कबड्डी खिलाड़ी गुरजीत तूत की पत्नी को मिलेगी सरकारी नौकरी, CM भगवंत मान ने किया एलान
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दिवंगत कबड्डी खिलाड़ी गुरजीत सिंह तूत के परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की।

कबड्डी खिलाड़ी गुरजीत तूत के परिवार से मिले सीएम मान, पत्नी को सरकारी नौकरी का एलान
HighLights
मुख्यमंत्री मान ने गुरजीत तूत्त के परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की
दिवंगत खिलाड़ी की पत्नी को सरकारी नौकरी देने की घोषणा
फिरोजपुर के तूत्त गांव में शानदार खेल स्टेडियम बनेगा
जागरण संवाददाता, फिरोजपुर। पंजाब के होनहार कबड्डी खिलाड़ी गुरजीत सिंह तूत के निधन से परिवार को हुए दुख में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने उनके परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने गुरजीत सिंह तूत के परिवार के साथ दुख साझा करते हुए कहा कि उनके असमय निधन से पैदा हुई कमी को शब्दों में बयां करना बेहद मुश्किल है।
मुख्यमंत्री ने गुरजीत सिंह तूत की पत्नी को सरकारी नौकरी देने का भी एलान किया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार परिवार के साथ खड़ी है और हर संभव सहयोग किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने गुरजीत तूत की खेल प्रतिभा और पंजाब के लिए उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका नाम और योगदान लोगों के दिलों में हमेशा जिंदा रहेगा।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बताया कि गुरजीत तूत की खेल प्रतिभा को समर्पित करते हुए फिरोजपुर जिले के गांव तूत में एक शानदार खेल स्टेडियम का निर्माण करवाया जाएगा। इससे गांव और आसपास के क्षेत्र के युवाओं को खेलों के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी तथा नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी गुरजीत सिंह तूत का 12 अगस्त को निधन हो गया था। उनके निधन के बाद गांव में उनका अंतिम संस्कार किया गया था। गुरजीत तूत के निधन से कबड्डी जगत और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि सरकार की ओर से गुरजीत तूत के परिवार की सहायता के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।
