विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

त्योहारी सीजन में सेहत से खिलवाड़! पटियाला में 1.25 क्विंटल पनीर जब्त, लैब रिपोर्ट के बाद होगी कानूनी कार्रवाई

Published: Sun, 11 Oct 2026 04:41 PM (IST)

त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग ने पटियाला की डेयरी पर छापा मारकर सवा क्विंटल संदिग्ध पनीर जब्त किया और गुणवत्ता जांच के लिए कुल पांच सैंपल भेजे।

पनीर व अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल के साथ सेहत विभाग की टीम।

पनीर व अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल के साथ सेहत विभाग की टीम।

HighLights

  1. पटियाला में 1.25 क्विंटल पनीर जब्त, जांच जारी।

  2. त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान तेज।

  3. उपभोक्ताओं को मिलावट से बचने के लिए सुझाव दिए गए।

जागरण संवाददाता, पटियाला। त्योहारों के सीजन में दूध और दूध से बने उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी के तहत पटियाला की फूड सेफ्टी टीम ने सुबह बीते शनिवार को गांव छतैड़ा स्थित पंजाब मिल्क डेयरी में जांच की। इस दौरान डेयरी परिसर से करीब 1.25 क्विंटल पनीर मिला।

टीम ने पनीर का एक सैंपल लेकर जांच के लिए लैब में भेजा, जबकि संदेह के आधार पर शेष पनीर के स्टाक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत अगली कार्रवाई तक जब्त कर लिया।

यह भी पढ़ें- कनाडा की PR का झांसा देकर पति से ठगी! NRI पत्नी समेत चार लोगों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज

घी का भी लिया सैंपल

जिला हेल्थ अफसर डाॅ.गुरप्रीत कौर ने बताया कि खाद्य सुरक्षा टीम ने समाना शहर में विभिन्न स्थानों पर भी जांच की। यहां से पनीर के तीन और घी का एक सैंपल लिया गया। इस तरह कुल पांच सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए बाजारों, डेयरियों और खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वाले प्रतिष्ठानों में जांच और सैंपल लेने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

विभाग ने खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई के उचित प्रबंध करने, खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने और उपभोक्ताओं को केवल सुरक्षित एवं मानक के अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने की अपील की है।

खरीदारी के समय रखें कुद बातों का ध्यान

त्योहारों के मौसम में मिठाइयों, दूध, पनीर, घी, खोया और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावट और खराब गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों से बचने के लिए उपभोक्ताओं को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। हमेशा साफ-सुथरी दुकानों से मिठाइयां खरीदें। खुले में रखी, मक्खियों से घिरी या धूल-मिट्टी के संपर्क में आने वाली मिठाइयों से बचें।

पनीर व खोया विश्वसनीय दुकानदार से ही खरीदें। इनके भंडारण और ठंडा रखने की व्यवस्था पर ध्यान दें। पैक बंद उत्पाद खरीदते समय सील, निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि, बैच नंबर और खाद्य सुरक्षा लाइसेंस संबंधी जानकारी जांचें। खाद्य पदार्थों की पैकिंग पर सामग्री, शाकाहारी या मांसाहारी चिह्न, निर्माता का नाम, तारीख और अन्य जरूरी विवरण देखें। एक्सपायरी या उपयोग की अंतिम तिथि निकल चुके उत्पाद न खरीदें।

यह भी पढ़ें- पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में सड़क हादसा, तेज रफ्तार गाड़ी की चपेट में आने से होमगार्ड की मौत

रंग वाली मिठाइयों से सतर्क रहें

अत्यधिक चमकीले रंग वाली मिठाइयों और खाद्य पदार्थों को लेकर सतर्क रहें। दूध, पनीर, खोया और क्रीम वाली मिठाइयों को उचित तापमान पर फ्रिज में रखें। खाद्य पदार्थ खरीदते समय बिल या रसीद लें और पैकेट की जानकारी सुरक्षित रखें। इससे शिकायत करने या संबंधित उत्पाद की पहचान करने में मदद मिलती है। किसी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता पर संदेह होने पर उसका सेवन न करें। संबंधित खाद्य सुरक्षा अधिकारी या विभाग के पास शिकायत दर्ज करवाएं।

यह भी पढ़ें- ताजपोशी के बाद एक्शन में परगट सिंह! बोले- पंजाब में तानाशाही के खिलाफ जारी रहेगा संघर्ष