कनाडा की PR का झांसा देकर पति से ठगी! NRI पत्नी समेत चार लोगों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज
कनाडा की पी.आर. दिलाने का झांसा देकर मोगा के युवक से धोखाधड़ी करने के आरोप में एन.आर.आई. पत्नी, सास, ससुर और एक रिश्तेदार समेत चार पर मामला दर्ज हुआ है।

ये AI जनरेटेड प्रतीकात्मक तस्वीर है।
HighLights
मोगा में एनआरआई पत्नी पर धोखाधड़ी का आरोप।
कनाडा पीआर दिलाने के नाम पर की गई ठगी।
पत्नी, माता-पिता और रिश्तेदार पर केस दर्ज।
संवाद सहयोगी, मोगा। पंजाब के मोगा जिले में विदेश भेजने और परमानेंट रेजिडेंसी दिलवाने के नाम पर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले की रहने वाली एक एन.आर.आई. युवती पर आरोप है कि उसने मोगा के एक युवक से शादी रचाई और फिर उसे विदेश का सपना दिखाकर बड़े स्तर पर ठगी को अंजाम दिया।
पीड़ित परिवार की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए थाना सिटी साउथ की पुलिस ने युवती, उसकी माता, पिता और एक अन्य रिश्तेदार समेत कुल चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शिकायत में बलदेव राज निवासी मोहल्ला सोढ़िया ने बताया कि उनके बेटे कपिल शर्मा का विवाह 20 नवंबर 2020 को प्रीती शर्मा के साथ हुआ था।
आरोपी युवती मूल रूप से मारकंडा जिला कुरुक्षेत्र हरियाणा की रहने वाली है और फिलहाल कनाडा में आबाद है। शादी के दौरान लड़की पक्ष की ओर से यह पूरा भरोसा दिलाया गया था कि वह शादी के बाद उनके बेटे को कनाडा की पी.आर. करवा देगी। इस शादी पर लड़के वाले परिवार द्वारा अपनी तरफ से सारा खर्च भी किया गया।
यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी पर लगा विराम? एक फ्रेम में दिखे चन्नी-वड़िंग और बाजवा
विदेश जाते ही बदली युवती
लेकिन शादी के बाद युवती प्रीती शर्मा, उसके पिता देसराज, माता हर्षलता और उनके रिश्तेदार चरणजीत शर्मा ने एक राय होकर साजिश रची और वादे के मुताबिक कपिल शर्मा को कनाडा की पी.आर. नहीं दिलवाई। जब पीड़ित परिवार ने इस बारे में उन लोगों से बातचीत करनी चाही, तो वे हमेशा टालमटोल की नीति अपनाने लगे और अपने वादों से मुकर गए। तंग आकर बलदेव राज ने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत जिला पुलिस प्रमुख को सौंपी।
यह भी पढ़ें- फरीदकोट में दिखा हाईवोल्टेज ड्रामा, चोरी की पिकअप रिकवर करने पहुंची पुलिस, आरोपी को अपनी पिस्तौल से लगी गोली
जांच के बाद मामला दर्ज
एसएसपी मोगा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच के आदेश दिए। सीनियर अधिकारियों द्वारा मामले की जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। प्रीती शर्मा, उसके पिता देसराज, माता हर्षलता और रिश्तेदार चरणजीत शर्मा के खिलाफ थाना सिटी साउथ मोगा में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है।
