पटियाला में नाबालिग के इनोवा दौड़ाने का Video वायरल, ट्रैफिक पुलिस आई हरकत में, माता-पिता पर होगी कार्रवाई
पटियाला में एक नाबालिग बच्चे द्वारा इनोवा कार चलाने का वीडियो वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस हरकत में आ ...और पढ़ें
HighLights
पटियाला में नाबालिग द्वारा तेज रफ्तार इनोवा चलाने का वीडियो वायरल।
ट्रैफिक पुलिस ने बच्चे की पहचान कर कार्रवाई शुरू की।
लापरवाही के लिए माता-पिता पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जागरण संवाददाता, पटियाला। पटियाला शहर में करीब 10 से 12 साल के एक बच्चे द्वारा इनोवा कार चलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस हरकत में आ गई है। वीडियो में बच्चा तेज रफ्तार और लापरवाही से कार चलाता दिखाई दे रहा है। इस तरह की ड्राइविंग से सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए ट्रैफिक पुलिस ने बच्चे की पहचान और उसके घर का पता लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। ट्रैफिक इंचार्ज तरसेम सिंह ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की ओर से मामले में जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस बच्चे की पहचान करने और उसके परिवार तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि बच्चे का पता लगने के बाद पुलिस उसके घर जाकर मामले की जांच करेगी और कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। बच्चे के माता-पिता के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- परविंदर झोटा हत्या मामले में CM मान सख्त, Video संदेश में बोले- मुख्य आरोपित गिरफ्तार, साजिश की भी होगी जांच
खतरनाक ड्राइविंग से हो सकता था बड़ा हादसा
तरसेम सिंह ने कहा कि वीडियो में जिस तरह बच्चा कार चलाता दिखाई दे रहा है, उससे किसी गंभीर सड़क हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। कम उम्र में बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि दूसरे लोगों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा है। राहत की बात यह है कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार इस घटना में किसी के जान गंवाने की सूचना नहीं है।
यह भी पढ़ें- फतेहाबाद की मीना कुमारी 10 साल से महिलाओं को दे रहीं शिक्षा की रोशनी, बीमारों को भी उपलब्ध कराती हैं भोजन
अभिभावकों से बच्चों को वाहन न देने की अपील
ट्रैफिक इंचार्ज ने अभिभावकों से अपील की कि वे 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। घर में वाहन की चाबी बच्चों की पहुंच से दूर रखें और इस बात का ध्यान रखें कि बच्चे बिना अनुमति कार या अन्य वाहन लेकर सड़क पर न निकलें।
उन्होंने कहा कि अभिभावकों की थोड़ी-सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है। ट्रैफिक पुलिस ऐसे मामलों को गंभीरता से लेती है और जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करेगी।
यह भी पढ़ें- परविंदर झोटा हत्याकांड के विरोध का समर्थन करेगी SGPC; कार्यालय और सभी संस्थान कल रहेंगे बंद
