वोटर लिस्ट में नाम है या नहीं? आज दोपहर 3 से 5 बजे तक पंजाब के हर मतदान केंद्रों पर मिलेगा जांच का मौका
पंजाब के सभी मतदान केंद्रों पर आज दोपहर तीन से पांच बजे तक विशेष कैंप लगेंगे। मतदाता सूची में नाम, पता जांचने और नए वोट बनवाने का मौका मिलेगा।

ये प्रतीकात्मक तस्वीर है।
HighLights
मतदान केंद्रों पर आज विशेष शिविर आयोजित।
दोपहर 3 से 5 बजे तक मिलेगी सुविधा।
मतदाता सूची में नाम जांचें, सुधार करें।
डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब में आज मतदाताओं के लिए विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक लगने वाले इन शिविरों में लोग अपनी मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य मतदाताओं को घर के नजदीक ही वोट से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।
पंजाब की मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने मतदाताओं से शिविरों का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के तहत 12 अक्टूबर को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण जांचने के लिए लोग संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंच सकते हैं। यदि नाम नहीं है तो नए पंजीकरण के लिए आवेदन किया जा सकता है। इसके अलावा नाम, पता और अन्य मतदाता विवरण में गलती होने पर संशोधन करवाने की सुविधा भी मिलेगी।
यह भी पढ़ें- पटियाला में टोल बैरियर तोड़कर कर्मचारी को मारी टक्कर, बोनट पर घसीटता ले गया चालक; CCTV में कैद हुई घटना
युवाओं के लिए खास मौका
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आगामी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के तहत 1 जनवरी 2027 को पात्रता तिथि माना जाएगा। इस दिन या इससे पहले 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा फार्म नंबर छह भरकर मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- अमृतसर में एक्टिवा हटाने के विवाद में हुई फायरिंग, घर के बाहर युवक को मारी 6 गोलियां; अधिक खून बहने से हुई मौत
आगे यह रहेगा कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होगी। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज करवाई जा सकेंगी। अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित की जाएगी। जिन लोगों ने अभी तक वोट नहीं बनवाया है, जिनका नाम सूची में नहीं है या जिन्हें अपने मतदाता विवरण की जानकारी नहीं है, वे आज दोपहर 3 से 5 बजे के बीच अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर जानकारी लें और जरूरी आवेदन करें।
