फाजिल्का)। बुधवार दोपहर थाना सिटी-2 क्षेत्र के अंतर्गत आते कोठी फैज युवक ने दिनदहाड़े प्रवासी मजदूर की गर्दन पर बड़े तेजधार चाकू से हमला कर दिया। हमले में मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गर्दन पर करीब 8 से 9 टांके लगाए। गनीमत रही कि चाकू का वार ज्यादा गहरा नहीं लगा, अन्यथा यह घटना जानलेवा साबित हो सकती थी। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया।

पत्नी से झगड़े की सूचना पर घर पहुंचा था मजदूर

जानकारी के अनुसार करीब 32 वर्षीय दीप सिंह पुत्र राम अवतार, मूल निवासी मध्य प्रदेश, कोठी फैज की गली नंबर 2 में अपनी पत्नी पूजा के साथ किराये के मकान में रहता है। वह श्रीगंगानगर रोड पर चुंगी के पास गोलगप्पे की रेहड़ी लगाकर परिवार का गुजारा करता है।

घायल के रिश्तेदारों के अनुसार बुधवार दोपहर दीप सिंह अपनी रेहड़ी पर काम कर रहा था, जबकि उसकी पत्नी घर में सफाई कर रही थी। इसी मकान में किराये पर रहने वाला एक युवक कथित तौर पर नशे की हालत में वहां पहुंचा और कमरे के बाहर सफाई करने को लेकर पूजा से झगड़ा करने लगा। परिजनों का आरोप है कि इस दौरान युवक ने पूजा के साथ मारपीट भी की।

स्कूटी से घर पहुंचते ही गर्दन पर किया वार

बताया जा रहा है कि पत्नी ने फोन कर दीप सिंह को झगड़े की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वह स्कूटी पर घर पहुंचा। आरोप है कि घर के बाहर पहले से मौजूद व्यक्ति ने अचानक उस पर बड़े तेजधार चाकू से हमला कर दिया। चाकू सीधे उसकी गर्दन पर लगा और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। परिजनों के मुताबिक आरोपित अक्सर नशे की हालत में उत्पात मचाता था।

घटना के बाद आसपास रहने वाले विक्की ने स्थानीय पार्षद को इसकी सूचना दी। इसके बाद घायल को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गर्दन पर 8 से 9 टांके लगाए। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उसकी हालत स्थिर है। जरूरत पड़ने पर उसे उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर किया जा सकता है। राहत की बात यह रही कि चाकू का वार अधिक गहरा नहीं था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।