2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस सक्रिय, मल्लिकार्जुन खरगे ने कल दिल्ली में बुलाई पंजाब सांसदों की बैठक
कांग्रेस हाईकमान ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर शनिवार को दिल्ली में पार्टी के सभी सांसदों की अहम बैठक बुलाई है।

राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे की पुरानी तस्वीर।
HighLights
खरगे ने पंजाब कांग्रेस सांसदों की बैठक बुलाई।
2027 विधानसभा चुनाव रणनीति पर होगी चर्चा।
राहुल गांधी की रैली की तैयारियों पर मंथन।
डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस हाईकमान ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को दिल्ली में पंजाब कांग्रेस के सभी सांसदों की अहम बैठक बुलाई है।
बैठक में शामिल होने के लिए पंजाब के सभी कांग्रेस सांसदों को निर्देश दिए गए हैं। शनिवार सुबह 11 बजे होने वाली इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, पार्टी की संगठनात्मक तैयारियों और पंजाब में कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति को लेकर चर्चा होने की संभावना है।
जानकारी के अनुसार, बैठक में पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, पूर्व मुख्यमंत्री एवं जालंधर के सांसद चरणजीत सिंह चन्नी, डॉ. अमर सिंह, डॉ. सुखजिंदर सिंह रंधावा सहित पंजाब के अन्य कांग्रेस सांसदों के शामिल होने की उम्मीद है। हाईकमान की ओर से बुलाई गई इस बैठक को पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें- 2030 हॉकी विश्व कप की मेजबानी के लिए पंजाब, ओडिसा और तमिलनाडु सबसे आगे, जल्द हो सकता है फैसला
'वोट बचाओ, देश बचाओ' रैली को लेकर भी मंथन
अन्य राज्यों के सांसदों के साथ भी कांग्रेस सहायक कमान की बैठक होगी। जिसमें एक नवंबर को दिल्ली में होने वाली कांग्रेस की 'वोट बचाओ, देश बचाओ' रैली को लेकर भी मंथन होगा। पंजाब में होने वाली राहुल गांधी की रैली को देखते हुए पंजाब कांग्रेस के नेताओं को इस रैली में शामिल होने से अभी तक छूट दी गई है। 4 नवंबर को संगरूर में राहुल गांधी की होने वाली रैली को लेकर भी बैठक में चर्चा होगी।
रैली में पंजाब से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ ही इसकी तैयारियों पर चर्चा की जा सकती है। इसके अलावा पंजाब में पार्टी को मजबूत करने, नेताओं के बीच तालमेल और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर भी विचार-विमर्श होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- जालंधर बाईपास पर डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा का शीशा तीसरी बार तोड़ा, इलाके में तनाव का माहौल; मौके पर पहुंची पुलिस
आप भी चुनावी रणनीति बनाने में जुटी
उल्लेखनीय है कि आम आदमी पार्टी की ओर से भी शुक्रवार को दिल्ली में अहम बैठक बुलाई गई है। इसमें पंजाब के नेताओं के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और रणनीति पर चर्चा होनी है। ऐसे में पंजाब में सत्ता हासिल करने की कोशिश में जुटी कांग्रेस और सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी दोनों ने ही चुनाव को लेकर अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं।
