पंजाब के 3 निकाय क्षेत्रों में सरकारी छुट्टी का एलान, 28 नवंबर को पटियाला-बाघापुराना और धर्मकोट बंद रहेंगे दफ्तर
नगर निकाय चुनावों के चलते 28 नवंबर को पटियाला, बाघापुराना और धर्मकोट के निकाय क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश घोषित हुआ है। मतदान के लिए सरकारी कर्मचारियों को विशेष छुट्टी मिलेगी।

ये AI जनरेटेड प्रतीकात्मक तस्वीर है।
HighLights
28 नवंबर को तीन निकाय क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश घोषित।
पटियाला, बाघापुराना, धर्मकोट में सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे।
निकाय चुनावों के लिए मतदाताओं को विशेष अवकाश मिलेगा।
डिजिटल डेस्क, पटियाला। पंजाब में नगर निकाय चुनावों को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सरकार ने 28 नवंबर, शनिवार, को तीन नगर निकाय क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। कार्मिक विभाग की ओर से जारी आधिकारिक अधिसूचना के मुताबिक, यह निर्णय नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट-1881 के तहत लिया गया है।
सरकार की ओर से जारी आदेशों के अनुसार, यह छुट्टी पटियाला नगर निगम, बाघापुराना नगर परिषद और धर्मकोट नगर परिषद के चुनावी क्षेत्रों में प्रभावी रहेगी। इन इलाकों में होने वाले आम और उपचुनाव के चलते मतदान के दिन सभी सरकारी दफ्तर, बोर्ड, कॉर्पोरेशन और शैक्षणिक संस्थान पूरी तरह बंद रहेंगे।
यह भी पढ़ें- पटियाला नगर निगम उपचुनाव: 'AAP' विधायक अको आचार संहिता उल्लंघन पर नोटिस, 24 घंटे में मांगा जवाब
52 वार्डों में होने हैं चुनाव
ये निकाय चुनाव पटियाला सहित कुल 52 वार्डों में होने जा रहे हैं।
पटियाला नगर निगम: 30 वार्ड
बाघापुराना नगर परिषद: 15 वार्ड
धर्मकोट नगर परिषद: 7 वार्ड
यह भी पढ़ें- पटियाला नगर निगम चुनाव: आम आदमी पार्टी ने जारी की 21 उम्मीदवारों की नई सूची, जानें किसे मिला मौका
मतदाता को विशेष अवकाश
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि इन तीन निकाय क्षेत्रों के पंजीकृत मतदाता किसी अन्य जिले या स्थान पर सरकारी नौकरी, बोर्ड, कॉर्पोरेशन अथवा शैक्षणिक संस्थानों में कार्यरत हैं, तो उन्हें मतदान के लिए विशेष अवकाश दिया जाएगा। इसके लिए कर्मचारियों को संबंधित अधिकारी के समक्ष अपना मतदाता पहचान पत्र दिखाना होगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि इस विशेष अवकाश को कर्मचारी के नियमित छुट्टी खाते से न काटा जाए।