विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में सड़क हादसा, तेज रफ्तार गाड़ी की चपेट में आने से होमगार्ड की मौत

Published: Sun, 11 Oct 2026 03:35 PM (GMT+05:30)Updated: Sun, 11 Oct 2026 03:51 PM (GMT+05:30)

फतेहगढ़ साहिब में सरहिंद नेशनल हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान एक होमगार्ड जवान सलामदीन की सड़क हादसे में मौत हो गई।

फतेहगढ़ साहिब: सरहिंद हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान होमगार्ड जवान की सड़क हादसे में मौत।

फतेहगढ़ साहिब: सरहिंद हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान होमगार्ड जवान की सड़क हादसे में मौत।

दीपक सूद, फतेहगढ़ साहिब। सरहिंद नेशनल हाईवे पर पढ़ते गांव पतारसी के नजदीक एक दर्दनाक सड़क हादसे में ड्यूटी के दौरान चेकिंग कर रहे होमगार्ड के जवान की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब पुलिस पार्टी वाहनों की जांच कर रही थी और एक वाहन ने होमगार्ड के जवान को कुचल दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना मूलेपुर की एक पुलिस पार्टी द्वारा 9 और 10 अक्टूबर की दरमियानी रात को सरहिंद नेशनल हाईवे पर पढ़ते गांव पतारसी के नजदीक नाकाबंदी की गई थी।

इस दौरान पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चैकिंग कर रही थी। राजपुरा की तरफ से आ रही महिंद्रा गाड़ी को नाके पर मौजूद होमगार्ड जवान सलामदीन (52) ने चेकिंग के लिए रुकने का इशारा किया। लेकिन गाड़ी के ड्राइवर ने रुकने के बजाय वाहन को बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए सीधे सलामदीन के ऊपर चढ़ा दिया।

इस भीषण टक्कर के कारण होमगार्ड जवान सलामदीन गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल फतेहगढ़ साहिब पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।मामले की जांच कर रहे सहायक थानेदार करनेल सिंह ने बताया कि थाना मूलेपुर में गाड़ी के अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस द्वारा अज्ञात चालक की तलाश तेजी से की जा रही है।दूसरी ओर, इस अचानक हुए हादसे से पूरे इलाके और विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। बीती देर शाम दिवंगत होमगार्ड जवान सलामदीन को उनके गांव नलीनी कलां में गमगीन माहौल के बीच सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।

इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके के लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने तथा आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।