कनाडा में वाहन चोरी के अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश, 96 लग्जरी गाड़ियां बरामद; दो पंजाबी गिरफ्तार
कनाडा के ब्रैम्पटन में पुलिस ने 'प्रोजेक्ट कैडेटा' के तहत अंतरराष्ट्रीय वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। 45 लाख ...और पढ़ें

कनाडा की पुलिस की तरफ से जब्त लग्जरी गाड़ियां।
HighLights
कनाडा में अंतरराष्ट्रीय वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश हुआ।
पुलिस ने 96 चोरी की महंगी गाड़ियां बरामद की हैं।
गिरोह के 12 सदस्य गिरफ्तार, दो पंजाबी युवक भी शामिल।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। कनाडा के ब्रैम्पटन में पील रीजनल पुलिस ने चोरी की महंगी गाड़ियों को विदेश भेजने वाले एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान करीब 45 लाख कनाडाई डॉलर मूल्य की 96 चोरी की गाड़ियां बरामद की हैं। मामले में 12 लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कुल 231 आरोप लगाए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपितों में पंजाब मूल के दो युवक भी शामिल हैं। पुलिस की जांच में सामने आया है कि गिरोह चोरी की गाड़ियों को शिपिंग कंटेनरों में छिपाकर कनाडा के बंदरगाहों के रास्ते पश्चिमी अफ्रीका भेजने की तैयारी कर रहा था।
पील रीजनल पुलिस ने इस पूरे अभियान को 'प्रोजेक्ट कैडेटा' नाम दिया था। इसकी शुरुआत मार्च 2026 में कनाडा बॉर्डर सर्विसेज एजेंसी के साथ मिलकर की गई थी। जांच की शुरुआत ब्रैम्पटन स्थित एक वेयरहाउस से हुई, जिसका इस्तेमाल चोरी की गाड़ियों को एकत्र करने और विदेश भेजने से पहले ठिकाने के रूप में किया जा रहा था। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को ग्रेटर टोरंटो एरिया और आसपास के इलाकों में फैले बड़े नेटवर्क का पता चला।
यह भी पढ़ें- कनाडा में दोस्ती के लिए दो पंजाबियों की गई जान, अब दोस्त शव भारत भेजने के लिए जुटा रहे फंड; टारगेट $40 हजार

पुलिस की तरफ से पकड़े गए आरोपी।
VIN नंबर से होती थी छेड़छाड़
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के पांच मुख्य सदस्य चोरी की गाड़ियों की व्यवस्था, उनकी आवाजाही और विदेशों में निर्यात का काम संभाल रहे थे। चोरी की गाड़ियां रिहायशी इलाकों के घरों के बाहर खड़ी ड्राइववे, पार्किंग स्थलों और कार डीलरशिप से उठाई जाती थीं। इसके बाद उनके व्हीकल आइडेंटिफिकेशन नंबर (VIN) में बदलाव कर उन्हें अलग-अलग स्थानों पर पहुंचाया जाता था। बाद में इन गाड़ियों को शिपिंग कंटेनरों में लोड कर दिया जाता था।
गिरफ्तार किए गए लोगों में ब्रैम्पटन निवासी 26 वर्षीय करमवीर सिंह और बिना स्थायी पते के रहने वाला 25 वर्षीय जसप्रीत सिंह भी शामिल हैं। इनके अलावा टोरंटो निवासी ओडेवाले अब्राहम, तोसिन ओयेबाडे, ओलुयेमी सोडाडे और ओलुवासेयी बामेके सहित अन्य आरोपितों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस ने गिरोह के पांच प्रमुख सदस्यों की पहचान की है।
पुलिस का एक्शन, गिरोह पर शिकंजा
पुलिस ने इस मामले में 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से नौ आरोपितों को भविष्य में अदालत में पेश होने की शर्त पर रिहा कर दिया गया, जबकि तीन को जमानत सुनवाई के लिए हिरासत में रखा गया था। बाद में उन्हें भी रिहा कर दिया गया। पुलिस ने दो अन्य संदिग्धों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए हैं। इनमें 32 वर्षीय स्टीवन ग्याम्फी और 16 वर्षीय एक नाबालिग शामिल है।
पील रीजनल पुलिस के डिप्टी चीफ निक मिलिनोविच के अनुसार, संगठित वाहन चोरी केवल संपत्ति से जुड़ा अपराध नहीं है, बल्कि इसके पीछे अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पील क्षेत्र में 2023 में वाहन चोरी की घटनाएं चरम पर थीं। इसके बाद पुलिस की कार्रवाई से इनमें 50प्रतिशत से अधिक की कमी आई है। वर्ष 2026 में भी अब तक पिछले वर्ष की तुलना में करीब 10 प्रतिशत गिरावट दर्ज की गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच अभी जारी है और आने वाले समय में और आरोप लगाए जा सकते हैं। सभी आरोपितों के खिलाफ लगाए गए आरोप अदालत में साबित होना बाकी हैं।
यह भी पढ़ें- पंजाब-कनाडा व्यापारिक सहयोग बढ़ाने पर सीएम भगवंत मान और ब्रिटिश कोलंबिया प्रीमियर की अहम बैठक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।