सोनिया की किताब पढ़ भावुक हुए कैप्टन, गांधी परिवार से जुड़ी यादें हुईं ताजा; कांग्रेस में वापसी के अटकलों पर दिया जवाब
सोनिया गांधी की आत्मकथा के विमोचन में पहुंचे कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भावुक होकर पुरानी यादें साझा कीं, साथ ही ...और पढ़ें

कार्यक्रम में पहुंचे कैप्टन अमरिंदर सिंह सोनिया गांधी के पास पहली पंक्ति में बैठे दिखे।
HighLights
कैप्टन अमरिंदर सिंह सोनिया गांधी की किताब पढ़कर भावुक हुए।
कांग्रेस में वापसी की अटकलों को कैप्टन ने सिरे से नकारा।
राहुल गांधी ने कैप्टन से जुड़ा पुराना किस्सा सुनाया।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग : अ जर्नी ऑफ लव' पढ़कर भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि किताब के कई प्रसंगों ने उन्हें पुराने दिनों की याद दिला दी। दिल्ली में किताब के विमोचन समारोह में कैप्टन की मौजूदगी और राहुल गांधी की ओर से उनका जिक्र किए जाने के बाद पंजाब की राजनीति में कांग्रेस में उनकी वापसी की चर्चाएं फिर शुरू हो गईं।
हालांकि, कैप्टन ने इन अटकलों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वह कांग्रेस में वापस नहीं जा रहे हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा-
सोनिया गांधी की किताब पढ़ ली है और इसे पिछले ही दिन पूरा किया है। किताब में सोनिया गांधी ने अपने दिल की बातें और जीवन के अनुभव साझा किए हैं। इसे पढ़ना भावनात्मक अनुभव रहा, क्योंकि मैं लंबे समय तक सोनिया गांधी के साथ कांग्रेस में रहा हूं।
सोनिया गांधी की किताब के विमोचन समारोह में कैप्टन अमरिंदर सिंह पहली पंक्ति में बैठे नजर आए। कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। कैप्टन ने पत्रकारों से बातचीत में किताब को बहुत अच्छा बताया और कहा कि सोनिया गांधी ने इसमें अपनी सोच और दिल की बातें साझा की हैं। वह लंबे समय तक उनके साथ पार्टी में रहे हैं, इसलिए किताब पढ़ते हुए कई पुरानी यादें ताजा हो गईं।
सोनिया गांधी ने भी कैप्टन के कार्यक्रमों में की थी शिरकत
कैप्टन ने सोनिया गांधी के कार्यक्रम में पहुंचने के पीछे किसी राजनीतिक मकसद से इन्कार किया। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने उन्हें व्यक्तिगत तौर पर किताब के विमोचन समारोह में आमंत्रित किया था। जब उन्होंने अपनी किताबों का विमोचन किया था तो सोनिया गांधी भी उनके कार्यक्रमों में शामिल हुई थीं। ऐसे में उनका निमंत्रण स्वीकार कर दिल्ली आना स्वाभाविक था।
कांग्रेस में दोबारा शामिल होने के बारे में सोच रहे हैं तो उन्होंने दोटूक कहा, 'नहीं, नहीं, बिल्कुल नहीं। सोनिया जी ने मुझे अपनी किताब के विमोचन समारोह में बुलाया था। मुझे यहां आकर बहुत खुशी हुई।' कांग्रेस में वापसी के विकल्प खुले होने के सवाल पर भी उन्होंने कहा कि आज का कार्यक्रम पूरी तरह किताब के विमोचन से जुड़ा है।
यह भी पढ़ें- 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस सक्रिय, मल्लिकार्जुन खरगे ने कल दिल्ली में बुलाई पंजाब सांसदों की बैठक
राहुल गांधी ने भी मंच से किया कैप्टन का जिक्र
समारोह के दौरान राहुल गांधी ने अपने माता-पिता राजीव गांधी और सोनिया गांधी से जुड़ा एक पुराना किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि बचपन में उन्होंने और प्रियंका गांधी ने अपने माता-पिता को जीवन में केवल एक बार बहस करते देखा था। उस समय राजीव गांधी फोन पर कैप्टन अमरिंदर सिंह से बात कर रहे थे।
राहुल के इस किस्से ने भी कार्यक्रम में कैप्टन की मौजूदगी को राजनीतिक चर्चा का विषय बना दिया। इससे पहले राहुल गांधी की ओर से कैप्टन की तारीफ किए जाने के बाद भी दोनों नेताओं के पुराने संबंधों को लेकर चर्चा हुई थी।
भाजपा में चार साल, लेकिन कुछ नहीं मिला
कैप्टन की कांग्रेस में वापसी की अटकलों की एक वजह भाजपा को लेकर उनके हालिया बयान भी हैं। उन्होंने कहा था कि भाजपा में आए उन्हें चार साल हो चुके हैं, लेकिन पार्टी में आकर उन्हें कुछ नहीं मिला। उनका मानना है कि भाजपा पंजाब को ठीक से नहीं समझती और उसे राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों को समझने के लिए अनुभवी नेताओं से सलाह लेनी चाहिए।
वह यह भी कह चुके हैं कि कांग्रेस हाईकमान के नेताओं के साथ उनके आज भी अच्छे व्यक्तिगत संबंध हैं। हालांकि, कैप्टन पहले स्पष्ट कर चुके हैं कि उनकी राजनीति अब भाजपा में ही है और वह कांग्रेस में नहीं जाएंगे।
ऐसे में सोनिया गांधी की किताब के विमोचन समारोह में कैप्टन की मौजूदगी, किताब को लेकर उनकी भावुक प्रतिक्रिया और राहुल गांधी की ओर से साझा किया गया पुराना किस्सा पंजाब की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, कैप्टन ने साफ कर दिया है कि गांधी परिवार के साथ उनके व्यक्तिगत संबंधों को कांग्रेस में वापसी के संकेत के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।