विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सरकारी जमीन के सौदे में 367 करोड़ की गड़बड़ी का आरोप, परगट सिंह ने पंजाब सरकार से मांगा जवाब

Published: Tue, 17 Nov 2026 02:17 PM (IST)

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोला और ...और पढ़ें

पठानकोट पहुंचे परगट सिंह कांग्रेस वर्कर व नेताओं से बातचीत करते हुए।

पठानकोट पहुंचे परगट सिंह कांग्रेस वर्कर व नेताओं से बातचीत करते हुए।

HighLights

  1. पंजाब में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर कांग्रेस ने घेरा।

  2. 367 करोड़ की सरकारी जमीन हस्तांतरण पर उठाए सवाल।

  3. 2027 में कांग्रेस सरकार बनने पर कानून व्यवस्था सुधारेंगे।

जागरण संवाददाता, पठानकोट। पंजाब में बढ़ते अपराध, हत्याओं और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार को निशाने पर लेते हुए आरोप लगाया कि पंजाब में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।

हालात इतने खराब हो गए हैं कि अब सड़क पर चलने वाला आम नागरिक भी खुद को सुरक्षित नहीं समझ रहा। आए दिन हत्याओं की घटनाएं सामने आ रही हैं और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, जबकि सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद मंगलवार को पहली बार पठानकोट पहुंचे परगट सिंह ने श्री रविदास मंदिर में माथा टेकने के बाद पत्रकारों से बातचीत में सरकार के खिलाफ तीखे तेवर दिखाए।

उन्होंने कहा कि पंजाब में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। सरकार लाचार नजर आ रही है और प्रदेश की जनता को भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है। जिस सरकार ने बदलाव और सुरक्षा के बड़े-बड़े वादे किए थे, आज उसी के शासन में लोग अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

परगट सिंह ने दो टूक कहा कि 2027 में पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनने पर सबसे पहले कानून व्यवस्था को पटरी पर लाया जाएगा। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और जनता के मन में बैठ चुके डर को खत्म करना प्राथमिकता होगी।

यह भी पढ़ें- सोनिया की किताब पढ़ भावुक हुए कैप्टन, गांधी परिवार से जुड़ी यादें हुईं ताजा; कांग्रेस में वापसी के अटकलों पर दिया जवाब

367 करोड़ की जमीन का मामला

पठानकोट जिले में 92 एकड़ सरकारी जमीन निजी लोगों को हस्तांतरित किए जाने का मुद्दा उठाते हुए परगट सिंह ने गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि इस जमीन की कीमत करीब 367 करोड़ रुपये बनती है। इतनी बड़ी सरकारी संपत्ति को निजी लोगों के हवाले किए जाने के मामले में सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने इस पूरे प्रकरण को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग उठाई।

दिल्ली से चल रही पंजाब की राजनीति

आम आदमी पार्टी पर राजनीतिक हमला बोलते हुए परगट सिंह ने कहा कि दिल्ली की जनता द्वारा नकारे गए लोग पंजाब पर राज कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी भाजपा की बी टीम के रूप में काम कर रही है।

मुख्यमंत्री की पीली पगड़ी को लेकर भी परगट सिंह ने तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि केवल पीली पगड़ी पहन लेने से कोई भगत सिंह नहीं बन सकता। भगत सिंह बनने के लिए उनके विचारों, सिद्धांतों और बलिदान की भावना को अपनाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि भगत सिंह के आदर्शों की बराबरी करना आसान नहीं है।

यह भी पढ़ें- '2027 गणतंत्र दिवस परेड में दिखेगी पंजाब की पारंपरिक बैलगाड़ी दौड़', मुख्यमंत्री मान ने किया झांकी के थीम का एलान

उम्मीदवारों के नाम जल्द घोषित करेगी कांग्रेस

2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर परगट सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत करने के साथ चुनावी रणनीति पर भी काम कर रही है।

इससे पहले परगट सिंह ने सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा, पूर्व विधायक अमित विज, पूर्व विधायक जोगिंदर पाल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष पन्ना लाल भाटिया और वरिष्ठ नेता श्रीजल गुप्ता के साथ चक्की पुल स्थित श्री रविदास मंदिर में माथा टेका। उन्होंने श्री श्री 108 स्वामी गुरदीप गिरी महाराज से आशीर्वाद भी प्राप्त किया।

यह भी पढ़ें- कनाडा में वाहन चोरी के अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश, 96 लग्जरी गाड़ियां बरामद; दो पंजाबी गिरफ्तार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।