विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

4 नवंबर को पंजाब आएंगे राहुल गांधी, CM भगवंत मान के गढ़ से भरेंगे चुनावी हुंकार

Published: Sun, 25 Oct 2026 07:05 PM (IST)

राहुल गांधी 4 नवंबर को मुख्यमंत्री भगवंत मान के गृह जिले संगरूर से पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए चुनावी अभियान शुरू करेंगे।

राहुल गांधी। फाइल फोटो

राहुल गांधी। फाइल फोटो

HighLights

  1. राहुल गांधी 4 नवंबर को संगरूर से अभियान शुरू करेंगे।

  2. मुख्यमंत्री भगवंत मान का गृह जिला है संगरूर।

  3. 2027 पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए महत्वपूर्ण दौरा।

जागरण संवाददाता, जालंधर। कांग्रेस के सीनियर नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 4 नवंबर को मुख्यमंत्री भगवंत मान के गृह जिला संगरूर से पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए चुनावी अभियान का आगाज करेंगे।

मुख्यमंत्री का गृह जिला संगरूर लगातार चर्चा में है। गुलजार सिंह सुसाइड केस, मोहनजीत सिंह शेरो मामला संगरूर से संबंधित है और हाल ही में परविंदर सिंह झोटा कत्ल केस भी संगरूर से महज 50 किलोमीटर दूर मानसा से जुड़ा है। ऐसे में संगरूर से कांग्रेस के अभियान की शुरुआत को राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है।

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने कहा कि यह दौरा 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होगा। मालवा की धरती से चुनावी अभियान को नई दिशा और गति मिलेगी। मालवा पंजाब की राजनीति में अहम स्थान रखता है और यहां की सीटें चुनाव परिणामों में निर्णायक भूमिका निभाती हैं।

राहुल गांधी के दौरे को लेकर क्या बोले परगट सिंह

उन्होंने कहा कि संगरूर से अभियान शुरू करना पार्टी की रणनीति का अहम हिस्सा है। पार्टी का उद्देश्य जमीनी स्तर पर जनता से संपर्क मजबूत करना और पंजाब के लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाना है। संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना और जनता की समस्याओं पर लगातार आवाज उठाना प्रमुख प्राथमिकता रहेगी।

परगट सिंह ने कहा कि राहुल गांधी का यह दौरा नेताओं और कार्यकर्ताओं को मिशन 2027 के लिए पूरी तरह तैयार रहने का संदेश देगा और सभी को एकजुट होकर चुनावी तैयारियों में जुटने के लिए प्रेरित करेगा।