विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

परिवहन मंत्री के हड़ताल खत्म करने के दावे पर अड़े कर्मचारी, लिखित आदेश मिलने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी

Published: Sat, 24 Oct 2026 01:30 PM (IST)

परिवहन मंत्री हरपाल चीमा के हड़ताल खत्म होने के दावे के विपरीत कर्मचारी लिखित आदेश मिलने तक आंदोलन जारी रखने पर अड़े हैं, जिससे स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

हड़ताल खत्म होने के बारे में जानकारी देते हुए हरपाल चीमा।

हड़ताल खत्म होने के बारे में जानकारी देते हुए हरपाल चीमा।

HighLights

  1. परिवहन मंत्री चीमा ने पटियाला PRTC हड़ताल समाप्त होने की घोषणा की।

  2. कर्मचारी लिखित आश्वासन मिलने तक आंदोलन जारी रखने पर अड़े।

  3. आउटसोर्सिंग खत्म करने, नियुक्ति पत्र देने का सरकार का वादा।

जागरण संवाददाता, पटियाला। PRTC, पनबस और पंजाब रोडवेज के कच्चे कर्मचारियों की हड़ताल के चौथे दिन पटियाला स्थित PRTC मुख्यालय में वित्त एवं परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक के बाद हड़ताल समाप्त होने को लेकर दोनों पक्षों के बयानों में अंतर सामने आया है।

कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि सरकार और कर्मचारियों के बीच मांगों को लेकर सहमति बन गई है और हड़ताल खत्म करवा दी गई है। उन्होंने भरोसा दिया कि आउटसोर्सिंग और ठेकेदारी व्यवस्था को समाप्त करने की दिशा में जरूरी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी और अगले सप्ताह नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें- वोटर लिस्ट में नाम है या नहीं? आज दोपहर 3 से 5 बजे तक पंजाब के हर मतदान केंद्रों पर मिलेगा जांच का मौका

दूसरी ओर, लिखित पत्र पर अड़े कर्मचारी

कर्मचारी प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उन्हें मांगें माने जाने के संबंध में लिखित पत्र नहीं मिलता, तब तक वे हड़ताल समाप्त नहीं करेंगे। इस कारण मंत्री की ओर से हड़ताल खत्म होने के ऐलान और कर्मचारियों की शर्त के बीच स्थिति स्पष्ट होना अभी बाकी है।

यह भी पढ़ें- पटियाला में टोल बैरियर तोड़कर कर्मचारी को मारी टक्कर, बोनट पर घसीटता ले गया चालक; CCTV में कैद हुई घटना

कर्मचारियों के खिलाफ दर्ज मामलों की होगी समीक्षा

मंत्री ने यह भी कहा कि संघर्ष के दौरान कर्मचारियों के खिलाफ दर्ज किए गए मामलों की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा विभागीय नियमों और अन्य लंबित मांगों पर विचार करने के लिए 29 अक्टूबर को अगली बैठक निर्धारित की गई है।

अब सभी की नजरें सरकार की ओर से लिखित आश्वासन जारी करने और कर्मचारी यूनियनों के अगले फैसले पर टिकी हैं। लिखित पत्र मिलने के बाद ही हड़ताल की स्थिति और बस सेवाओं की पूरी बहाली को लेकर स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।

यह भी पढ़ें- अमृतसर में एक्टिवा हटाने के विवाद में हुई फायरिंग, घर के बाहर युवक को मारी 6 गोलियां; अधिक खून बहने से हुई मौत