विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पठानकोट में राशन डिपो पर बुजुर्ग से बदसलूकी का आरोप, थप्पड़ मारने का दावा; पुलिस ने शुरू की जांच

Published: Mon, 24 Aug 2026 05:23 PM (GMT+05:30)

पठानकोट में राशन की पर्ची कटवाने गए 70 वर्षीय बुजुर्ग ने डिपो संचालक और उसके बेटे पर मारपीट, गालीगलौज तथा धमकी देने के आरोप लगाए। पुलिस जांच कर रही है।

घटना की जानकारी देते हुए बुजुर्ग।

घटना की जानकारी देते हुए बुजुर्ग।

HighLights

  1. सुजानपुर राशन डिपो पर बुजुर्ग बचन लाल से मारपीट।

  2. डिपो संचालक पवन और बेटे प्रदीप सूरी पर आरोप।

  3. पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की।

संवाद सहयोगी, सुजानपुर। शहीद भगत सिंह नगर निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग बचन लाल के साथ राशन डिपो पर कथित तौर पर बदसलूकी, गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। बुजुर्ग ने डिपो संचालक पवन और उसके बेटे प्रदीप सूरी पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने मामले की लिखित शिकायत उपायुक्त पठानकोट सहित संबंधित अधिकारियों को देकर कार्रवाई की मांग की है।

बचन लाल के अनुसार, वह 17 अगस्त की शाम राशन की पर्ची कटवाने डिपो संचालक के पास गए थे। उन्हें अगले दिन सुबह आने के लिए कहा गया। 18 अगस्त की सुबह जब वह दोबारा पहुंचे तो उन्हें फिर शाम को आने के लिए कहा गया। बुजुर्ग ने संचालक से केवल इतना कहा कि यह उनका तीसरा चक्कर है। आरोप है कि इस बात पर संचालक भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा।

यह भी पढ़ें- फाजिल्का में रोडवेज कर्मचारियों का एलान, मांगें नहीं मानीं तो 26 अगस्त रुकेंगे बसों के चक्के

थप्पड़ पड़ते ही गिरे बुजुर्ग

शिकायतकर्ता का आरोप है कि विवाद के दौरान संचालक के बेटे प्रदीप सूरी ने उन्हें थप्पड़ मार दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गए। इसके बाद पवन ने भी उनके साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की। बुजुर्ग ने दावा किया कि घटना के समय वहां मौजूद अन्य उपभोक्ता भी प्रत्यक्षदर्शी हैं।

बचन लाल ने आरोप लगाया कि डिपो संचालक के पास तीन डिपो हैं और वह मनमानी करता है। उन्होंने उपायुक्त, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक और सुजानपुर थाना प्रभारी को शिकायत भेजकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़ें- बंदी सिखों की रिहाई के लिए 29 अगस्त को होगी विशेष अरदास, SGPC का बड़ा फैसला; ऐतिहासिक गुरुद्वारों व स्कूलों में होंगे समागम

पुलिस कर रही मामले की जांच

सुजानपुर थाना प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, डिपो संचालक पवन ने कहा कि उनके बेटे से गलती हुई है और वे अपनी गलती मानते हैं। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के बीच राजीनामे की बातचीत चल रही है।

यह भी पढ़ें- कबड्डी खिलाड़ी गुरजीत तूत की पत्नी को मिलेगी सरकारी नौकरी, CM भगवंत मान ने किया एलान